विज्ञापन

बप्पा को सजाने के लिए पूरे पंडाल में लगाए ₹2.90 करोड़ के असली नोट, तेलंगाना का यह वीडियो जमकर हो रहा है वायरल

पिछले साल यहां गणपति की मूर्ति को 1 करोड़ 10 लाख रुपये के नोटों से सजाया गया था, लेकिन इस बार ये आकंड़ा लगभग तीन गुना बढ़ गया है.

बप्पा को सजाने के लिए पूरे पंडाल में लगाए ₹2.90 करोड़ के असली नोट, तेलंगाना का यह वीडियो जमकर हो रहा है वायरल
फूलों के बजाय नोटों से सजे गणपति की तस्वीर.
NDTV Reporter

Viral Video: तेलंगाना की 'पॉवर सिटी' कहे जाने वाले पालवंचा शहर में इस बार गणेश चतुर्थी पर भव्य नजारा देखने को मिला. यहां दो अलग-अलग गणेश पंडालों में भगवान गणेश की मूर्तियों को एक या दो लाख नहीं, बल्कि पूरे 2 करोड़ 90 लाख रुपये के असली नोटों से सजाया गया. जैसे ही खबर वायरल हुई तो नोटों से सजे बप्पा की अद्भुत झलक पाने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालुओं की भीड़ पंडाल पहुंच गई.

किसने की कितनी सजावट?

ये महंगी सजावट दो अलग-अलग आयोजकों ने मिलकर करवाई है. इसमें से एक कापू समुदाय ने भगवान गणेश के पंडाल को 1.40 करोड़ रुपये के नोटों से सजाया है. वहीं, युवाओं के संगठन 'टीम एकदंत' ने 1.50 करोड़ रुपये के नए नोटों से दूसरी मूर्ति का श्रृंगार करवाया है.

कहां से आए इतने सारे नए नोट?

आयोजकों के मुताबिक, इस भव्य सजावट के लिए स्थानीय व्यापारियों ने चंदा इकट्ठा किया था और उनकी मदद की थी. इसके बाद बैंकों की मदद से इन पैसों के बदले बिल्कुल नए और फ्रेश करेंसी नोट हासिल किए गए. 

गजपति थीम बनी आकर्षण का केंद्र

पैसों की इस अनोखी सजावट के साथ-साथ पंडालों की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए खास थीम भी तैयार की गई है. इस बार यहां एक भव्य गजपति थीम वाला डिस्प्ले तैयार किया गया है, जो आने वाले हर श्रद्धालु का मन मोह रहा हैण् भारी सुरक्षा और भव्यता के बीच चल रहे इस उत्सव ने पूरे इलाके में त्योहार का उत्साह दोगुना कर दिया है.

हर साल बड़ी होती जा रही परंपरा

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब पालवंचा के गणेश पंडाल की ऐसी आलीशान सजावट देखने को मिली हो. इससे पहले साल 2023 में भी एक गणपति पंडाल को सजाने के लिए पूरे 1 करोड़ रुपये के नोटों का इस्तेमाल किया गया था. पालवंचा शहर में नोटों से बप्पा का श्रृंगार करने की यह परंपरा अब हर साल और बड़ी होती जा रही है.

पिछले साल भी बना था रिकॉर्ड

अगर बीते साल की बात करें, तो 2024 में भी यहां कापू संघम गणेश उत्सव समिति ने अंबेडकर सेंटर में गणेश जी की मूर्ति और पूरे मंडप को 1.10 करोड़ रुपये के नए नोटों से सजाया था. उस दौरान 500, 200 और 100 रुपये के नोटों को बेहद खूबसूरती से मोड़कर फूलों के डिजाइन बनाए गए थे और मूर्ति को नोटों की एक बहुत बड़ी माला भी पहनाई गई थी. ठीक इसी तरह, पालवंचा में ही मोर सुपरमार्केट के पास भी कापू संघम की तरफ से आयोजित एक अन्य गणेश मंडप को 1.50 करोड़ रुपये के नोटों से चमकाया गया था.

28 सालों से बप्पा की सेवा में जुटा समूह

बताते चलें कि अंबेडकर सेंटर में इस भव्य आयोजन को करने वाले कापू समुदाय के इस समूह का बप्पा से नाता बहुत पुराना है. यह समर्पित समूह पिछले 28 सालों से लगातार इसी अंबेडकर सेंटर में पूरी श्रद्धा के साथ गणेश जी की मूर्ति स्थापित करता आ रहा है. सालों पुरानी इसी परंपरा और हर बार कुछ नया करने की चाह ने आज पालवंचा के गणेश उत्सव को पूरे देश में एक अलग पहचान दिला दी है.

ये भी पढ़ें:- 'लगा जैसे जिंदगी पॉज हो गई है', बाली में 2 महीने गुजारने वाले भारतीय ने बताया पहला एक्सपीरियंस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganesh Chaturthi 2026, Telangana, Ganesh Decoration, Viral Video, Ganesh Utsav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com