विज्ञापन

IMD का अलर्ट, अगले 2 दिनों में पड़ेगी भीषण ठंड, दिल्ली से यूपी तक घना कोहरा, राजस्थान का फतेहपुर सबसे ठंडा

Weather Update Today: दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर राजस्थान मध्य प्रदेश तक भीषण ठंड की शुरुआत हो चुकी है. कोहरे की वजह से कई राज्यों में सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर भी सूरज नहीं दिखा है.

IMD का अलर्ट, अगले 2 दिनों में पड़ेगी भीषण ठंड, दिल्ली से यूपी तक घना कोहरा,  राजस्थान का फतेहपुर सबसे ठंडा
Weather Update Today: दिल्ली-एनसीआर से यूपी बिहार तक शीतलहर की शुरुआत (फोटो:IANS)
  • उत्तर भारत में तापमान गिरने के कारण दिल्ली-एनसीआर से बिहार तक घना कोहरा छाया हुआ है.
  • कोहरे के प्रभाव से कई ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से विलंबित हो रहा है.
  • भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है.

उत्तर भारत में तापमान गिरने के बाद ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. 29 नवंबर 2026 के दिन दिल्ली-एनसीआर से यूपी बिहार तक घना कोहरा छाया हुआ है. जिसका असर अब ट्रेनों पर भी पड़ रहा है, कई ट्रेनें अपने तय समय से लेट हो रही है. वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री की गिरावट होने की संभावना जताई है. उत्तर की सर्द हवाओं की वजह से मैदानी राज्यों में ठंड तेजी से बढ़ रही है, राजस्थान का फतेहपुर सबसे ज्यादा ठंडा रहा, यहां तापमान 4 डिग्री तक चला गया, जबकि पहाड़ी राज्यों में कश्मीर के पहलगाम में तापमान माइनस 3.2 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत में शीतलहर की शुरुआत होने का अलर्ट जारी किया है, क्योंकि अब सुबह और रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है. 

आज इन राज्यों में कोहरे का अलर्ट

दिल्ली
हरियाणा
पंजाब
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश 
बिहार
झारखंड
राजस्थान
मध्य प्रदेश
छत्तीसगढ़ 

दिल्ली समेत अपने राज्यों का AQI का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें.

दिल्ली-NCR में ठंड के साथ घना कोहरा

दिल्ली-NCR में ठंड के साथ घना कोहरा छाया हुआ है. तापमान में गिरावट की वजह से सुबह और रात में ठंड तेज हो चुकी है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह के समय हवा की रफ्तार काफी धीमी रही, जिससे ठंडक और प्रदूषण दोनों का असर बढ़ा. दिल्ली की हवा की गुणवत्ता रविवार को भी बेहद खराब श्रेणी में रही. सुबह के समय AQI-282 दर्ज किया गया, जिसे खराब श्रेणी में माना जाता है. मुख्य प्रदूषक PM2.5 रहा. यही वजह है कि सुबह कोहरे के साथ स्मॉग भी महसूस किया गया. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में सुबह कोहरे का असर 2 दिसंबर तक बना रह सकता है. नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी यही स्थिति रही. सुबह कोहरा दिन में साफ आसमान और शाम होते ही फिर ठंड बढ़ने लगी.

राजस्थान का फतेहपुर सबसे ठंडा

मैदानी राज्यों में भी ठंड तेज हो चुकी है. राजस्थान का फतेहपुर मैदानी राज्यों में सबसे ज्यादा ठंडा है, यहां तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया है. वहीं राजस्थान के 10 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है, मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के सीकर में 28 नवंबर को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मध्य प्रदेश के कटनी के करौंदी में पारा 6.1 डिग्री तक गिर गया. पंजाब के फरीदकोट में सीजन का अब तक का सबसे कम 5.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. हरियाणा के गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

पहाड़ों में माइनस में पारा

उत्तराखंड के बद्रीनाथ में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री और केदारनाथ में माइनस 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिमाचल प्रदेश के ताबो में तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं कश्मीर के श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाने की आशंका है। IMD के मुताबिक, हिमाचल में 3 दिसंबर तक सुबह कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि, बारिश या बर्फबारी की कोई विशेष चेतावनी नहीं है. 

यूपी में घना कोहरा 

यूपी में रविवार की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई है. कुछ इलाकों में धुंध देखने को मिली. IMD के अनुसार यूपी में 30 नवंबर तक सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर, बदायूं, नोएडा में भीषण ठंड के साथ-साथ कोहरा भी दिख रहा है. 

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. केरल, माहे, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. हालांकि 29 नवंबर के लिए इन राज्यों में भारी बारिश का कोई नया अलर्ट नहीं है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. 

ये भी पढे़ंः कोहरा या स्मॉग? सर्दियों में दिखने वाली हर धुंध एक जैसी नहीं, IMD ने बताया दोनो में फर्क

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update Today, Delhi Ncr Cold Alert, Aaj Ka Mausam, UP Weather, IMD Weather Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com