- इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन पर सोनिया गांधी की टिप्पणी, अन्ना हजारे ने दिया जवाब
- अन्ना हजारे ने पूछा- 2014 में UPA की हार के लिए मेरे आंदोलन को कैसे जिम्मेदार ठहरा सकते हैं?
- BJP-RSS समर्थन वाले दावे को अन्ना हजारे ने बताया निराधार
सोनिया गांधी की आत्मकथा बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव (Belonging: A Journey of Love) में इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन को लेकर किए दावों से नई बहस शुरू हो गई है. किताब में कहा गया है कि अन्ना हजारे के नेतृत्व वाला भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को BJP और RSS के गुप्त समर्थन प्राप्त था. इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्ना हजारे ने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल या संगठन से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में UPA सरकार की हार को उनके आंदोलन से कैसे जोड़ा जा सकता है?
सोनिया गांधी के दावों पर अन्ना हजारे का जवाब
महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि में अन्ना हजारे ने कहा कि यह कहना गलत है कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन BJP या RSS के समर्थन से चलाया गया था. उन्होंने कहा, 'मेरा BJP या RSS से कोई संबंध नहीं है. मैं उनके कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लेता. मेरे लिए देश सबसे पहले है.' हजारे ने यह भी कहा कि उन्होंने जो भी आंदोलन किए, वे समाज और देश के हित में किए. उनका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं रहा है. अन्ना ने राजनीतिक दलों से अपनी आलोचना करने के बजाय देश और समाज के सामने मौजूद समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने पेड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस पेड़ पर फल लगते हैं, लोग उसी पर पत्थर मारते हैं.
'आंदोलन के कारण ही सरकार हारी, इसका आधार क्या?'
अन्ना हजारे ने सवाल उठाते हुए कहा कि 'यह कहने का आधार क्या है कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार 2014 का लोकसभा चुनाव मेरे आंदोलन की वजह से हार गई?' उन्होंने कहा कि राजनीतिक घटनाओं और चुनावी नतीजों को केवल एक आंदोलन से जोड़कर देखना उचित नहीं है. अन्ना हजारे ने अपनी पेंशन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें जो पेंशन मिलती है, उसे भी वे सूखे से प्रभावित लोगों की मदद और इस समस्या पर खर्च करना चाहते हैं.
बिना मिले टिप्पणी करना ठीक नहीं
उन्होंने कहा, 'न तो वह (सोनिया गांधी) अन्ना हजारे से कभी मिली हैं और न ही मैंने अब तक उनसे मुलाकात की है. एक-दूसरे से मिले बिना ही कोई टिप्पणी कर देना, यह कहां तक उचित है?' अन्ना ने कहा कि एक जिम्मेदार व्यक्ति को जिम्मेदारी से बोलना चाहिए. उन्होंने कहा, 'अस्पष्ट तरीके से बोलना ठीक नहीं है. इससे संबंधित व्यक्ति की छवि खराब होती है.'
किताब में क्या लिखा है?
सोनिया ने अपने संस्करण के एक अंश में लिखा है कि '2012 में महाराष्ट्र के एक जाने-माने कार्यकर्ता बाबूराव ‘अन्ना' (मराठी में ‘पिता' या ‘बड़े भाई' के लिए इस्तेमाल होने वाला शब्द) हजारे ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन' नामक आंदोलन का मुख्य चेहरा बनकर उभरे थे. इस आंदोलन में हिस्सा लेने वाले कुछ प्रमुख लोगों ने बाद में कहा कि भाजपा और आरएसएस ने इस आंदोलन को पर्दे के पीछे से आयोजित किया था और समर्थन दिया था.'
लोकपाल कानून का भी जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में चैप्टर 33 के पेज 461 पर लिखा है कि 2012 में महाराष्ट्र के एक प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता बाबूराव 'अन्ना' हजारे एक ऐसे आंदोलन का चेहरा बनकर उभरे, जिसने खुद को 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' कहा लेकिन यह आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर 2011 में चर्चा में आया था, खासकर तब जब अन्ना हजारे ने 5 अप्रैल 2011 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जन लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी. इस अभियान से अरविंद केजरीवाल, किरण बेदी और बाबा रामदेव जैसे कई प्रमुख चेहरे भी जुड़े थे, हालांकि उनकी मांगें और भूमिकाएं अलग-अलग थीं.
यह भी पढ़ें : 'संजय गांधी विलेन और राजीव हीरो', सोनिया की किताब पर BJP नेताओं ने उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं