जापान में जारी एशियन खेलों में भारतीय महिला टीम ने पहला गोल्ड दिलाया, तो फैंस की नजर अब पुरुष क्रिकेट टीम पर लगी है. उधर, भारत इतर क्रिकेट की 'बाहरी दुनिया' में भी कमाल हो रहा है. मंगलवार को इंग्लिश बल्लेबाज जो. रूट ने बड़ी उपलब्धि हासिल की. और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 23,000 रनों का आंकड़ा छू लिया. वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले इंग्लैंड के पहले और इतिहास में कुल 8वें बल्लेबाज बन गए हैं. रूट ने अपनी 521वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया और सबसे तेजी से ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए. उन्होंने रिकॉर्ड बुक में सचिन तेंदुलकर (522 पारियां) को पीछे छोड़ दिया। विराट कोहली के नाम यह रिकॉर्ड (490 पारियां) दर्ज है.
इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बने रूट
इस मुकाम तक पहुंचने के लिए रूट को सिर्फ तीन रनों की दरकार थी, जिसे उन्होंने कलाई के सहारे एक शानदार चौका लगाकर हासिल कर लिया. इसी के साथ रूट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 23,000 रन बनाने वाले दुनिया के आठवें और इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उनके अलावा भारत के सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़, श्रीलंका के कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग तथा दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस ही इस सूची में शामिल हैं.
हाल ही में तोड़ा था अर्द्धशतक का रिकॉर्ड
रूट इससे पहले भी कई रिकॉर्ड बुक्स में विशेष रूप से टेस्ट क्रिकेट में, तेंदुलकर को पीछे छोड़ चुके हैं. हाल ही में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक बनाने का भारतीय दिग्गज का रिकॉर्ड तोड़ा था. बहरहाल, क्रिकेट जगत का ध्यान मुख्य रूप से इस बात पर है कि क्या रूट टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे. फिलहाल, रूट (14,278 रन) इस सूची में तेंदुलकर (15,921 रन) से 1,643 रन पीछे हैं.
तेंदुलकर से सिर्फ 21 टेस्ट मैच पीछे
इस साल दिसंबर में 36 साल के होने जा रहे रूट के खेल में धीमी गति के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. वह तेंदुलकर के सबसे अधिक टेस्ट मैच खेलने के रिकॉर्ड (200 मैच) से भी केवल 31 टेस्ट पीछे हैं. हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में रूट की महानता को सभी स्वीकार करते हैं, लेकिन उनका बेहतरीन वनडे करियर अक्सर नजरअंदाज हो जाता है. वास्तव में, वर्तमान में वनडे क्रिकेट में रूट का औसत उनके टेस्ट औसत से भी अधिक है. इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच पहले वनडे से पहले, रूट ने वनडे क्रिकेट में 51 से अधिक के औसत और 20 शतकों के साथ 7,826 रन बनाए थे। वह इस प्रारूप में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं