विज्ञापन

दिवाली पर दिल्ली से बिहार, कोलकाता और असम तक आगजनी... डिब्रूगढ़ में 4 की मौत

दिवाली पर असम OIL प्लांट में आग से 4 की मौत हो गई. दिल्ली, गाजियाबाद, कोलकाता, पटना से भी आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं. सूरत में 27 फायर स्टेशन हाई अलर्ट पर रखे गए हैं.

दिवाली पर दिल्ली से बिहार, कोलकाता और असम तक आगजनी... डिब्रूगढ़ में 4 की मौत
दिवाली पर कई शहरों में आग लगने से हादसे.
Photo: Screengrab
  • असम में OIL प्लांट में आग लगने से 4 की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर बताए जा रहे हैं.
  • सूरत में 27 फायर स्टेशनों हाई अलर्ट पर रखा गया है और 4 दिनों की छुट्टी रद्द कर दी गई है.
  • जयपुर में छपरपोश में आग लगने से 8 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई.

दिवाली के मौके पर देश के कई हिस्सों से आग की बड़ी घटनाएं सामने आईं हैं. असम में ऑयल इंडिया के प्लांट में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया और मरने वालों की तादाद बढ़कर 4 हो गई. गुजरात के सूरत में फायर विभाग ने 27 स्टेशनों पर हाई अलर्ट घोषित करते हुए स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दीं. वहीं, दिल्ली के नजफगढ़, गाजियाबाद, कोलकाता, जयपुर और पटना आग लगने से हादसा होने की जानकारी सामने आई है.

बिहार की राजधानी पटना में कंकड़बाग इलाके में ग्रेविटी मॉल के पास एक कंप्यूटर की दुकान में आग लग गई. दमकल विभाग की टीम जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. 

इसके अलावा, पटना के पैजावा स्थित 'राधे कृष्ण स्टील' गोदाम में आग लग गई है. दमकल की कई गाड़ियां मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंचीं.

असम में आग लगने से कई मौतें

असम के डिब्रूगढ़ जिले में ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) के एक संयंत्र में आग लगने की घटना में घायल एक और कर्मचारी की रविवार को मौत हो जाने पर कुल मृतक संख्या बढ़कर चार हो गई है. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) ने हादसे वाली जगह के प्रभारी अपने चारों कर्मियों को निलंबित कर दिया है.

शुक्रवार को आग लगने की घटना में घायल हुए तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है. सभी पीड़ित मुंबई की कंपनी स्पेक्ट्रॉन इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी थे. इस कंपनी को ऑयल इंडिया लिमिटेड ने काम पर रखा था.

डिब्रूगढ़ से लोकसभा सदस्य सोनोवाल ने स्थिति का जायजा लेने के लिए ओआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रंजीत रथ को फोन किया. शर्मा ने अपने प्रधान सचिव को ओआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के संपर्क में रहने का निर्देश दिया है, जिससे घायलों को अच्छी चिकित्सा सुविधा और मृतकों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा सुनिश्चित किया जा सके.

जयपुर में आग लगने से कई मवेशी जिंदा जले

राजस्थान के जयपुर में भीषण आग लगने की जानकारी सामने आई है. जयपुर के रेनवाल में वार्ड नंबर 33 में छपरपोश में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. आग की चपेट में आने से बाड़े में बंधे आठ मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई. वहीं, छप्पर में रखा चारा भी जलकर पूरी तरह राख हो गया. जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 33 में पार्षद बोदूराम कुमावत के बाड़े में अचानक आग लग गई. 

हादसे के बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बाड़े में रखा चारा व अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया. आग में आठ मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई, हादसे में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

दिल्ली और गाजियाबाद में आग लगने से हादसा

रविवार को गाजियाबाद के विजय नगर औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. मौके पर छह फायर टेंडर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. 

अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक, एक अन्य घटना में रविवार शाम दिल्ली में नजफगढ़ रोड के पास नांगली सकरावति में एक इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें एक गारमेंट फैक्ट्री भी स्थित है. आग लगने की जानकारी शाम करीब 4:22 बजे मिली, जिसके बाद आग बुझाने के लिए 25 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए. जानकारी के मुताबिक, आग इमारत की ग्राउंड फ्लोर से शुरू होकर चौथी मंजिल तक फैल गई.

सूरत में दमकल कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

गुजरात के सूरत नगर निगम ने दिवाली के मौके पर अपनी अग्निशमन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा है. निगम ने अपने 27 फायर स्टेशनों में से प्रत्येक पर दो-दो टीमें तैनात की हैं और अगले चार दिनों के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर प्रकाश हेडाऊ ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर टेंडर (दमकल गाड़ियां) और कर्मचारियों को स्टैंडबाय पर रखा गया है.

हेडाऊ ने कहा, 'सूरत में हमारे कुल 27 फायर स्टेशन हैं. हमने हर फायर स्टेशन पर दो-दो टीमें तैनात की हैं और सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व फायर टेंडरों को स्टैंडबाय पर रखा गया है. पटाखे जलाते समय थोड़ी सी भी लापरवाही आग लगने का कारण बन सकती है. इसे ध्यान में रखते हुए, हमारी टीमें और फायर टेंडर पूरी तरह से तैनात हैं. हमने अपने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं; अगले चार दिनों तक किसी को भी छुट्टी नहीं दी जाएगी."

कोलकाता में आग लगने की 2 घटनाएं

कोलकाता में रविवार शाम बेलेघाटा इलाके की एक इमारत में आग लग गई, जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आग रात करीब 8:15 बजे लगी. इमारत में कोई फंसा नहीं था और दमकलकर्मियों ने आग को फैलने से रोक दिया. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुलिस ने यह जानकारी दी है. स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में दमकलकर्मियों की मदद की. 

इससे पहले, गरफा इलाके के नॉर्थ पूर्वांचल रोड पर एक घर की रसोई में एलपीजी सिलेंडर लीक होने से आग लग गई थी. दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया.

 (IANS, भाषा और जयपुर से सोनू गंगवाल के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें | दिवाली पर गोलगप्पे खाने से एक साथ 150 से ज्यादा की बिगड़ी तबीयत, 30 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

यह भी पढ़ें | दिवाली के मौके पर 'जहरीली' हुई दिल्ली की हवा, जानिए क्या है आपके शहर का AQI

यह भी पढ़ें | सपना चौधरी का नया गाना रिलीज, सिर पर मटका, मुंह में पल्लू दबा ठेट देसी अंदाज में नाची हरियाणवी डांसिंग क्वीन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Diwali, Fire Inciden News, Ghaziabad, Bihar, Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com