विज्ञापन

स्पर्म डोनेट किया, किडनी बेची और अब दादा का मर्डर! iPhone के शो-ऑफ में अंधे हुए युवा, दहला देगी ये दास्तान

iPhone obsession Real Story: iPhone पाने के लिए कोई किडनी बेच रहा है तो कोई अपनों का ही खून बहा रहा है. हैरान कर देने वाली इन सच्ची घटनाओं और पागलपन की उस हद को जानिए, जिसने कई जिंदगियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं.

स्पर्म डोनेट किया, किडनी बेची और अब दादा का मर्डर! iPhone के शो-ऑफ में अंधे हुए युवा, दहला देगी ये दास्तान
प्रतीकात्मक तस्वीर

आईफोन आज के दौर में सिर्फ एक मोबाइल फोन नहीं, बल्कि युवाओं के लिए 'स्टेटस सिंबल' बन चुका है. जिसके लिए वो किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की वजह आईफोन बन गया. 18 साल के कुणाल ने शौक-शौक में आईफोन तो खरीद लिया, लेकिन उसकी भारी-भरकम किश्तें चुकाना उसके बस की बात नहीं थी. किश्तों के पैसों को लेकर पिता से उसकी तीखी बहस हुई और नाराज होकर कुणाल जान देने के लिए एक पहाड़ी पर जा पहुंचा. गांव वालों ने उसे घंटों समझाया, मिन्नतें कीं, यहां तक कि नया फोन दिलाने का लालच भी दिया, लेकिन वह नहीं माना. अपने जवान बेटे को बचाने के लिए जब बेबस पिता ने आगे बढ़कर उसे पीछे खींचने की कोशिश की, तो संतुलन बिगड़ गया और बाप-बेटे दोनों गहरी खाई में जा गिरे. दोनों को खाई में गिरता देख मां ने पहाड़ी से छलांग लगा दी. इस तरह एक आईफोन की वजह से तीन जिंदगियां खत्म हो गईं. iPhone पाने की चाहत ऐसी है कि कई बार युवा स्पर्म डोनेट करने, ब्लैक मार्केट मे किडनी बेचने या फिर पैसे के लिए परिवार के सदस्य का कत्ल करने जैसी खबर आ चुकी है. आइए बताते हैं कि बीते कुछ समय में iPhone की पाने की ललक ने लोगों से क्या-क्या करवाया.


iPhone के लिए दादा का कत्ल

हाल ही में केरल के अलापुझा में हिला देने वाली खबर सामने आई. एक 13 साल की नाबालिग लड़की ने अपने 17 साल के बॉयफ्रेंड और उसके दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही 67 वर्षीय दादा शिवनकुट्टी की बेरहमी से हत्या करवा दी थी. आरोपी लड़की अपने लिए एक नया आईफोन (iPhone) चाहती थी. इसी शौक को पूरा करने के लिए लड़की ने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर घर में डकैती और दादा की हत्या की यह खौफनाक साजिश रची, ताकि घर में रखे सोने के गहने चुराकर बेचे जा सकें. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह थी कि जब लड़के दादा पर हमला कर रहे थे, तब यह 13 साल की लड़की वीडियो कॉल के जरिए इस खौफनाक मंजर को लाइव देख रही थी.  

Extreme Things People did for iPhone obsession, 7 Bizzare real story

चीन के स्पर्म बैंकों का ये अजीबोगरीब ऑफर

साल 2015 में जब iPhone 6s लॉन्च होने वाला था, तब चीन के सोशल मीडिया पर एक बेहद अनोखा और अजीबोगरीब विज्ञापन तेजी से वायरल हुआ था. शंघाई, हुबेई और जियांगसू जैसे बड़े प्रांतों के सरकारी स्पर्म बैंकों ने युवाओं को लुभाने के लिए एक ऐसा ऑफर निकाला, जिसने सबको हैरान कर दिया. विज्ञापन में सीधे-सीधे लिखा था- "अब iPhone के लिए किडनी बेचने की कोई जरूरत नहीं है. शंघाई स्पर्म बैंक आपके iPhone 6s के सपने को सच कर सकता है." योग्य उम्मीदवारों को 17 मिलीलीटर वीर्य (Semen) दान करने के बदले लगभग 6,000 युआन (करीब 70,000 रुपये से अधिक) दिए जा रहे थे. यह रकम नया iPhone 6s खरीदने के लिए काफी थी. पैसे पाने के लिए हर कोई योग्य नहीं था. इसके लिए डोनर का पढ़ा-लिखा (यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट) होना, कद कम से कम 5 फीट 5 इंच होना और किसी भी बीमारी से मुक्त होना जरूरी था. शंघाई स्पर्म बैंक के अधिकारियों के मुताबिक, बड़ी संख्या में डोनर्स भी बैंक पहुंचे थे.  

Extreme Things People did for iPhone obsession, 7 Bizzare real story

ब्लैक मार्केट में बेची किडनी

साल 2011 में चीन के 17 साल के लड़के वांग श्यांगकुन ने आईफोन 4 के लिए ब्लैक मार्केट में अपनी किडनी तक बेच दी थी. करीब ढाई लाख रुपये मिले, फोन भी आ गया. लेकिन आज 14 साल बाद हकीकत ये है कि गलत जगह सर्जरी होने से उसकी दूसरी किडनी भी फेल हो गई. आईफोन का वो शौक उसे जिंदगी भर के लिए बिस्तर पर ले आया है और आज वो डायलिसिस मशीन के सहारे जिंदा है. 

Extreme Things People did for iPhone obsession, 7 Bizzare real story

iPhone के लिए डिलीवरी ब्वॉय का कत्ल

घटना लखनऊ की है. भरत साहू नाम का एक डिलीवरी ब्वॉय गजानन नाम के कस्टमर को आईफोन 16 की डिलीवरी देने पहुंचा. फोन 'कैश ऑन डिलीवरी' था, यानी फोन हाथ में लेने के बाद पैसे देने थे. लेकिन गजानन और उसके दोस्त आकाश के पास उस महंगे फोन को खरीदने की औकात नहीं थी, न ही उनके पास पैसे थे. पर आईफोन का भूत उनके सिर पर इस कदर सवार था कि उन्होंने पैसे देने के बजाय भरत साहू का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. उन्होंने भरत की लाश को एक बोरे में बंद किया और ले जाकर इंदिरा नहर में फेंक दिया. लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई, भरत के कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले, उसकी डिलीवरी का आखिरी रूट ट्रैक किया और दोनों हत्यारों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

44 दिन पहले स्टोर के बाहर टेंट लगाया

नए आईफोन के लिए स्टोर के बाहर लाइनें लगना आम बात है. लेकिन साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में स्थित फ्लैगशिप स्टोर के बाहर लिंडसे हैंडमर नाम का एक व्यक्ति आईफोन खरीदने के लिए पूरे 44 दिन पहले ही टेंट लगाकर सड़क पर बैठ गया था. वह आईफोन खरीदने वाले दुनिया के पहले लोगों में शुमार होना चाहता था. इस दौरान उसने वहीं खाना खाया, वहीं सोया और भीषण सर्दी-गर्मी का सामना किया. 

गर्लफ्रेंड को आईफोन चाहिए था, खुद को किडनैप करा लिया

भारत से भी एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया था, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को आईफोन गिफ्ट करने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रच डाली. उसने अपने परिवार वालों को फोन कर लाखों रुपये की फिरौती मांगी ताकि वह उन पैसों से अपनी गर्लफ्रेंड के लिए आईफोन खरीद सके. हालांकि, जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो मोबाइल लोकेशन की मदद से युवक को एक होटल में आराम करते हुए पाया गया और उसे जेल की हवा खानी पड़ी. 

Extreme Things People did for iPhone obsession, 7 Bizzare real story

आईफोन के चक्कर में नाम रखा 'iPhone 7'

आईफोन पाने के लिए यूक्रेन के रहने वाले एक 20 साल के लड़के ने सचमुच अपना नाम ही बदल डाला. यूक्रेन के एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर ने एक अनोखा ऑफर निकाला. स्टोर ने घोषणा की कि जो भी पहले पांच लोग कानूनी रूप से अपना नाम बदलकर "iPhone Sim" (यानी आईफोन 7) रख लेंगे, उन्हें बिल्कुल मुफ्त में नया iPhone 7 दिया जाएगा. जब यह बात ओलेकसांद्र तुरिन (Olexander Turin) नाम के इस लड़के को पता चली, तो उसने आव देखा न ताव, तुरंत सरकारी दफ्तर का रुख किया. उसने अपने नाम बदलने की फीस चुकाई और कानूनी तौर पर उसका नया नाम हो गया- iPhone Sim (आईफोन 7).

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPhone, Bizzare Story, Offbeat News, Iphone Launch
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com