विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा में कॉलेज के बाहर छात्रों पर फायरिंग, मारपीट का आरोपी गिरफ्तार; इटली मेड पिस्तौल बरामद

ग्रेटर नोएडा में कॉलेज के बाहर छात्रों पर हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं जिले में हुई एक दूसरी लूट की वारदात में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश भी पकड़े गए हैं.

ग्रेटर नोएडा में कॉलेज के बाहर छात्रों पर फायरिंग, मारपीट का आरोपी गिरफ्तार; इटली मेड पिस्तौल बरामद
नोएडा में फ़ियरिंग के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन किया है.

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में कॉलेज के बाहर छात्रों के साथ मारपीट और गोलीबारी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 24 वर्षीय प्रशांत नागर के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक 19 नवंबर को कॉलेज परिसर के बाहर प्रशांत ने अपने साथियों के साथ मिलकर छात्रों पर हमला किया था. इस दौरान जान से मारने की नीयत से गोलियां भी चलाई गई थीं. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था.

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को लॉयड की ओर जाने वाली सड़क से प्रशांत नागर को गिरफ्तार कर लिया. वह गौतम बुद्ध नगर के दनकौर थाना क्षेत्र के अट्टा गुजरान गांव का रहने वाला है.

इटली मेड पिस्तौल और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 'मेड इन इटली' लिखी एक अवैध पिस्तौल और .32 बोर के तीन जिंदा कारतूस मिले. पुलिस ने उससे जुड़ी एक कार भी जब्त की है. जांच में सामने आया है कि प्रशांत के खिलाफ साल 2019 में दनकौर थाने में लूट और चोरी का सामान रखने से जुड़ा एक मामला पहले से दर्ज है. पुलिस अब गोलीबारी में शामिल उसके अन्य साथियों की भूमिका की जांच कर रही है. बरामद हथियार और कार की भी जांच की जा रही है.

मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में ही एक अन्य मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है. दोनों की पहचान आदित्य उर्फ सनी उर्फ आदि और नसीम अली उर्फ रियाज के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.50 लाख रुपये नकद और लूटी गई सोने की चेन का कुछ हिस्सा बरामद किया है. इसके अलावा दो अवैध देसी पिस्तौल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के जरिए अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं.

यह भी पढ़ें | UP पुलिस ने ChatGPT-Gemini से खोज निकाली 5 साल से लापता महिला, सिर्फ बचपन की फोटो थी सहारा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida, Uttar Pradesh Crime, Greater Noida Encounter
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com