- अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो के चार दिवसीय दिल्ली दौरे ने भारत-अमेरिका संबंधों को नए आयाम दिए हैं
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी और भारत की जमकर तारीफ की है
- रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का विशेष निमंत्रण दिया और दोनों देशों के बीच बैठक की इच्छा जताई
Marco Rubio India Visit: अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो के 4 दिन के दिल्ली दौरे ने एक बार फिर भारत और अमेरिका के रिश्तों में गर्माहट ला दी है. इसे सिर्फ एक दौरे के तौर पर नहीं बल्कि दोनों देशों के बीच संबंधों को एक बार फिर से नए आयामों के तौर पर देखा जा रहा है. रुबियो के भारत आने से टैरिफ विवाद से मिले जख्मों पर कुछ हद तक मरहम लगाने का काम किया है. रुबियो का भारत दौरान एक अलग ही रंगत लेकर आया है. दिल्ली में उन्होंने भारत-अमेरिका रिश्तों, दोनों देशों के बीच होने वाली ट्रेड डील, क्वाड, समुद्री सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दों पर बात की. इतना ही नहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक कॉल कर सभी को चौंका दिया. उन्होंने भारत और पीएम मोदी के लिए जो कुछ कहा उसे सुनकर पाकिस्तान को मिर्ची जरूर लगी होगी. रुबियो अपने साथ-साथ कई खुशखबरी लेकर भारत आए हैं, जानिए सबकुछ.
ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ
दिल्ली में अमेरिका की 250वीं इंडिपेंडेंस डे का जश्न चल रहा था. मार्को रुबियो भी वहां मौजूद थे. तभी अचानक से भारतीय राजदूत सर्जियो गोर के फोन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कॉल आया. उन्होंने कहा कि वह वहां बैठे लोगों से सीधे बात करना चाहते हैं. इसके बाद ट्रंप ने बता दिया कि भारत के बारे में वह क्या सोचते हैं. ट्रंप ने कहा, 'मैं सभी को नमस्कार कहना चाहता हूं, मुझे प्रधानमंत्री मोदी बहुत पसंद हैं, वह मेरे मित्र हैं और मैं सभी को एक अच्छी शाम की शुभकामनाएं देना चाहता हूं, मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं." ट्रंप ने आगे कहा, "हम भारत के पहले कभी इतने करीब नहीं रहे और भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है. अगरे उन्हें कभी मदद की जरूरत पड़े, तो वे जानते हैं कि कहां फोन करना है- वे यहीं फोन करेंगे." बता दें कि ट्रंप की ये बातें भारत के लिए बहुत मायने रखती हैं.
पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता
रुबियो ने पीएम मोदी को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनको अमेरिका आने का स्पेशल न्योता भेजा है. इसे दोनों देशों के बीच सामान्य होते रिश्तों के तौर पर देखा जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, ट्रंप अब तक कई बार पीएम मोदी को कॉल कर चुके हैं. अब अमेरिका बुलाने का इन्विटेशन भी भेजा है. रुबियो ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ अलग से एक बैठक चाहता है.
अमेरिका के लिए भारत की महत्वता
रुबियो ने बताया कि भारत, अमेरिका के लिए महज एक दोस्त नहीं है बल्कि एक अहम रणनीतिक साझेदार में से एक है. दोनों देशों के बीच सिक्योरिटी, टेक्नोलॉजी, सप्लाई चेन समेत दुनिया की चुनौतियों पर एक साथ काम करने के मौके बढ़ते जा रहे हैं.
अमेरिका फिर से खोलेगा होर्मुज?
मार्को रूबियो ने कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर कुछ ही घंटों में कोई ऐलान होने की संभावना है. उन्होंने इसे दुनिया के लिए अच्छी खबर बताते हुए ईरान संद किसी संभावित समझौते की ओर इशारा किया है. इसे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से खोलने को लेकर भी देखा जा रहा है. अगर ऐसा होता है तो इससे भारत को भी बड़ी राहत मिलेगी.
भारतीयों को लेकर सम्मान का भाव
मार्को रुबियो से जब पत्रकारों ने जब अमेरिका में भारतीयों और भारतीय-अमेरिकी लोगों को लेकर की गईं कई नस्लवादी टिप्पणियों के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वह इन टिप्पणियों को बहुत गंभीरता से लेंगे. उन्होंने साफ कहा कि दुनिया के हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं. यकीन है कि भारत और अमेरिका दोनों ही जगह ऐसे लोग हैं. उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका सबका स्वागत करने वाला देश है. उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका इसलिए ही समृद्ध हुआ है क्यों कि यहां दुनियाभर के लोग आकर बसे हैं.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील
मार्को रुबियो ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर को लेकर उम्मीद जताई कि ये कुछ हफ्तों में हो जाएगी. अभी अंतिम विवरणों पर काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि ये महीनों की नहीं बल्कि हफ्तों की बात है. यह सिर्फ टैक्स की बात नहीं बल्कि नए जमाने के हिसाब से आर्थिक साझेदारी को ठीक करने की बात है.
जयशंकर की जमकर तारीफ
रुबियो ने भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि जयशंकर शानदार काम कर रहे हैं. वह समझदार इंसान हैं. उनके मन में जयशंकर के लिए बहुत इज्जत और सम्मान है. इसके साथ ही उन्होंने सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया.
ये भी पढ़ें-NSA अजीत डोभाल से मिले मार्को रूबियो, आतंकवाद समेत कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
ये भी पढ़ें-Exclusive: मार्को रूबियो ने नई दिल्ली दौरे पर काटा बर्थडे केक, विलेज पिपल बैंड ने दी स्पेशल परफॉर्मेंस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं