- अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ईडी की कार्रवाई भाजपा द्वारा पंजाब सरकार को दबाने की साजिश का हिस्सा है
- मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी ने एक महीने में दूसरी बार रेड की है, जबकि अशोक मित्तल की रेड बंद हो गई
- पंजाब पर अन्याय और संसाधनों को हड़पने की कोशिशों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने केंद्र की नीतियों की आलोचना की
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड पड़ने पर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ईडी के सहारे भाजपा ने पंजाब को ललकारा है. पंजाब न पहले झुका था और न अब झुकेगा. पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा. पंजाब गुरुओं की धरती है. पंजाब ने औरंगजेब को भी जवाब दिया था और अब 2027 के चुनाव में भी जवाब देगा. उन्होंने कहा कि अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा के घर एक साथ ईडी की रेड हुई थी. अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए तो रेड बंद हो गई, लेकिन संजीव अरोड़ा ने इनकार कर दिया तो फिर से रेड हो गई.
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है. ईडी का काम है कि देश के अंदर अगर कहीं मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है, तो उसको रोकना और उसकी जांच करना. अगर इस मकसद से ईडी अपनी कार्रवाई करे, तो हमें कोई परेशानी नहीं है. लेकिन ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए काम नहीं करती और न ही सीबीआई भ्रष्टाचार को रोकने के लिए काम नहीं करती है, वे सिर्फ नेताओं को डराने-धमकाने का काम करती है.

उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा ने भाजपा ज्वाइन नहीं की. उस दिन संजीव अरोड़ा पर काफी दबाव डाला गया कि भाजपा ज्वाइन कर लो. अगर वे उस दिन भाजपा ज्वाइन कर लेते, तो शायद आज ईडी की रेड नहीं होती. आज ईडी की रेड उनको सबक सिखाने के लिए हुई है कि उन्होंने भाजपा ज्वाइन क्यों नहीं की. या तो भाजपा ज्वाइन कर लो, नहीं तो गिरफ्तार कर लिए जाओगे. इसलिए आज ईडी की रेड हुई है. यह बहुत ही दुख की बात है कि आज एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है.

संजीव अरोड़ा
इसे भी पढ़ें: पंजाब सरकार के इंडस्ट्री और पॉवर मिनिस्टर संजीव अरोड़ा को ईडी ने किया गिरफ्तार
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब को टारगेट किया जा रहा है. पंजाब के लोगों के साथ धक्का, नाइंसाफी और अन्याय किया जा रहा है. पंजाब के लोगों को कुचलने की कोशिश की जा रही है. चंडीगढ़ को हरियाणा को ट्रांसफर करने और पंजाब से छीनने की कोशिश की जा रही है. पंजाब के पानी के ऊपर डाका डालने और बीबीएमबी को हथियाने की कोशिश की जा रही है. ना जाने कितने मामले हैं, जहां पंजाब के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है. जैसे ही बंगाल के चुनाव खत्म हुए, दिल्ली से ईडी की पूरी की पूरी टीम पंजाब के अंदर आ गई है. इनका मकसद कोई काला पैसा या मनी लॉन्ड्रिंग ढूंढना नहीं है.
इसे भी पढ़ें: संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड पर भड़के CM भगवंत मान, बोले- "पंजाब में भी वही हो रहा, जो BJP पूरे देश में..."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं