टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा स्टील ने अपने कारोबार को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है. कंपनी करीब 28,000 करोड़ रुपये में अपना स्टील ट्यूब्स-पाइप्स बिजनेस और टाटा स्टील कलर्स (TSCL) बेचने जा रही है. इस मेगा डील के लिए APL अपोलो ट्यूब्स के साथ समझौता किया गया है. टाटा स्टील के बोर्ड ने 22 नवंबर को हुई बैठक में दोनों कारोबार की बिक्री को मंजूरी दे दी.
इस डील में ट्यूब्स और पाइप्स बिजनेस की कीमत 11,700 करोड़ रुपये तक तय की गई है, जबकि टाटा स्टील कलर्स की पूरी हिस्सेदारी 16,300 करोड़ रुपये में बेची जाएगी.
11,700 करोड़ रुपये में बिकेगा ट्यूब्स-पाइप्स बिजनेस
टाटा स्टील ने अपने स्टील ट्यूब्स और पाइप्स कारोबार को APL अपोलो ट्यूब्स को बेचने की मंजूरी दी है. यह सौदा 11,700 करोड़ रुपये तक में होगा. इसमें स्टील ट्यूब्स और पाइप्स के निर्माण, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग, सेल्स और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ा पूरा कारोबार शामिल है. इस बिजनेस के तहत जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद में मौजूद कंपनी के प्लांट्स APL अपोलो को ट्रांसफर किए जाएंगे. इसके साथ ही कुछ कोल्ड रोलिंग और सरफेस कोटेड स्टील प्रोडक्ट्स से जुड़ी फैसिलिटीज भी इस डील का हिस्सा होंगी. यह ट्रांसफर एकमुश्त रकम के बदले स्लंप सेल के आधार पर किया जाएगा.
16,300 करोड़ में बिकेगी टाटा स्टील कलर्स की पूरी हिस्सेदारी
टाटा स्टील अपने दूसरे बड़े कारोबार टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड (TSCL) को भी APL अपोलो को बेच रही है. कंपनी ने इसमें अपनी 100% हिस्सेदारी बेचने की मंजूरी दी है. इस सौदे की कीमत 16,300 करोड़ रुपये तय की गई है.टाटा स्टील कलर्स पहले टाटा ब्लूस्कोप स्टील प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी. फिलहाल टाटा स्टील की इसमें सीधे 50% हिस्सेदारी है. कंपनी के पास TSCL के 43.30 करोड़ इक्विटी शेयर हैं.
बाकी 50% हिस्सेदारी टाटा स्टील की पूरी तरह से अपनी सहायक कंपनी टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TSDPL) के जरिए है. TSDPL के पास भी TSCL के 43.30 करोड़ इक्विटी शेयर हैं. इस तरह दोनों कंपनियों के पास मिलकर टाटा स्टील कलर्स की पूरी 100% हिस्सेदारी है.
मंजूरी मिलने के बाद पूरी होगी डील
इस सौदे के पूरा होने के बाद टाटा स्टील कलर्स की पूरी पेड-अप इक्विटी हिस्सेदारी APL अपोलो ट्यूब्स के पास चली जाएगी. हालांकि, दोनों सौदों को पूरा करने के लिए जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. इनमें संबंधित सरकारी और रेगुलेटरी अथॉरिटी से मिलने वाली मंजूरियां भी शामिल हैं. टाटा स्टील ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि बोर्ड ने दोनों प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है. अब जरूरी मंजूरियां और दूसरी शर्तें पूरी होने के बाद ही यह डील पूरी होगी.
यह भी पढ़ें | SpiceJet की बिगड़ती हालत पर पायलट संघ ने खोला मोर्चा, महीनों से अटकी सैलरी, DGCA से की सख्त जांच की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं