महाराष्ट्र के साथ-साथ पूरे देश में इन दिनों गणपति पूजा की धूम है. जगह-जगह विशाल पंडालों में गणपति की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जा रही है. लोग घरों में भी गणपति बप्पा की प्रतिमा को स्थापित कर पूजा कर रहे हैं. वहीं कई जगहों से विसर्जन की भी शुरुआत हो गई है. लेकिन गजानन की पूजा भारत तक में ही सीमित नहीं है. अमेरिका अन्य दूसरे देशों में भी भारत जैसे पांरपरिक हर्षोल्लास के साथ भगवान गणेश की पूजा अर्चना की जा रही है. अमेरिका के पेनसिल्वेनिया के डाउनिंगटाउन में भी अनुठे अंदाज में गणपति की पूजा-अर्चना की जा रही है. यहां 'डाउनिंगटाउन चा राजा' के नाम पर स्थापित गजानन की अनोखे थीम से पूजा-अर्चना की जा रही है.
डाउनिंगटाउन चा राजा की खास थीम से हुई सजावट
मिली जानकारी के अनुसार अमेरिका के पेनसिल्वेनिया के डाउनिंगटाउन में चिंताले परिवार इस गणेशोत्सव के आयोजन में अहम भूमिका में है. उनके घर विराजमान गणपति बप्पा को प्यार से ‘Downingtown Cha Raja' नाम दिया गया है. इस वर्ष सजावट की खास थीम थी- ‘Stranger Things with Bappa', जिसमें आधुनिक थीम, आकर्षक रोशनी और गणेश भक्ति का खूबसूरत संगम देखने को मिल रहा है.

हर साल सैकड़ों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं
परिवार के अनुसार इस गणेशोत्सव में हर वर्ष आसपास के लगभग 500–600 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. लोगों का कहना है कि अमेरिका में रहते हुए भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का यह एक सुंदर प्रयास है. गणपति स्थापना, आकर्षक सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन, आरती, प्रसाद और विसर्जन जैसे पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ इस उत्सव को पूरे उत्साह से मनाया जाता है.
आधुनिकता के साथ-साथ भारतीय परंपराओं का भी संगम
खासतौर पर बच्चों और युवा पीढ़ी को भारतीय त्योहारों और परंपराओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाता है. विदेश की धरती पर भी ‘गणपति बप्पा मोरया' की गूंज के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने वाला यह उत्सव बन चुका है. जो आधुनिकता के साथ भारतीय परंपराओं को जोड़ते हुए सैकड़ों श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है.
यह भी पढ़ें - जब गणेश बने विनायकी, खदिर गणेश और महाविनायक, ओडिशा में गणेश पूजा की अनोखी परंपरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं