- आजमगढ़ में पत्नी, दो पंडितों और बेटे की हत्या की घटना में गुस्से की वजह पुरानी रंजिश थी.
- अरविंद के बड़े भाई सुनील की हत्या 2019 में उसके चचेरे भाइयों मनीष और अवनीश ने की थी.
- पत्नी को गोली मारने से पहले अरविंद ने कहा था- तेरे चक्कर में भाई की हत्या हुई और तू ड्रामा कर रही है.
आजमगढ़ में पत्नी, दो पंडित और बेटे की हत्या करने वाला अरविंद सिंह आखिर किस बात को लेकर इतना गुस्सा था, इसकी जानकारी अब सामने आ गई है. ग्राउंड जीरो पर पहुंची NDTV की टीम ने अरविंद की मां, उसके पड़ोसी, रिश्तेदार और अन्य स्थानीय लोगों से बातचीत की. इस बातचीत में कत्लेआम से जुड़ी कई कड़ियां मिलीं. लोगों ने बताया कि अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की 2019 में हत्या कर दी गई थी. सुनील की हत्या का आरोप उसके चचेरे भाई मनीष और अवनीश पर लगा था. इस केस में दोनों भाई जेल भी गए. लोगों ने बताया कि मनीष और अवनीष अभी डेढ़ महीने पहले ही जेल से निकला था. जिसके बाद अरविंद का परिवार और परेशान हो गया था.
अरविंद के भाई सुनील के साले ने बताई विवाद की जड़
अरविंद के भाई सुनील के साले सूरज से एनडीटीवी ने बातचीत की. सूरज ने इस पूरे मामले की जड़ के बारे में भी बताया. सूरज की माने तो इस विवाद कि बबीता का मनीष के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. इस बात की जानकारी होने पर सुनील सिंह ने उसके ऊपर चोरी, छिनतई, छेड़खानी सहित कई प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस मामले में कोर्ट से मनीष और अवनीश को 20 साल की सजा हो गई थी. 2019 में मनीष और अवनीश जमानत पर बाहर निकला और सुनील सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी.

2019 में मारे गए भाई सुनील की आत्मा कर रही परेशान
इसके बाद वह हत्या के आरोप में जेल चला गया. जेल से दोनों भाई लगभग डेढ़ माह पूर्व ही छूटे थे. परिवार के लोग काफी परेशान रहते थे. तो अरविंद सिंह की पत्नी बबीता और उसकी मां ने पंडितों से बात की. पंडितों ने बताया कि सुनील सिंह की आत्मा उन्हें परेशान कर रही है. इस पर अरविंद की मां और पत्नी ने मिलकर पंडितों को 5 दिनों के महामृत्युजंय जाप के लिए बुलाया था.
अरविंद पूजा-पाठ का कर रहा था विरोध
मंगलवार को महामृत्युजंय जाप का चौथा दिन था. अरविंद शुरू से इस पूजा का विरोध कर रहा था. उसने पंडितों को अगले दिन न आने की चेतावनी दी थी. लेकिन, मंगलवार की शाम को जब वह बाजार से घर पहुंचा तो पूजा पाठ होते देख उसका पारा चढ़ गया. उसने पंडितों को गालियां दी और उनका आधार कार्ड मांगा.
तेरे चक्कर में भाई की हत्या हुई और तू ड्रामा कर रही है... बोलते हुए चलाई गोलियां
इस पर उसकी पत्नी ने विरोध किया. जिसके बाद अरविंद का पारा और चढ़ गया. उसने गाली देते हुए कहा कि तेरे चक्कर में मेरे भाई की हत्या हो गई और तुम ड्रामा कर रही है. फिर उसने पिस्टल निकाली और गोली मार दी. यह भी पता चला कि पिस्टल अरविंद के भाई सुनील की थी. जिसकी 2019 में साल पहले हत्या हुई थी.

अरविंद की मां ने बताया- उस समय क्या कुछ हुआ?
अरविंद की मां ने भरे गले से बताया कि मंगलवार शाम को घर में महामृत्युंजय का जाप चल रही थी. मंगलवार को पूजा का चौथा दिन था. पंडित पूजा कर रहे थे तभी बेटा वहां पहुंचा और बोला कि अपना पहचान पत्र दिखाओ. पंडितों ने कहा कि क्या तुम हमको पहचान नहीं पा रहे, जो हम आधार कार्ड दिखाएं. हम आधार कार्ड को साथ लेकर नहीं आए हैं. पंडितों ने कहा कि हम खुद ही आधार कार्ड हैं, क्या तुम हमें नहीं जानते. इस पर अरविंद ने भड़कते हुए कहा कि नहीं, तुम लोग मुझे आधार कार्ड दिखाओ. इसी बीच पत्नी से उसकी बहस हुई और इसके बाद अरविंद ने पहले पत्नी को फिर पंडितों को गोली मारी.
यह भी पढ़ें - घर पर भूत का साया, महामृत्युंजय जाप, पंडितों से आधार की मांग... आजमगढ़ कत्लेआम की इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं