प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भोपाल में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी की 11 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर दिया है. इन संपत्तियों की कुल कीमत करीब 20.59 करोड़ रुपये बताई जा रही है.यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई है.इस मामले की शुरुआत भोपाल के हबीबगंज थाने में 29 अगस्त 2023 को दर्ज FIR और EOW भोपाल की 22 जुलाई 2024 की FIR से हुई थी. इन शिकायतों के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की. जांच के दौरान सामने आया कि कंपनी Milk Magic ब्रांड के नाम से डेयरी प्रोडक्ट्स बनाकर बेच रही थी, लेकिन इनमें भारी मिलावट की जा रही थी. दूध की असली फैट की जगह पाम ऑयल और अन्य हानिकारक केमिकल्स मिलाए जा रहे थे.
जांच में यह भी पता चला कि ये मिलावटी प्रोडक्ट्स सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी एक्सपोर्ट किए जा रहे थे.एक्सपोर्ट की मंजूरी लेने के लिए कंपनी ने नामी लैब्स की फर्जी टेस्ट रिपोर्ट तैयार की और उन्हें एक्सपोर्ट इंस्पेक्शन एजेंसी (EIA), इंदौर में जमा कराया. जब इन रिपोर्ट्स की पुष्टि की गई तो संबंधित लैब्स ने साफ कर दिया कि उन्होंने ऐसी कोई रिपोर्ट जारी ही नहीं की थी, यानी ये पूरी तरह फर्जी थीं. ED की जांच में खुलासा हुआ कि इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कंपनी ने मिलावटी डेयरी प्रोडक्ट्स का निर्यात कर करीब 20.59 करोड़ रुपये की कमाई की. यह रकम Axis Bank और HDFC Bank के खातों में जमा हुई, जिसे ED ने प्रोसीड्स ऑफ क्राइम यानी अवैध कमाई माना है.
इससे पहले ED ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी को 13 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया था. उसे पहले ED की कस्टडी में रखा गया और 18 मार्च 2026 को कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. फिलहाल इस पूरे मामले में जांच जारी है और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेशी कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं. आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: QFON ऐप के नाम पर 183 करोड़ का डिजिटल पोंजी घोटाला, ED ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: अंसल ग्रुप पर ED का एक्शन, 313 करोड़ की संपत्ति कुर्क, होमबायर्स के पैसे हड़पने का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं