साल 1996. रात के करीब 12 बजे. बहराइच के रानीपुर गांव से 250 रुपये की टिकट लेकर एक युवक दिल्ली पहुंचा. जेब में ज्यादा पैसे नहीं थे, लेकिन उम्मीद थी कि मेहनत शायद उसकी जिंदगी बदल देगी. वह उस रात अंधेरे से डरा हुआ था... लेकिन उसे नहीं पता था कि यही अंधेरा उसके जीवन में उजाला लाएगा.
उस युवा का नाम था लच्छीराम यादव.
गांव में रोजगार के सीमित अवसर थे, इसलिए वह दिल्ली चला आया. शुरुआत में कुछ दूसरे काम किए, लेकिन पिछले 25 साल से साइकिल रिक्शा चला रहा है. दिल्ली के करोल बाग की जोशी रोड अब उसकी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है. दिनभर सड़कों पर रिक्शा चलाना, होटल में खाना खाना और रात को सड़क के एक कोने में सो जाना, यही उसकी दिनचर्या है.
दिल्ली आकर लच्छीराम ने सड़क के जिस कोने को अपना घर बनाया आज 30 साल बाद भी वहीं रह रहा है.
पहली नजर में उसकी जिंदगी संघर्ष की कहानी लगती है. लेकिन लच्छीराम से बातचीत शुरू होते ही समझ में आने लगता है कि वह अपनी जिंदगी को किसी बोझ की तरह नहीं, बल्कि अपनी पसंद की तरह जी रहा है.

Real Story of a Rickshaw Wala: लच्छीराम यादव साल 1996 में बहराइच के रानीपुर से दिल्ली आए थे.
धूप हो, बारिश हो या कड़ाके की सर्दी, लच्छीराम रोज पैडल मारता है. पिछले 25 साल की यही मेहनत आज उसके गांव में दिखाई देती है. मुझे लच्छीराम से मिलकर रामधारी सिंह 'दिनकर' याद आए, लेकिन थोडे अलग शब्दों के साथ-
जब वह अपने घर की बात करता है तो चेहरे पर अलग ही चमक आ जाती है.
"दीदी, 25 साल से रिक्शा चला रहा हूं. भले ही यहां मेरे सिर पर छत नहीं है, लेकिन बच्चों के लिए गांव में पक्का मकान बना दिया है. पूरे आठ लाख रुपये लगे हैं. मंदिर भी बनाया है."
यह कहते हुए वह सड़क की तरफ इशारा करता है और मुस्कुरा देता है. जैसे उसकी सारी मेहनत उसी मुस्कान में दिखाई दे रही हो.

Real Story of a Rickshaw Wala: लच्छीराम का घर.
एक दिन में कितनी कमाई हो जाती है?
लच्छीराम के मुताबिक, रिक्शा चलाकर उसकी कमाई हर दिन एक जैसी नहीं होती.
रिक्शा उसका अपना नहीं है. वह रोज 50 रुपये किराए पर रिक्शा लेता है.
"50 रुपये दिन के किराए पर रिक्शा लेता हूं. दिनभर चलाता हूं. रात में मालिक को वापस दे देता हूं. उसी के पास एक होटल है, वहीं खाना खा लेता हूं और आसपास ही सो जाता हूं."

Life on Canvas: Real Story of a Rickshaw Wala.
बचत का उसका अपना गणित है
जब मैंने उससे पूछा कि आखिर इतने सालों में उसने पैसे कैसे बचाए, तो उसने बड़ी सहजता से अपनी रोज की गणित बता दी.
उसने यह बात ऐसे कही जैसे इसमें कुछ खास हो ही नहीं. लेकिन शायद यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. वह कमाई बढ़ाने से ज्यादा खर्च नियंत्रित रखने में विश्वास करता है.
अपना रिक्शा क्यों नहीं खरीदते?
जब उससे पूछा कि 12-13 हजार रुपये का रिक्शा आता है, फिर अपना क्यों नहीं खरीद लेते, तो उसका जवाब तैयार था.
यह जवाब सुनकर समझ आता है कि लच्छीराम सिर्फ मेहनत नहीं करता, वह अपनी जिंदगी का हिसाब भी बड़ी सावधानी से रखता है.

कमरे में क्यों नहीं रहते?
दिल्ली में इतने साल गुजारने के बाद भी वह किराए का कमरा नहीं लेता.
जब मैंने पूछा कि इतना कमाते हो तो कमरा लेकर क्यों नहीं रहते, तो वह हंस पड़ा.
उसके लिए सिर पर छत से ज्यादा जरूरी पैसे बचाना है. वह उन चीजों पर खर्च नहीं करना चाहता जिन्हें वह अपनी जरूरत नहीं मानता.
छह बच्चों की जिम्मेदारी
लच्छीराम के छह बच्चे हैं. तीन बच्चों की शादी हो चुकी है. उसके दो बेटे दिल्ली में काम करते हैं. वह बताता है कि बच्चे मैट्रिक तक पढ़ चुके हैं.
दिलचस्प बात यह है कि खुद लच्छीराम मैट्रिक की परीक्षा पास नहीं कर पाया था. इसके बाद ही वह दिल्ली आ गया था.

Real Story of a Rickshaw Wala: लच्छीराम ने अपने गांव में बनवाया मंदिर.
बेटे के साथ भी नहीं रहता
उसका एक बेटा दिल्ली में किराए के कमरे में रहता है, लेकिन लच्छीराम उसके साथ नहीं रहता.
"नहीं-नहीं, वह अपने दोस्तों के साथ रहता है. कहां उसे तंग करूंगा."
उसके इस जवाब में भी एक किस्म की स्वतंत्रता झलकती है. वह किसी पर बोझ नहीं बनना चाहता. जब मन करता है, काम करता है. बातचीत के दौरान लच्छीराम ने कहा -
करोल बाग की सड़क पर सोने वाला यह आदमी शायद आर्थिक रूप से बहुत संपन्न नहीं है. लेकिन उसके पास वह संतोष है, जिसे पाने के लिए अक्सर ज्यादा कमाने वाले लोग भी पूरी जिंदगी भागते रहते हैं.
लच्छीराम की बातों में शिकायत नहीं थी. दिल्ली आने वाले लाखों लोगों की तरह वह भी बेहतर जिंदगी की तलाश में घर से निकला था, लेकिन उसकी सफलता की परिभाषा शायद अलग थी.
उसने कोई दुकान नहीं खोली, कोई कारोबार नहीं खड़ा किया, न ही शहर में अपना घर बनाया. लेकिन उसने गांव में अपने बच्चों के लिए पक्का मकान खड़ा कर दिया. तीन बच्चों की शादी कर दी. कमाई चाहे 600 रुपये हो या 1000 रुपये, उसने अपने खर्च को हमेशा अपनी कमाई से छोटा रखा.
जब मैंने ई-रिक्शा का जिक्र किया और कहा कि उससे कमाई बढ़ सकती है, तब भी उसके चेहरे पर ज्यादा कमाने की कोई बेचैनी नहीं दिखी. जैसे वह उस दौड़ का हिस्सा ही नहीं बनना चाहता, जिसमें हर आदमी अगले कदम की चिंता में भाग रहा है.

Real Story of a Rickshaw Wala.
करोल बाग की सड़क पर सोने वाला यह आदमी शायद आर्थिक रूप से बहुत संपन्न नहीं है, लेकिन उसने अपनी जरूरतों को इतना सीमित कर लिया है कि उसके पास शिकायत के लिए बहुत कम और संतोष के लिए बहुत कुछ बचा है.
उस दिन मुझे लगा कि लच्छीराम सिर्फ रिक्शा नहीं चलाता. वह रोज अपनी इच्छाओं पर भी लगाम लगाता है. शायद इसी वजह से जिस आदमी के सिर पर खुद की छत नहीं है, वह अपने गांव में एक घर और मंदिर खड़ा कर पाया. धूप, घाम, पानी और पत्थर के बीच पैडल मारते-मारते लच्छीराम ने सिर्फ पैसे नहीं जोड़े, उसने अपने तरीके का सुकून भी कमा लिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं