पश्चिम बंगाल के चुनाव में इस बार सबसे दिलचस्प मुकाबला कोलकाता की भवानीपुर सीट पर हो रहा है. वहां से तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार 2011 से जीतती रही हैं. लेकिन इस बार वहां बीजेपी के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं. शुभेंदु अधिकारी ने पिछली बार 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम की प्रतिष्ठित सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. हालांकि टीएमसी ने सरकार बनाई और ममता बनर्जी ने बाद में भवानीपुर की सीट से जीत हासिल की. लेकिन, इस बार शुभेंदु भवानीपुर में भी उनके सामने आ गए हैं. वह नंदीग्राम के अलावा कोलकाता की भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं.
'10 राउंड के बाद पछाड़ना मुश्किल'
भवानीपुर सीट के शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी आगे चल रही थीं. लेकिन बाद में शुभेंदु भी आगे निकल रहे हैं. शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि अंत में उनकी ही जीत होगी. शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा,"भवानीपुर में शुरुआत में टक्कर रहेगा. पहले राउंड में जिन 14 बूथों की मतगणना हुई है उनमें 6 मुस्लिम बहुल हैं, लेकिन उसमें भी पहले जो उन्हें 90-95 प्रतिशत वोट मिलते थे वे इस बार नहीं मिले हैं. वे बंट गए हैं. लेकिन जो 8 बूथ हैं वहां मैं आगे हूं. भवानीपुर में 9-10 राउंड से आप देखिएगा कि मैं आगे चला जाऊंगा. ममता बनर्जी 3 से 5 राउंड तक आगे रहेंगी लेकिन मैं उसे बाद में मेकअप कर दूंगा. 10 राउंड के बाद मुझे पछाड़ना मुश्किल हो जाएगा."
'नंदीग्राम में मुझे भी मिले मुस्लिम वोट'
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस बार मुस्लिम वोटों का बंटवारा हुआ है. उन्होंने कहा,"खास तौर पर मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर में वोट बंट गए हैं. साउथ बंगाल और कूचबिहार में मुसलमान टीएमसी को ज्यादा वोट दे रहे हैं, लेकिन जैसे पिछली बार 90-95 प्रतिशत वोट दिया था, इस बार वैसा नहीं हो रहा है. कुछ वोट मुस्लिम समर्थक दलों को गया है लेकिन बीजेपी को भी वोट आया है. नंदीग्राम में मुझे मुस्लिम बूथ पर वोट मिले हैं जिसकी मुझे उम्मीद नहीं थी."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं