विज्ञापन

50 साल से फुटपाथ पर रहने वाली मह‍िला की डायरी: 14 की उम्र में शादी, 7 बच्चे, 10 नाती-नातिन, बस एक घर नहीं आया

दिल्ली के झंडेवालान फुटपाथ पर रहने वाली एक महिला की कहानी, जिसने सड़क किनारे 7 बच्चों को पाला, 4 बेटियों की शादी की, 10 नाती-नातिन देखे, लेकिन 50 साल बाद भी उसका सबसे बड़ा सपना एक पक्का घर ही बना हुआ है.

50 साल से फुटपाथ पर रहने वाली मह‍िला की डायरी: 14 की उम्र में शादी, 7 बच्चे, 10 नाती-नातिन, बस एक घर नहीं आया
दिल्ली के फुटपाथ पर 50 साल से रह रही महिला की कहानी. (फुटपाथ पर उनका तंबू और प्रहलाद के साथ बैठी मां.)
NDTV

दिसंबर की सर्द रात और अंधेरे को मात देने वाला कोहरा... दूर कहीं स्ट्रीट लाइट टिमटिमा रही थी. दिल्ली में झंडेवालान के साइकिल मार्केट के बाहर सड़क किनारे हमारा 'घर' है. यहां सार्वजनिक शौचालय के सामने फुटपाथ पर बीते 45 साल से हमारा तंबू रूपी घर तना हुआ है. आज तंबू में काफी पानी और ओस भी घुस आई है. परिवार के बाकी लोग गर्दन में घुटने घुसाए उनींदी नींद में हैं. थककर बदन जवाब दे देता है सबका. ऊपर से ठंड में ऐसे अकड़ जाते हैं कि जिस करवट सोएं, सुबह उसी करवट उठते हैं.

पर इस बार ठंड में मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मेरे अंदर कोई आंच जल रही हो. जरा भी ठंड का एहसास नहीं हो रहा.

आज मेरा नौवां महीना पूरा हो गया है, लेकिन बच्चा अभी तक नहीं हुआ. तंग आकर मेरे पति मुझे साइकिल पर बिठाकर सदर बाजार की पहाड़ी गलियों में घुमा लाए. पास में रहने वाले एक आदमी ने कहा था कि इससे बच्चा हो जाएगा. पर शाम के नौ बजे तक जब कुछ नहीं हुआ तो सब सो गए.

मुझे ठीक 12 बजे चाय पीने का मन हुआ. मैंने एक कप चाय बनाई. सड़क पर अभी भी कुछ गाड़ियां आ-जा रही थीं. मेरी नजर उन ईंटों पर जाकर टि‍कीं जो हमें किसी बड़े हादसे से बचाने के लिए मेरे पति ने लगाई थीं. एक टीस उठी कि काश ईंटों की ये लड़ी चार दीवारी में बदल जाए.  मायके में तो अपना घर था यहां पहला बच्‍चा सड़क पर कैसे करूंगी मैं... छोटा ही सही, मुझे एक घर म‍िल जाए... पक्‍का-मकान, अपना घर. ये टीस दर्द में बदली, दर्द सूई की तरह कमर में उभर गया. 

इतना दर्द क‍ि समान भी फट गया. तेज बार‍िश से भी जब मेरी चीखें नहीं दबा पाया तो उसने गरज शुरू कर द‍िया. आंखों से गिरते पानी की बराबरी करने की कोशिश कर रहा था. 

पर मेरे सीने जितना पत्थर भला कहां हो सकता था वह. घूम-घूमकर उठते दर्द के साथ मेरी चीखें और तेज होती गईं. सुबह करीब छह बजे मैंने एक बेटी को जन्म दिया. मेरी जान में जान आई. दर्द कम हुआ और धीरे-धीरे गायब हो गया.

मेरे चेहरे पर सुकून था, लेकिन बाकी सब बेचैन थे. कई औरतों के मुंह से मैंने सुना,

"अरे, इस बार लड़का हो जाता तो अगली बार की चिंता खत्म हो जाती."
Latest and Breaking News on NDTV

AI Generated Image. 

जैसे ही मुझे पता चला कि बेटी हुई है, ऐसा लगा रात भर जो आसमान मैंने अपनी चीखों से सिर पर उठा रखा था, वह एक साथ सारा का सारा मेरे सीने में उतर आया. मेरी तो आवाज ही बंद हो गई. मन किया कि बच्ची को दूध ही न पिलाऊं.

पर यह तो कुछ भी नहीं था. इस एक काली रात के बाद मुझे अपने जापे के कई दिन भी काले होते दिखे.

आप सोचिए, 30 दिन तक खून गिर रहा था. मैं नीचे के गंदे कपड़े बदल-बदलकर थक जाती थी. फिर रात भर उसे गोद में लेकर बैठो. मुझे ऐसा लगने लगा था कि मैं भूत हो गई हूं.

हम गरीबों के पास न खाने का ठिकाना होता है, न नहाने का. महीने के उन सात दिनों में ही तंग हो जाती थी, और यहां पूरे 30 दिन से गंदा खून बह रहा था.

Latest and Breaking News on NDTV

कितनी बार ऐसा हुआ कि मैं पूरे दिन बेहोश पड़ी रही. फिर पति ने संभाला. इसी तरह बेटे के इंतजार में मुझे पांच बेटियां हुईं. फिर कहीं जाकर मेरे घर प्रहलाद आया. मेरा पहला बेटा.

पूरे सात साल तक मैं या तो जापे में होती थी या फिर पेट से. प्रहलाद मेरी छठी औलाद था, लेकिन उसे अकेला तो नहीं छोड़ सकती थी. इसलिए एक साल का और कष्ट उठाया और फिर नारायण हुआ.

आज भी मुझे बारिश का वह दिन याद है, जब तीन छोटे बच्चे और एक दूधमुंही बच्ची को लेकर मैं पूरी रात भीगती रही. मेरे पति तिरपाल की परत-दर-परत लगा रहे थे और चूल्हा न जल पाने की वजह से खाली पेट बच्चों के आंसू और बारिश का पानी एक साथ बह निकले थे.

कभी लू लगी, कभी ठंड ने सताया. कभी तीन-तीन दिन बिना खाए रहे तो कभी दिवाली पर खूब खीर बनी. ऐसे ही यहां 45 साल कैसे निकल गए, पता ही नहीं चला.

मैं और मेरे पति बहुत खुश हैं. आज छोटा बेटा 16 साल का हो गया है. प्रहलाद और नारायण दोनों दुकानों पर काम करते हैं और घर चलाने में मदद करते हैं.

''मैं अपने समाज से 4 टका ब्याज पर पैसे लेकर चार बेटियों की शादी कर चुकी हूं. दो रोहतक में हैं और दो दिल्ली में ही. अच्छे परिवार मिले. थोड़ा दहेज देना पड़ा, लेकिन लोग अच्छे निकले. अब तो मेरे 10 नाती-नातिन भी हो चुके हैं.''

जीवन में किसी चीज की कमी नहीं लगती.

कल रात जब हम सोने लगे तो एक मैडम आ गईं. कहने लगीं कि हमारी कहानी किसी बड़े चैनल में दिखाएंगी. जब उन्होंने कमाई के बारे में पूछा तो उनका चेहरा उतर गया. बोलीं, "बेटियों को भी काम पर भेज दो."

"तौबा-तौबा... कैसी बात कर गईं मैडम. हम ठहरे राजस्थान के राजपूत चौहान. हमारे यहां लड़कियां काम नहीं करतीं. औरत की कमाई खाकर पूरे समाज में थू-थू कराने से अच्छा है कम खा लें."

Latest and Breaking News on NDTV

मैडम हैरान हो गईं. कहने लगीं, "बेटी कमाएगी तो घर में ही तो पैसे आएंगे."

फिर 17 साल के प्रहलाद से पूछने लगीं, "तुम अपनी पत्नी से काम कराओगे? दोनों कमाओगे तो एक पक्का मकान बना सकते हो."

मैंने उसे संस्कार दिए हैं, इसलिए उसने सीधा जवाब दिया,

"नहीं मैडम, कैसी बात कर रही हो. बीवी की कमाई थोड़ी खाऊंगा. ऐसे मकान से तो मेरा फुटपाथ अच्छा है. पूरे समाज में थू-थू कराओगी क्या?"

मेरे प्रहलाद की बात सुनकर मेरा सीना चौड़ा हो गया. पर उन मैडम को हमारी बात समझ ही नहीं आई.

इस बीच जब मैंने अपने पति का नाम बताया तो वह हैरान हो गईं. बोलीं,

"अरे, औरत की कमाई नहीं खाते, तो क्या पति का नाम ले लेते हो?"

फिर बोलीं,

"कर्ज लेकर बेटी की शादी करने से अच्छा होता कि कर्ज लेकर एक घर ले लेते."

अब उन्हें कैसे समझाऊं कि हम गरीबों का कोई नहीं होता. कोई बैंक हमें लोन नहीं देता. सबसे पहले पूछा जाता है कि आप रहते कहां हैं. जब घर ही नहीं, तो लोन कहां से मिलेगा? गिरवी क्या रखेंगे?

मैंने उन्हें अपने समाज के बारे में बताया. समाज बेटी की शादी के लिए कर्ज दे देता है. मुसीबत में साथ भी खड़ा होता है.

वह फिर बोलीं, - "हां, ऐसा साथ जो 4 टका ब्याज लेकर मिलता है."

उनकी यह बात मेरे सीने में रह गई. ठीक वैसे ही जैसे बरसों से हम कर्ज का पैसा चुकाते आ रहे हैं. कम सिर्फ ब्याज हो रहा है, मूल तो वहीं का वहीं है.

उस मैडम ने पूरे तंबू को देखा. बिजली, पानी, नहाने-धोने की व्यवस्था... न जाने क्या-क्या पूछा.

फुटपाथ पर हमारे साथ बैठी थीं. शायद मच्छर काटने लगे थे. बोलीं,

"मच्छर तंग नहीं करते?"

मेरा प्रहलाद जोर से हंस पड़ा. बोला,

"मैडम जी, मुंह कंबल में घुसाओ और खर्र-खर्र सो जाओ. मच्छरों को भी पैसे वालों का खून चाहिए, हम गरीबों का नहीं."

पीछे की कुछ दुकानों से हमने बिजली का तार लिया हुआ है. वह रोज के 50 रुपये लेता है. पीछे के मंदिर के पते पर हमने आधार कार्ड और वोटर कार्ड बनवाए हैं. पीने का पानी सार्वजनिक शौचालय से ले आते हैं. ये आरओ-वाले चोंचले अमीरों के हैं, हमें कुछ नहीं होता.

इसी तरह के कई सवाल-जवाब के बाद वह मैडम चली गईं. लेकिन उनकी कुछ बातें मेरे मन में रह गईं. वह बार-बार प्रहलाद से कह रही थीं कि पहले घर बनाओ, फिर शादी करना. बीवी को कहां रखोगे, सड़क पर?

Latest and Breaking News on NDTV

घर कहां बनाएगा मेरा प्रहलाद?

गांव में कुछ बचा नहीं. सालों पहले सूखा पड़ने के बाद मेरे ससुर 9 साल के मेरे पति को लेकर यहां आए थे. तब से वह इसी जगह रहते हैं. शादी के बाद मैंने भी हर रात तंबू लगाना शुरू कर दिया. मिट्टी का चूल्हा बनाया.

किराए के घर के बारे में तो सोच भी नहीं सकते. 6 से 10 हजार रुपये महीने से कम में कुछ नहीं मिलता.

पूरे फुटपाथ पर मैं और मेरे पति ही सबसे बूढ़े हैं. अब डर लगने लगा है.

जिस फुटपाथ पर हम रहते हैं, वहां पहले हरे रंग की लोहे की रेलिंग हुआ करती थी. लेकिन हमें यहां से हटाने की कई कोशिशों के बाद जब पुलिस सफल नहीं हुई तो कुछ दिन पहले वह रेलिंग भी हटा दी गई.

कई बार खबरें सुनती हूं कि तेज रफ्तार कार ने सड़क पर सो रहे लोगों को कुचल दिया या घायल कर दिया. तब डर जाती हूं. एक-दो बार मुझे बुरे सपने भी आए कि एक बड़ा ट्रक मेरे पति के ऊपर चढ़ गया है. मैं चीखते हुए उठ बैठी थी और पूरी रात नहीं सो पाई.

मेरे इस डर को दूर करने के लिए एक दिन मेरे पति कहीं से 15-20 ईंटें ले आए. उन्होंने तंबू के बाहर कतार से उन्हें सजाया और आखिरी ईंट लगाने के बाद बोले,

"ले मेरी बिंदणी, बना दी पक्की दीवार. अब कोई गाड़ी तुझे छू भी नहीं पाएगी. रोज-रोज आधी रात में चीखने लगती है."
Add image caption here

Delhi woman living on footpath for 50 years: ये है ईंटों की वो दीवार जो बचाव के लि‍ए बनाई गई.

हम रोज सुबह तंबू हटा देते हैं. सारे बिस्तर समेटकर एक गठरी में बांध देते हैं और फुटपाथ की दीवार के पीछे छिपा देते हैं.

हमारे एक मालिक हैं. वह हर मौसम के हिसाब से हमें सामान देते हैं. गर्मियों में हवा वाले खिलौने, सर्दियों में दूसरा माल. हम दिन भर उन्हें बेचकर गुजारा कर लेते हैं.

अब प्रहलाद और नारायण भी मदद करने लगे हैं.

कभी-कभी सोचती हूं कि जो पांच बेटियां हुईं, उनकी जगह बेटे होते तो शायद कमाई और बढ़ जाती. बेटियां हैं तो खर्च भी हैं. तीज-त्योहार, लेन-देन सब निभाना पड़ता है. बेटे होते तो जो दे रहे हैं, वह वापस भी मिलता.

खैर, कोई बात नहीं. भगवान ने बहुत दिया है. क्या हुआ अगर फुटपाथ पर हैं. यही हमारा घर है, यही हमारा बसेरा है, यही हमारा पक्का ठिकाना है.

बेटों को बुद्धि दी है. हां, यह अलग बात है कि वे तीसरी कक्षा से आगे नहीं पढ़ पाए, लेकिन छोटी उम्र में ही बाप का सहारा बन गए.

वह चैनल वाली मैडम तो उन्हें समझा रही थीं कि बहनों और बीवी को काम पर लगाओ. लेकिन मेरे बेटों में संस्कार हैं और समाज की समझ भी.

उन्होंने पूछा था कि सरकार से कैसी मदद चाहिए.

अरे मैडम, कितनी सरकारें आईं और कितनी चली गईं. वोट लेने के बाद सब कुछ फिर पहले जैसा हो जाता है.
Latest and Breaking News on NDTV

फुटपाथ से फेंसिंग हटा दी गई है.  

अगर सरकार हमारी कोई मदद कर सकती है, तो बस इतना करे कि हमें कोई घर दिला दे. रहने का एक पक्का ठिकाना दे दे.

आज 45 साल बाद फिर सर्द रात उतर आई है. कोहरा सड़क पर बिछी ईंटों को ढकने लगा है. मेरी बड़ी बेटी का भी अब नौवां महीना चल रहा है. उसे देखकर कभी-कभी अपना वक्त याद आ जाता है.

सोचती हूं, मेरी मां ने मुझे पढ़ाया होता तो क्या मैं इसी फुटपाथ पर होती? अगर मैंने अपनी बेटियों को पढ़ाया होता तो क्या वे यहां होतीं? इसका जवाब मुझे नहीं पता.

इतना जरूर जानती हूं कि 4 टका ब्याज पर लिया गया कर्ज आज भी पूरा नहीं उतरा और जिस घर का सपना देखा था, वह भी नहीं बना.

मैंने आसमान की तरफ देखा. कोहरे के पीछे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. फिर भी पता नहीं क्यों मन में यही बात बार-बार उठ रही थी कि जिंदगी में अगर एक चीज बदल सकती, तो मैं घर बनाती.

ऐसा ठिकाना, जिसे हर सुबह गठरी में बांधकर छिपाना न पड़े...

गठरी जिसमें 45 साल पुरानी सिलवटें अब भी हैं. उन सिलवटों में कितनी कहानियां. बारिश में भीगी रातें. और सड़क किनारे रफ्तार से दौड़ती गाड़ियों की चीखें भी हैं...

(दृश्यों को अधिक सटीक बनाने और हालातों की मार्मिकता को अंतिम तह तक समझाने और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए लेखक की कल्पनाशीलता का जगह-जगह इस्तेमाल किया गया है.)

Also Read: 

जीबी रोड की एक सेक्स वर्कर मां की कहानी : 'ग्राहक मेरी बेटी की मांग करने लगे थे'

दिल्ली में 30 साल से सड़क पर सो रहे एक रिक्शा वाले की कहानी...

हाथ का कड़ा उतरा तो हो गया तलाक! घर, बच्चे, संपत्ति...महिलाओं से सब छीन लेते हैं, वाघरी औरतों का दर्द रुला देगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Meri Diary, Real Life Story, Real Life Experience, Life On Canvas
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com