- ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रामलीला में अयोध्या मंदिर की तर्ज पर बना भव्य परिसर
- रामलला की प्रतिमा देखने दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु
- 85 फीट रावण दहन की तैयारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इकोटेक-1 स्थित मूर्ति गोल चक्कर के पास आयोजित भव्य रामलीला इन दिनों लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है. 50 बीघा क्षेत्र में फैले इस आयोजन में अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर भव्य मंदिर तैयार किया गया है, जहां रामलला की प्रतिमा स्थापित की गई है. मंदिर को देखने और दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं. आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन एक से डेढ़ लाख लोग रामलीला देखने पहुंच रहे हैं. दशहरा पर 85 फीट ऊंचे रावण का दहन, श्याम कीर्तन और 8 हजार कन्याओं के पूजन का भी आयोजन किया जाएगा.
अयोध्या की तर्ज पर बना राम मंदिर बना आकर्षण
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रामलीला में सबसे बड़ा आकर्षण अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया भव्य मंदिर है. आयोजकों ने इसे बांस और थर्माकोल की सहायता से तैयार किया है. मंदिर को अंतिम रूप देने में कई महीनों की मेहनत लगी. मंदिर में रामलला की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. आयोजन स्थल पर सुबह से देर रात तक दर्शनार्थियों की भीड़ देखी जा रही है.

राम मंदिर जैसी झांकी नोएडा में सजी
Photo Credit: NDTV
अगस्त से शुरू हुई थी तैयारियां
NDTV से बात करते हुए श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक यादव ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियां अगस्त महीने से शुरू कर दी गई थीं. उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न हाउसिंग सोसाइटियों के आसपास पहले इस स्तर की रामलीला आयोजित नहीं होती थी. उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से इस भव्य आयोजन की शुरुआत की गई है और भविष्य में भी इसी तरह रामलीला का आयोजन जारी रहेगा.

रामलला के दर्शन
Photo Credit: NDTV
85 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन
रामलीला आयोजन समिति के अनुसार दशहरा पर्व पर 85 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा. पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस दौरान ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा आयोजन में भव्य श्याम कीर्तन का भी आयोजन होगा. रामलीला मंचन के दौरान 8 हजार कन्याओं के पूजन का कार्यक्रम भी रखा गया है.

राम, सीता और लक्ष्मण
Photo Credit: NDTV
रोज पहुंच रहे एक से डेढ़ लाख दर्शक
आयोजकों का दावा है कि रामलीला देखने के लिए प्रतिदिन लगभग एक से डेढ़ लाख लोग पहुंच रहे हैं. भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. रामलीला समिति के सदस्य अमित बंसल ने बताया कि आयोजन स्थल पर 150 से अधिक निजी गार्ड और कमांडो तैनात किए गए हैं. पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है. इसके साथ ही स्थानीय पुलिस की भी पर्याप्त तैनाती की गई है.
भीड़ के मद्देनजर पार्किंग, प्रवेश और निकास व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं. आयोजकों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है.
यह भी पढ़ें : दिल्ली-NCR में दशहरा कहां मनाएं? परिवार के साथ रावण दहन और मेले का मजा लेने की ये हैं 5 खास जगहें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं