विज्ञापन

प्रॉपर्टी विवाद में महिला की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार; हरियाणवी कलाकार निकली आरोपी 

पुलिस के अनुसार 27 नवंबर को बेगमपुर थाने में एक PCR कॉल मिली थी. कॉल करने वाले ने बताया कि उसकी मां रेखा की हत्या कर दी गई है.

प्रॉपर्टी विवाद में महिला की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार; हरियाणवी कलाकार निकली आरोपी 
एक महिला की मौत मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.
  • दिल्ली के रोहिणी जिले में 44 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है
  • हत्या की मुख्य वजह पुराना प्रॉपर्टी विवाद था जो मृतका और आरोपियों के बीच चल रहा था
  • पुलिस को 27 नवंबर को PCR कॉल मिली थी, जिसके बाद महिला को अस्पताल ले जाकर मृत घोषित किया गया

दिल्ली के रोहिणी जिले में 44 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. बेगमपुर थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा पुराना विवाद मुख्य वजह था.

PCR कॉल के बाद हरकत में आई पुलिस

पुलिस के अनुसार 27 नवंबर को बेगमपुर थाने में एक PCR कॉल मिली थी. कॉल करने वाले ने बताया कि उसकी मां रेखा की हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम राजीव नगर इलाके में पहुंची और महिला को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया. मोबाइल क्राइम टीम और रोहिणी एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अहम साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने तकनीकी निगरानी, मोबाइल डेटा और खुफिया सूचनाओं की मदद से मामले की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया. लंबी जांच के बाद पुलिस ने अमित और उसकी पत्नी सुमन को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की वजह मिली.

प्रॉपर्टी विवाद बना जानलेवा रंजिश

डीसीपी रोहिणी के मुताबिक मृतका और आरोपियों के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद की वजह से दोनों पक्षों के संबंध खराब हो गए थे. जांच में सामने आया कि बढ़ती रंजिश के चलते कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया.

कौन हैं आरोपी?

गिरफ्तार आरोपी अमित हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और निजी व्यक्ति के यहां ड्राइवर का काम करता है. वहीं उसकी पत्नी सुमन भी सोनीपत की निवासी है. पुलिस के अनुसार सुमन हरियाणवी कलाकार के रूप में काम करती है. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें | दिल्ली में झगड़े के दौरान तीसरी मंजिल से फेंका सिलेंडर, नीचे खड़े शख्स पर गिरा, मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Rohini Murder Case, Delhi Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com