विज्ञापन

जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर होगी एफआईआर, तत्काल काम शुरू करने के निर्देश

देशभर में जनगणना की तैयारियों के बीच ग्रेटर नोएडा में प्रशासन ने कर्मचारियों और आम नागरिकों दोनों से जिम्मेदारी निभाने की अपील की है. एक तरफ ड्यूटी में लापरवाही पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी है तो दूसरी तरफ स्वगणना को लेकर प्रोत्साहन दिया जा रहा है.

जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर होगी एफआईआर, तत्काल काम शुरू करने के निर्देश
नोएडा में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर होगी एफआईआर.
  • कुल 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं ताकि जनगणना का कार्य समय पर पूरा किया जा सके
  • 16 से 30 नवंबर तक नागरिक जनगणना पोर्टल पर स्वगणना कर अपनी और परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं
  • 100 प्रतिशत स्वगणना करने वाले सेक्टरों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को प्राधिकरण द्वारा सम्मानित किया जाएगा

जनगणना 2027 के दूसरे चरण का काम शुरू हो चुका है और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसमें लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी इन्यूमेरेटर के रूप में लगाई गई है, लेकिन उन्होंने अब तक अपना ड्यूटी पत्र नहीं लिया है या आवंटित क्षेत्र में काम शुरू नहीं किया है, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है. ऐसे कर्मचारियों को तत्काल संबंधित कार्यालय से अपना ड्यूटी पत्र प्राप्त करने और बिना देरी किए जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं.

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ड्यूटी से बचने, निर्देशों का पालन नहीं करने या जानबूझकर काम शुरू नहीं करने वाले कर्मचारियों पर जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी. प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसी स्थिति में संबंधित कर्मचारी खुद जिम्मेदार होंगे.

2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर तैनात

ग्रेटर नोएडा में जनगणना का काम समय पर पूरा कराने के लिए बड़े स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है. नगर जनगणना अधिकारी एवं प्राधिकरण के सीईओ सुमित यादव के अनुसार, इस काम के लिए कुल 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर लगाए गए हैं. सभी कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि हर इलाके में जनगणना का काम व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके.

हालांकि, कुछ कर्मचारी ऐसे भी सामने आए हैं जिन्होंने अभी तक अपनी ड्यूटी प्राप्त नहीं की है. इसी को देखते हुए प्राधिकरण ने उन्हें तत्काल काम शुरू करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों का कहना है कि सभी कर्मचारियों को तय समयसीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारी पूरी करनी होगी.

30 नवंबर तक नागरिक कर सकेंगे स्वगणना

जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलाई जा रही है. इस दौरान नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर खुद अपनी और परिवार के सदस्यों से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज कर सकते हैं. प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे तय समयसीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करें और इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करें. स्वगणना के जरिए नागरिकों को अपनी जानकारी खुद दर्ज करने का मौका दिया गया है. इससे जनगणना की प्रक्रिया में लोगों की सीधी भागीदारी भी बढ़ेगी.

100 फीसदी स्वगणना पर RWA पदाधिकारियों को मिलेगा सम्मान

नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रोत्साहन की व्यवस्था भी की है. इसके तहत 16 से 30 नवंबर के बीच जिस सेक्टर या आवासीय सोसाइटी के सभी निवासी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करेंगे, वहां के ब्लॉक या सेक्टर प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा.

नगर जनगणना अधिकारी एवं एसीईओ सुमित यादव ने सेक्टरवासियों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सोसाइटी प्रबंधन से अभियान में सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वगणना के बारे में जागरूक करें और उन्हें ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करें. प्राधिकरण का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में शामिल हों और ग्रेटर नोएडा में जनगणना का काम तय समय पर पूरा हो सके.

यह भी पढ़ें | गौतमबुद्धनगर में जनगणना-2027 की सुस्त रफ्तार पर DM सख्त, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Census 2027,  Greater Noida News, Greater Noida Authority
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com