विज्ञापन

कटनी, सिवनी और धाराशिव... दिवाली पर MP से महाराष्ट्र तक आग का कहर, 18 लोगों की दर्दनाक मौत

दिवाली की रात एमपी के कटनी-सिवनी और महाराष्ट्र के धाराशिव में आग से 18 लोगों की मौत हो गई। कटनी में दुकान की आग घर तक फैली, सिवनी में सर्राफा व्यापारी के घर में आग लगी, धाराशिव में दम घुटने से 6 मरे।

कटनी, सिवनी और धाराशिव... दिवाली पर MP से महाराष्ट्र तक आग का कहर, 18 लोगों की दर्दनाक मौत
दो राज्यों तीन हादसे और कई मौतें.
Photo: NDTV
कटनी/सिवनी/धाराशिव:

दिवाली की रात आग ने दो राज्यों में तीन जगहों पर कहर बरपाया. मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अलग-अलग मामलों में कुल 18 लोगों की मौत हो गई. कटनी के बरही में क्रॉकरी दुकान में लगी आग तीन मंजिला इमारत तक फैल गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हुई. वहीं, सिवनी के छपारा में सर्राफा व्यापारी के मकान में सुबह 3 बजे लगी आग में 6 लोगों की जान गई, जबकि महाराष्ट्र के धाराशिव में किराना दुकान के ऊपर बने घर में आग से दम घुटने से 6 लोगों की मौत हो गई.

कटनी के बरही में क्रॉकरी दुकान में लगी आग तीन मंजिला इमारत तक फैल गई. दमकल वाहनों की खराबी से राहत कार्य प्रभावित हुआ, जिससे आग बुझाने में देरी हुई. एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) वीरेंद्र नार्वे ने बताया, "पूरन लाल अग्रवाल की एक दुकान थी. इसके ग्राउंड फ्लोर पर प्लास्टिक से जुड़ी एक यूनिट थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर उनका घर था. वहां आग लग गई, जिसमें कुल छह लोगों की मौत हो गई. फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है. ऐसा अनुमान है कि शायद किसी दीये या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो. हालांकि, जांच के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी. मरने वालों में दो बुजुर्ग (दोनों की उम्र लगभग 70 साल है), एक महिला और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं."

सिवनी में सुबह 3 बजे लगी आग

मध्य प्रदेश में सिवनी जिले के छपारा स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में सुबह करीब 3 बजे भीषण आग लग गई. जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त मकान में करीब 10 लोग मौजूद थे. सुबह तक 6 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से 5 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बाद में पता चला कि सभी 6 लोगों की मौत हो चुकी है.

हादसे वाली जगह पर दमकल वाहन और कई एंबुलेंस भेजे गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. आग किन कारणों से लगी, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. 

घर में परिवार के कुल 10 सदस्य उपस्थित थे, जिनमें से 6 की मौत हुई है. 

हादसे में मारे गए लोग 

  1. कुंदन लाल सोनी (75) 
  2. राजकुमारी सोनी पति कुंदन लाल (65)
  3. ऋतु सोनी पति विशाल सोनी (42) 
  4. स्मृति सोनी पति सौरभ सोनी (40) 
  5. सूर्या सोनी पति रितेश सोनी (45) 
  6. आदित्य सोनी पिता विशाल सोनी (16)

4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

  1. अमायरा सोनी पिता सौरभ (7) 
  2. रितेश सोनी पिता कुंदन (45) 
  3. सौरभ सोनी पिता कुंदन (43) 
  4. आकर्ष सोनी पिता रितेश (14)

महाराष्ट्र में भी आग लगने से 6 की मौत

दिवाली के मौके पर महाराष्ट्र में धाराशिव के येडशी में भी बड़ा हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई. दरअसल, आधी रात को घर में अचानक आग भड़क उठी, जिससे घर के अंदर मौजूद 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. ये परिवार किराने की दुकान की ऊपरी मंजिल पर रहता था. आग फैलने की वजह से लोग बाहर नहीं निकल पाए और दम घुटने की वजह से मौत हो गई. आधी रात से ही गांव वालों और दमकल विभाग ने आग बुझाने के कई कोशिश की, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया और बड़े हादसे की वजह बन गया. डॉक्टरों ने बताया कि चार लोगों को धाराशिव के सरकारी अस्पताल में मृत अवस्था में ही लाया गया था. आग लगने के पीछे की वजहों के बारे में शुरुआती जानकारी मिली है कि दीयों की वजह से लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.

यह भी पढ़ें | दिवाली पर दिल्ली से बिहार, कोलकाता और असम तक आगजनी... डिब्रूगढ़ में 4 की मौत

यह भी पढ़ें | गाजियाबाद में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसमान में छाया धुआं; दिल्ली के नजफगढ़ में भी आग से हादसा

यह भी पढ़ें | जयपुर: रेनवाल में लगी भीषण आग में 8 मवेशी जिंदा जले, छप्पर में रखा चारा भी जलकर राखji

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Diwali, Fire, Maharashtra, Madhya Pradesh News, Fire News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com