भारतीय यात्री अब पुरानी ट्रेवल प्लानिंग से आगे बढ़कर ऐसे अनुभवों की तलाश कर रहे हैं जो उन्हें मानसिक शांति, व्यक्तिगत विकास, स्वास्थ्य, प्रकृति और स्थानीय संस्कृति से जोड़ सकें. गूगल ट्रेंड्स की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय यात्रियों की पसंद तेजी से बदली है. 2026 में लोग अब सिर्फ पर्यटन स्थलों की जानकारी नहीं, बल्कि वेलनेस ट्रिप, सोलो ट्रैवल, स्लो ट्रैवल, साइलेंट रिट्रीट और हिडन डेस्टिनेशन जैसी यात्राओं की तलाश कर रहे हैं. 'वेलनेस ट्रैवल इंडिया' की सर्च में 1600 प्रतिशत और 'फिटनेस ट्रिप' की सर्चिंग में 950 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. वहीं AI आधारित ट्रैवल प्लानिंग भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है.
वेलनेस और फिटनेस ट्रैवल का बढ़ा क्रेज, स्लो ट्रैवल और साइलेंट रिट्रीट भी सर्च में
गूगल ट्रेंड्स के अनुसार स्वास्थ्य और मानसिक शांति से जुड़ी यात्राओं में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है. 'Wellness Travel India' से जुड़ी खोजों में 1600 प्रतिशत का उछाल देखा गया है. जबकि 'Fitness Trip' की खोज 950 प्रतिशत बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक लोग अब छुट्टियों को सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक संतुलन से भी जोड़कर देखने लगे हैं. लोगों में भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर रहने की इच्छा भी बढ़ी है.
यह आंकड़ें दर्शाते हैं कि यात्री कम समय में ज्यादा जगहें देखने के बजाय किसी स्थान को गहराई से समझने और अनुभव करने में रुचि दिखा रहे हैं.
सोलो ट्रैवल के साथ-साथ एडवेंचर और अनदेखी जगह भी सर्च में
रिपोर्ट के अनुसार 'Solo Travel Guide', 'Best Places to Travel Solo' और 'Solo Travel Cost India' जैसी सर्च 2026 के प्रमुख ट्रेंड्स में शामिल रहीं. वहीं 'Travel Community" से जुड़ी खोजों में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिससे पता चलता है कि यात्री समान रुचियों वाले लोगों से जुड़ना भी चाहते हैं.
'Hiking Trails Near Me' और 'Music Festival Travel' जैसी सर्च तेजी से बढ़ीं. वहीं 'Hidden Gems India' की सर्च में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
छोटे ट्रिप्स की बढ़ी मांग, ट्रैवल प्लानिंग में AI की बढ़ती भूमिका
घरेलू पर्यटकों के बीच छोटी अवधि की यात्राएं भी लोकप्रिय रहीं. 'Weekend Getaways Near Me' और 'Long Weekend Travel' जैसे टॉपिक में लगातार इंस्ट्रेस्ट बना रहा. वहीं '1 Day Trip Near Me' की खोज में 130 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. इस श्रेणी में महाराष्ट्र देशभर में सबसे आगे रहा.
'Best Pet Friendly Hotels', 'Affordable Homestay' और 'Family Friendly Destinations' जैसी सर्च बढ़ गई हैं. 'AI for Travel' की सर्च में पिछले एक वर्ष के दौरान 600 प्रतिशत की वृद्धि हुई. रिपोर्ट के अनुसार लोग सोशल मीडिया पर देखे गए ट्रैवल आइडिया को वास्तविक यात्रा कार्यक्रम में बदलने, डेस्टिनेशन चुनने और नई जगहों पर नेविगेशन के लिए एआई आधारित टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें : AI बना फरिश्ता; 2.5 साल बाद पति से हुई मुलाकात, गूगल सर्च और ChatGPT से 45 वर्षीय महिला की घर वापसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं