विज्ञापन

पांच राज्यों के चुनाव के नतीजों से कितना बदल जाएगा विपक्ष का चेहरा, कांग्रेस को कैसे होगा फायदा

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के जो रूझान आ रहे हैं वो देश में कमजोर होते विपक्ष का प्रतीक बनेंगे. अगर रूझान ही नतीजों में बदले तो विपक्ष के प्रमुख चेहरे नेपथ्य में चले जाएंगे. वहीं अरविंद केजरीवाल जैसे विपक्ष नेता पहले ही सीएम की कुर्सी गंवा चुके हैं.

पांच राज्यों के चुनाव के नतीजों से कितना बदल जाएगा विपक्ष का चेहरा, कांग्रेस को कैसे होगा फायदा
नई दिल्ली:

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं. ये नतीजे बड़े फेरबदल के संकेत दे रहे हैं. पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनाते हुए नजर आ रही है. वहीं तमिलनाडु में एमके स्टालिन और केरल में पिनराई विजयन की कुर्सी खिसकती हुई नजर आ रही है. अभी जो रुझान सामने आ रहे हैं, अगर वो परिणाम में बदलते हैं तो यह देश में विपक्ष के लिए बड़ी हार होगी. देश में विपक्ष का चेहरा एकदम से बदल जाएगा. अब तक जो नेता विपक्ष का चेहरा बने हुए थे, उनकी कुर्सी छिन जाएगी.

बीजेपी की जीत का बढ़ता कारंवा

साल 2014 के आम चुनाव के बाद से बीजेपी ने अपनी जीत का जो सिलसिला शुरू किया था, वह अभी भी जारी है. कुछ राज्यों में मिले झटकों को अगर छोड़ दे तो बीजेपी का विजय रथ आगे बढ़ता ही जा रहा है.विपक्ष के बिखरने का सिलसिला फरवरी 2025 में शुरू हुआ था, जब दिल्ली में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी को करारी मात दी. इसके बाद से विपक्ष के एक प्रमुख चेहरे अरविंद केजरीवाल सत्ता से बाहर हो गए थे. वहीं 2025 के ही नवंबर में बिहार विधानसभा के चुनाव कराए गए.इसमें जेडीयू के नेतृ्त्व वाले एनडीए ने बड़ी जीत दर्ज की. इसके बाद नीतीश कुमार सीएम बने. लेकिन इस साल अप्रैल में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद से गैर बीजेपी वाले मुख्यमंत्रियों की सूची से एक बड़ा नाम गायब हो गया.

वहीं अप्रैल में जिन राज्यों में चुनाव कराए गए उनमें विपक्ष के तीन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर थी. इनमें सबसे बड़ा नाम है पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का. लेकिन ताजा रूझानों के मुताबिक उनकी तृणमूल कांग्रेस चुनावी रेस में बीजेपी से पिछड़ती हुई नजर आ रही है. वहीं तमिलनाडु में पिछले 10 साल से सरकार चला रहे डीएमके के एमके स्टालिन की कुर्सी भी नई नवेली पार्टी टीवीके छिनती हुई नजर आ रही है. वहीं केरल में सीपीएम के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार भी जाती हुई नजर आ रही है. इससे वहां सीपीएम के पिनराई विजयन की कुर्सी छिननी तय मानी जा रही है.

क्या कांग्रेस और मजबूत होगी

इन पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आ जाने के बाद विपक्ष काफी अलग नजर आएगा. विपक्ष के बड़े चेहरे ममता बनर्जी, एमके स्टालिन और पिनराई विजयन अपनी-अपनी कुर्सी गंवा चुके होंगे. इससे विपक्ष कमजोर और बीजेपी और मजबूत नजर आएगी. हालांकि बीजेपी के हिस्से में पश्चिम बंगाल ही नया राज्य होगा. लेकिन यह बीजेपी की बहुत बड़ी जीत होगी. आजादी के बाद बीजेपी पहली बार पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी. इसके लिए वह पिछले कई दशकों से जोर लगा रही थी. इससे भारत के नक्शे पर केसरिया रंग और फैल जाएगा. 

ये नतीजे विपक्षी कांग्रेस के लिए बड़ी राहत लेकर आएंगे. कांग्रेस केरल में सरकार बना सकती है. इस जीत के साथ कांग्रेस के हौसले बुलंद हो सकते हैं. इसकी दो वजहें हैं, पहली यह कि कांग्रेस एक राज्य में सरकार बनाने में सफल होगी. दूसरी वजह यह कि विपक्ष के प्रमुख चेहरों की मात के साथ ही राहुल गांधी की विपक्ष के नेता के तौर पर स्वीकार्यता और बढ़ेगी. क्योंकि उनको चुनौती देने वाले अधिकांश चेहरे अब मुख्यमंत्री की कुर्सी से उतर चुके होंगे. 

ये भी पढ़ें: चुनाव में मुख्यमंत्रियों का क्या हाल, शुभेंदु से आगे ममता, स्टालिन, विजयन पीछे, असम में हिमंता बिस्वा सरमा आगे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com