- ChatGPT ने कर दिया कमाल, ढाई साल बाद परिवार से मिली बिछड़ी महिला
- Google Search और AI की मदद से परिवार से दोबारा मिली जुलेखा शेख
- महाराष्ट्र में तकनीक का चमत्कार, 45 वर्षीय महिला की घर वापसी
महाराष्ट्र में मानसिक रूप से परेशान घर से भटक गई 45 वर्षीय जुलेखा मुखीद शेख को AI तकनीक की मदद से उनके परिवार से मिलवा दिया गया है. सिंधुदुर्ग के एक आश्रम में रह रही महिला के बारे में सुराग जुटाने के लिए सामाजिक संस्था के कार्यकर्ताओं ने लगातार बातचीत की और फिर गूगल सर्च (Google Search) और चैटजीपीटी (ChatGPT) जैसे डिजिटल टूल्स का इस्तेमाल किया. इसके बाद परभणी में रहने वाले उनके परिजनों का पता लगाया गया. लंबे इंतजार के बाद पति स्वयं आश्रम पहुंचे और पत्नी को अपने साथ घर ले गए.
2024 से आश्रम में रह रही थीं जुलेखा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कोलाबा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जुलेखा मुखीद शेख को 3 अप्रैल 2024 को सिंधुदुर्ग जिले के पांडुर स्थित संविता आश्रम में भेजा गया था. यह कार्रवाई मुंबई के कुर्ला स्थित महानगरीय मजिस्ट्रेट अदालत के आदेश पर की गई थी. कोलाबा पुलिस और चेंबूर स्थित सरकारी महिला भिक्षुक गृह के एक परिवीक्षा अधिकारी के अनुरोध के बाद उन्हें आश्रम में रखा गया था.
कैसे शुरु हुई परिवार से मिलाने की पहल?
जुलेखा के परिवार का पता लगाने की कोशिश उस समय तेज हुई जब जीवन आनंद संस्था के ट्रस्टी किसान चौरे और उनकी टीम ने नियमित रूप से उनसे बातचीत शुरू की. संस्था के सदस्यों ने महिला से उसके गांव, परिवार और पुराने जीवन से जुड़ी छोटी-छोटी जानकारियां जुटाईं. इन्हीं संकेतों को आधार बनाकर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खोज शुरू की गई.
गूगल सर्च और चैटजीपीटी की मदद से गांव तक पहुंचे
संस्था ने गूगल सर्च और चैटजीपीटी जैसे डिजिटल एआई टूल्स का उपयोग कर महिला के बताए गए सुरागों की पड़ताल की. जांच के दौरान उसके मूल गांव और परिवार तक पहुंचने के संकेत मिले. इसके बाद परभणी की निर्भया पुलिस स्क्वॉड की मदद से परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया. पहचान की पुष्टि होने के बाद परिवार और महिला के बीच फोन पर बातचीत कराई गई.
जीवन आनंद संस्था के ट्रस्टी किसान चौरे ने कहा कि लगातार संवाद और आधुनिक तकनीक के संयोजन से यह संभव हो पाया. उन्होंने कहा, 'Google और एआई जैसे डिजिटल टूल्स के साथ धैर्यपूर्वक बातचीत कर हम उनकी जड़ों तक पहुंच सके और परभणी की निर्भया पुलिस टीम के सहयोग से उन्हें परिवार से मिलाने में सफलता मिली.'
यह भी पढ़ें : AI ने लड़की को दी दवा की खुराक कम करने की सलाह, हो गई मौत, परिवार ने ChatGPT पर ठोका मुकदमा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं