विज्ञापन

हाथ का कड़ा उतरा तो हो गया तलाक! घर, बच्चे, संपत्ति...महिलाओं से सब छीन लेते हैं, वाघरी औरतों का दर्द रुला देगा

दिल्ली के रघुवीर नगर में बसे गुजरात के वाघरी समाज की महिलाएं सुबह 3 बजे से मंडी लगाकर घर चलाती हैं, लेकिन घर के भीतर उनके पास न बच्चों पर हक है और न ही संपत्ति पर. पढ़िए ये ग्राउंड रिपोर्ट.

हाथ का कड़ा उतरा तो हो गया तलाक! घर, बच्चे, संपत्ति...महिलाओं से सब छीन लेते हैं, वाघरी औरतों का दर्द रुला देगा
"तलाक हुआ तो बच्चे भी नहीं मिलेंगे..." दिल्ली की इस बस्ती में महिलाओं ने सुनाई अपनी कहानी
AI Generated Image (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)

पहला दृश्य :

दिल्ली के रघुवीर नगर की एक संकरी बस्ती. चारपाई, स्टूल और प्लास्टिक की नीलकमल कुर्सियों पर बैठे बुजुर्गों का एक घेरा. इस भीड़ में ज्यादातर पुरुष थे. कोने में सिमटी बाकी औरतें अलग-अलग रिश्तों के खांचों में बंटी हैं- कोई बहू है, कोई बेटी, कोई मां, तो कोई सास-ननद.

आज सबकी गर्दनें झुकी हैं, सांसें थमी हैं और आंखें पथरा गई हैं.

घेरे के ठीक बीचों-बीच एक औरत खड़ी है. उसके ठीक सामने ज़मीन पर दो सफेद प्लास्टिक के कड़े पड़े हैं. कुछ ही पल पहले दो बुजुर्गों ने भरी पंचायत में उसके दोनों हाथों से ये कड़े खींचकर उतारे हैं. तभी एक पंच खड़ा होता है और सबके सामने उस औरत की साड़ी का पल्ला एक सिरे से चीर देता है.

कपड़ा फटने की उस आवाज़ ने मानो उस औरत को भीतर तक चीर दिया. वह चीख कर ज़मीन पर गिर पड़ी. नजर उठाकर उसने सामने खड़े अपने पांच बच्चों को देखा, लेकिन इससे पहले कि वह कुछ कह पाती, दूसरी औरतें बच्चों को खींचकर एक कच्चे मकान के भीतर ले गईं. वह औरत वहीं ज़मीन पर पड़ी रही.

यह किसी फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं, बल्कि देश की राजधानी दिल्ली में बसे गुजरात के वाघरी समाज की स्थानीय महिलाओं द्वारा बताए गए विवरणों के आधार पर तलाक की प्रक्रिया का एक पुनर्निर्मित दृश्य है.

Latest and Breaking News on NDTV

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर (AI Generated Image.)

स्थानीय महिलाओं का दावा है कि शादी के वक्त ससुराल वाले दुल्हन को खास तरह के कड़े पहनाते हैं- परंपरा हाथी दांत के कड़ों की है, लेकिन गरीबी के कारण महिलाएं प्लास्टिक के कड़े पहनती हैं. स्थानीय महिलाओं के अनुसार अगर पति या पत्नी में से कोई भी ये कड़े उतार दे, तो मामला सीधे समाज की पंचायत में जाता है.

स्थानीय महिलाएं बताती हैं कि पंचायत में भरी भीड़ के सामने कड़े उतारकर और साड़ी का पल्‍ला फाड़कर रिश्ता खत्म कर दिया जाता है. जैसा क‍ि हमें यहां मह‍िलाओं ने बताया इस एकतरफा तलाक के बाद महिला का न पति की संपत्ति पर कोई हक बचता है, और न ही अपने पैदा किए बच्चों पर.

दिल्ली के रघुवीर नगर में रहने वाले गुजरात मूल के वाघरी समाज में आज भी पंचायत के जरिए तलाक दिया जाता है, जहां महिला के कड़े उतरवाकर, साड़ी का पल्‍ला फाड़ा जाता है और उसे बच्चों व संपत्ति के अधिकार से वंचित कर दिया जाता है. स्थानीय महिलाओं और समुदाय के कुछ सदस्यों का दावा है कि इस समुदाय में पंचायत के जरिए वैवाहिक संबंध समाप्त करने की प्रथा प्रचलित है.

हैरानी की बात तो यह है क‍ि द‍िल्‍ली के बीचोंबीच इस इलाके में हो रही स्थानीय पंचायत इस प्रथा की किसी को कानोंकान खबर नहीं. यहां तक की खुद इस समाज के पुरुष इसकी पुष्टि करने से कतराते हैं. स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कहीं भी इसके लिखित नियम, निर्णय या पंचायत रिकॉर्ड का सबूत मौजूद नहीं है. जिन महिलाओं का तलाक हो चुका है वे भी अपने समाज के डर से खुलकर कुछ कहने को तैयार नहीं. 

दूसरा दृश्य (आर्थिक ताकत, सामाजिक बेबसी) :

बस्ती से बाहर निकलते ही एक बोर्ड दिखता है- 'गुजरात वाघरी समाज'. रघुवीर नगर का यह इलाका पुराने कपड़ों के बाज़ार के लिए मशहूर है. बाहर से देखने वालों को लगता है कि इस समाज में महिलाओं की चलती है, क्योंकि वही घर चलाती हैं.

स्थानीय महिलाओं का दावा है क‍ि वे रोज़ सुबह 3 बजे उठकर मंडी लगाती हैं. दिन भर गलियों में फेरी लगाकर पुराने कपड़ों के बदले बर्तन बेचती हैं. अकेले दम पर पूरे परिवार का पेट पालने का माद्दा रखने वाली इन औरतों को देखकर कोई भी इन्हें 'मजबूत' मान लेगा.

बातचीत में शामिल कई महिलाओं ने कहा कि आर्थिक रूप से सक्रिय होने के बावजूद घरेलू और सामुदायिक फैसलों में उनकी भूमिका सीमित रहती है. बस्ती की गलियों में जब मैंने इनसे बात की, तो आत्मनिर्भरता के दावों के पीछे छिपी बेबसी की एक अलग ही तस्वीर सामने आई.

Latest and Breaking News on NDTV

वाघरी समाज की मह‍िलाएं. दाएं से अपने बेटे के साथ मीठी, रेखा (बीच में, ज‍िन्‍हें शीला नाम दिया गया) रेखा (सुकून की तलाश में श्‍मशान जा रही थी रेखा).

तीसरा दृश्य (महिलाओं की कहानी, उनकी ही जुबानी) :

दिल्ली के रघुवीर नगर की सड़क पर कैमरा, पेपर पेन लिए खड़ी मैं और दूर से सपाट पीला मुंह लिए भागती एक महिला मेरे करीब आती हैं. मुंह में चूना और भावहीन चेहरा. ये रघुवीर नगर रहने वाली रेखा हैं. वह किसी भी दूसरी विवाहित महिला से अलग दिख रही थी. उनके माथे पर न बिंदी थी न ही मांग में सिंदूर.

जब मैंने उससे पूछा कि क्या तुम्हारे पति नहीं है, तो वह बोली दीदी क्या बोलती हो... तुमको मेरे हाथ में ये कड़े नहीं दिखते भला...

रेखा ने बताया कि उनकी शादी कम उम्र में हुई थी. इस दौरान मैं दो और महिलाओं से मिली. दो महिलाओं ने पंचायत के नियमों को स्वाभाविक और सही बताया. वे इन व्यवस्थाओं पर सवाल नहीं उठा रही थीं. उन्‍हें लग रहा था कि जो उनके साथ होता है वही तो सामान्‍य है. दुन‍िया ऐसे ही तो चलती है...

उसने बताया दीदी मैं श्मशान जा रही थी. जब मैंने पूछा क्यों, तो बताने लगी कि घर में जब रोज रोज झगड़े होते हैं और मैं सुन-सुनकर थक जाती हूं तो अक्सर वहां चली जाती हूं. वहां से ज्यादा शांति और कहां मिलेगी.

मैं उसका मुंह देखती रह गई. वह श्मशान घाट जा रही थी. इसलिए नहीं कि कोई मर गया था, शायद इसलिए कि उसके अंदर कुछ रोज मरता है, जिसे वह अंतिम विदा देती है और कुछ हिस्से में नई रेखा जन्म लेती है, जिसे अपने साथ लाती है. और उसके साथ जीती है. लेकिन शायद उसका समाज इस नई रेखा को भी ज्यादा दिन जीने नहीं देता. और वह फिर कुछ दिनों में दौड़ पड़ती है श्मशान की तरफ...

रेखा खुद 28 साल की है और उसके 5 बच्चे हैं. पति कुछ कमाता नहीं, आए दिन का कलेश. जब मैंने रेखा से पूछा कि तुम छोड़ क्यों नहीं देती अपने पति को. तो उसने कहा दीदी तलाक का मतलब है मेरे बच्चे भी मुझे नहीं मिलेंगे. चाहे कुछ भी हो हमारे यहां तलाक के बाद बच्चे औरत नहीं रख सकती. क्योंकि वो जिसका बीज है उसी के पास रहेंगे.

मैं तो रोज सोचती हूं इस नर्क से निकल लूं. लेकिन जाऊं कहां. अगर तलाक हुआ तो मैंने यहां आज तक जितना कमाया वो भी इन्हें ही देना पड़ेगा, बच्चे भी इनके पास रहेंगे. कहां जाऊंगी मैं...

मैंने कहा मां के घर जाना. पिता की संपत्ति होगी न, वहां भी तो तुम्हारा अधिकार है.

इस सवाल का जवाब दिया मीठी ने. मीठी भी वहीं रहती है और गुजराती वाघरी समाज का हिस्सा है उसने बताया कि उनके समाज में बेटी को पिता की संपत्ति में कोई अधिकार नहीं. और अगर पति से तलाक ले लिया तो वहां से भी आपको खाली हाथ जाना होता है.

पास ही खड़ी शीला एक दूसरी महिला (नाम तो इनका भी रेखा ही था, लेकिन किसी तरह की दुविधा से बचने के लिए मैंने बदल दिया है), ने बताया कि तलाक के बाद गुजारा भत्ता तो दूर आपको वह कपड़े भी पति को वापस लौटाने होते हैं, जो आपने उस वक्त पहन रखे होते हैं. एक बार साड़ी का पल्‍ला फाड़ने के बाद औरत को पेटीकोट तक वापस लौटाना होता है. रेखा ने टूटी आवाज में कहा था-

हमारे समाज के पास हमारे लिए कुछ नहीं.

शीला ने बताया कि अगर शादी के दौरान औरत ने कुछ कमाया, जोड़ा खरीदा या बनाया है, तो वह भी पति का ही है. हां, मायके से आया सामान अगर मायके वाले मांग लें, तो ही वापस लिया जा सकता है वर्ना वह भी नहीं.

मीठी ने बताया कि उनकी लव मैरिज हुई थी. वे शादी से पहले एक दूसरे से प्यार करते थे.

मैंने मीठी को बीच में टोका और पूछा कि ''पहले मतलब? बाद में नहीं करते क्या?''

मीठी कुछ देर चुप हुई और फिर बोली. कैसा प्यार मैडम. एक ही रट लगा रखी है बच्चे करो, बच्चे करो. तीन बच्चे हैं, दो बेटी और एक बेटा. तीनों ऑपरेशन से हुए. डॉक्टर ने तो दो के बाद मना कर दिया था, लेकिन दाई ने बताया कि तीसरा बेटा ही होगा, तो पति ने कहा करो करो. अब भी रोज पीछे पड़े रहते हैं कि और बच्चे करो, बेटा हो जाएगा. कहता है कि मैं ले जाऊंगा डॉक्टर के पास, तू कर ले... मैडम मैं डॉक्टर बोली थी कि तीसरे में भी मर जाएगी, ये मानता नहीं, कह रहा है दो और कर...

इन तीनों के ही 5-5 बच्चे थे. बेटे की चाह में लगातार बच्चे पैदा करने का दबाव बनाया गया. इन महिलाओं का दावा था कि उनकी शादी कम उम्र में कर दी गई थी.

यानी, न पैसे, न बच्चे... ना मायके में हक... बस काम करो, ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करो... आखिर वाघरी समाज की औरतों के पास क्या बचा है, वे जाएं तो कहां जाएं... महिलाओं का कहना था कि तलाक के सभी न‍ियम आदमी के हक में हैं.

(बताती चलूं कि ये बातचीत करते समय मैंने कैमरा ऑन रखा था ताकि बातचीत याद रहे. तीनों को इस बारे में पता भी था.)

रेखा, मीठी और शीला तीनों एक दूसरे से आज पहली बार मेरे जरिए ही मिल रही थीं. लेकिन उनके सांझे दर्द से उनके भीतर अपनापन फूट पड़ा. और तीनों, जो पहले एक दूसरे से अंजान थीं अब अपनी स्थिति पर चर्चा करने लगीं.

चौथा दृश्य (कैमरा देखते ही भागे समाज के पुरुष) :

यहां पुरुषों का पक्ष समझना भी जरूरी थी. र‍िपोर्ट‍िंंग के दौरान वहां मुझे जींस पेंट पहनें, वुल्फ हेयरकट में एक स्टाइलिश पुरुष दिखे. मुझे लगा ये खुलकर बात करेंगे. बीतचीत शुरू हुई. उन्‍होंने बताना शुरू कि - हां दीदी, हमारे यहां पुलिस, कोर्ट कचहरी नहीं होता, हमारा तो अपना ही पंचायत में फैसला होता है हर बात का....

"हमारे यहां पुलिस या कोर्ट-कचहरी नहीं होती. हर फैसला हमारी अपनी पंचायत ही करती है."

मैंने इस बार जैसे ही कैमरा ऑन किया वे भाग खड़े हुए. कहने लगे कि आप ये क्या कर रही हैं. हमें समाज से निकाल देंगे. हम कुछ बोल नहीं सकते. हमें मना है…

पांचवां दृश्य (पुल‍िस का रोल) : 

इस बीच मैंने बात की रघुवीर नगर पुलिस चौकी के एसआई किशोर प्रसाद मीणा से और जानना चाहा कि इस तरह के कितने मामले चौकी या थाने में आते हैं. उन्होंने कहा कि -

'' आप शाम तक रुकिए, यहां छह बजते ही रोज 8-10 महिलाएं चौकी पर आ जाती हैं. कभी किसी लड़ाई को लेकर तो कभी कौन से झगड़े पर..., लेकिन इस तरह का कोई मामला कभी नहीं आता. ये अपने मामलों में अपनी ही पंचायत में सुलझाते हैं, जैसा कि खबर है.''

जब हमने पुलिस से ये पूछा कि पंचायत से कैसे मिला जा सकता है, तो एसआई साहब ने बताया कि यह तो बहुत मुश्किल है. क्योंकि किसी को नहीं पता कि वे कौन लोग हैं. वे छिपकर ही रहते हैं और किसी को कानोंकान खबर नहीं होने देते. ये उनके समाज के अंदर की बात है. जो ये लोग बाहर नहीं आने देते.

छठा दृश्‍य (एक्‍सपर्ट की बात) :

महिलाओं की स्थिति को बेहतर ढंग से समझने के लिए एनडीटीवी ने केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के सामाजिक कार्य विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. जयकांत सिंह से बात की. डॉ. सिंह जनजातीय और वंचित समुदायों, विशेषकर महिलाओं की सामाजिक स्थिति पर लंबे समय से शोध और फील्डवर्क करते रहे हैं.

डॉ. जयकांत सिंह के अनुसार, वाघरी समुदाय की जड़ें गुजरात के जूनागढ़,दाहोद क्षेत्र के साथ साथ लगभग अधिकतर जिलों के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से जुड़ी मानी जाती हैं और इसकी आबादी गुजरात,राजस्थान,मध्य प्रदेश तथा महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी पाई जाती है. उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से समुदाय में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए गए, हालांकि सामाजिक बदलाव की प्रक्रिया अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है.

जिन क्षेत्रों में उन्होंने काम किया, वहां कई महिलाओं की शिक्षा, सरकारी योजनाओं और अपने कानूनी अधिकारों तक पहुंच सीमित देखी गई. उनके अनुसार सामाजिक और आर्थिक निर्भरता के कारण कई महिलाएं अपने अधिकारों का उपयोग नहीं कर पातीं.

प्रोफेसर डॉ. जयकांत सिंह

सोशल मीडिया और सूचना के बढ़ते प्रसार के बावजूद, डॉ. सिंह मानते हैं कि समुदाय की कई महिलाओं में भविष्य की सुरक्षा और सामाजिक समर्थन को लेकर आशंकाएं बनी रहती हैं, जिसके कारण वे पारंपरिक व्यवस्था से बाहर निकलने में हिचकती हैं. इस समुदाय के ग्रामीण क्षेत्रों मे रहनें वाले लोगों को अभी भी समाज के मुख्य धारा मे लाने व उनके विकाश की आवश्यकता है.

सातवां दृश्‍य (क्या कहता है देश का कानून?) : 

बात और इन मह‍िलाओं के हालात की गंभीतरा को देखते हुए अध‍िकारों को समझना भी जरूरी थी. मैंने बात की मानवाधिकार कार्यकर्ता और सर्वोच्च न्यायालय अधिवक्ता एंथनी राजू से. उनसे कुछ सवाल पूछे ज‍िनके जवाब कुछ इस तरह रहे- 

1. रघुवीर नगर के वाघरी समाज की पंचायत बेटियों को पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं देती. क्या भारत में किसी ट्राइब या समाज में पिता की संपत्ति में बेटी के अधिकार को लेकर अलग नियम हैं?

एंथनी राजू कहते हैं कि कोई भी पंचायत कानून से ऊपर नहीं है, हाई कोर्ट से, सुप्रीम कोर्ट से ऊपर नहीं है. जहां महिलाओं के हक का सवाल है, अब जैसे आपने पूछा कि क्या किसी समाज या जनजाति में बेटी को पिता की संपत्ति से हिस्सा नहीं मिलता? तो हर समाज, धर्म या ट्राइब के अपने अलग नियम हो सकते हैं, लेकिन केवल पंचायत के कहने से कोई नियम कानून नहीं बन सकता. हम लोग संविधान के दायरे में जीते हैं. हर परंपरा को भारतीय कानून और संविधान के अनुसार चलना ही होगा.

2.  पिता की संपत्ति में बेटी का हक होता है या नहीं?

एंथनी राजू के अनुसार संपत्ति में अधिकार बिल्कुल हैं. हिंदू उत्तराधिकार कानून जो हमारे देश में लागू है, बेटी को बेटे के बराबर जो एंसेस्ट्रल प्रॉपर्टीज हैं उसमें पूरा अधिकार देता है. पिता की बिना वसीयत के डेथ होने पर भी बेटी को बेटे के बराबर हिस्सा मिल सकता है. लेकिन यह देखना बहुत जरूरी है कि परिवार पर कौन सा कानून लागू होता है, अब वो हिंदू एक्ट है, क्रिश्चियन एक्ट है या मुस्लिम एक्ट, कौन सा एक्ट है, यह देखना पड़ेगा. एंथनी राजू के अनुसार, उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह मामला हिंदू उत्तराधिकार कानून के दायरे में आ सकता है.

3.  शादी के बाद तलाक होने पर बच्चों पर मां का हक कितना होता है? वाघरी समाज में बच्चों पर मां का हक नहीं माना जाता क्योंकि उन्हें पिता का बीज माना जाता है?

एंथनी राजू के अनुसार बच्चों पर मां का अधिकार होता है. मां और बाप ये दोनों ही बायोलॉजिकल पेरेंट्स होते हैं, जितना हक प‍िता का उतना ही हक मां का भी होता है. मां को आप अलग तो कर नहीं सकते. जितनी जिम्मेदारी प‍िता की है उतनी ही मां की भी है. मां को भी कस्टडी दी जा सकती है, डिपेंड करता है कि उसकी फाइनेंशियल कंडीशन क्या है, वहीं पिता की सोशल कंडीशन के आधार पर उसे भी दी जा सकती है.

4. पति से अलग होने पर पत्नी के क्या अधिकार हैं? वह संपत्ति में से क्या-क्या पा सकती है?

एंथनी राजू ने कहा कि यह निर्भर करता है. कई बार जब पत्नी अपनी मर्जी से पति का घर छोड़ चली जाती है तो रूल कुछ और बन जाते हैं, या पति अपनी पत्नी को निकाल देता है या उसको डिप्राइव कर देता है तो उसके नियम कुछ और होते हैं. उस महिला को पूरा अधिकार है कि वह कोर्ट जा सकती है. घर पर अधिकार, स्त्री धन, बच्चों की पढ़ाई और मेंटेनेंस के लिए वह मांग कर सकती है.

5. अगर किसी समाज या ट्राइब की महिला को पंचायत में इस तरह तलाक दिया गया है, और उसे संपत्ति और बच्चे नहीं दिए गए हैं, तो वह क्या कर सकती है? उसके अधिकार क्या हैं?

भारत में हम धर्म और समाज को आगे लेकर चलते हैं. पंचायत के फैसले को महिलाएं अदालत में चुनौती दे सकती हैं. अपनी संपत्ति के अधिकार के लिए मुकदमा भी कर सकती हैं, बच्चों की कस्टडी के लिए फैमिली कोर्ट भी जा सकती हैं और पति से अपना मेंटेनेंस भी मांग सकती हैं. पुलिस और महिला आयोग जैसे काफी संगठनों से मदद ले सकती हैं. बहुत मुफ्त कानूनी मदद भी मौजूद है.

''और सबसे बड़ी बात कि पंचायत का फैसला कोर्ट के फैसले से ऊपर नहीं हो सकता, हो ही नहीं सकता...''

सर्वोच्च न्यायालय अधिवक्ता एंथनी राजू 

आठवां और अंत‍िम दृश्‍य (तस्‍वीर बदलनी चाह‍िए ...) 

कल जब मैं वहां से लौटी तो ऐसा लगा पीछे कुछ वहीं छूट गया है. ऐसा लगा जैसे क्या करूं कि रेखा को दोबारा श्मशान जाने का मन न करे. ऐसा क्या बदलाव हो कि मीठी को बिना उसके मन के चौथा बेटा करने से बचाया जा सके, और कैसे कम उम्र में ढल रही शीला को राहत दी जा सके यह कहकर कि अब उसका पति उसपर हाथ नहीं उठाएगा...

कैसे शीला और मीठी को इस बात पर यकीन दिलाऊं कि उनके माता पिता की संपत्ति पर उनका भी हक है और कैसे रेखा को जता पाऊं कि उसके समाज के हाथ नहीं कानून के हाथों में उसके हक का बहुत कुछ है...

इस पूरी र‍िपोर्ट को करते करते मेरे जहन में दुष्यंत कुमार कौंध गए - 

सिर्फ़ हंगामा खड़ा करना मिरा मक़सद नहीं,
मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए.

ड‍िस्‍क्‍लेमर : यह रिपोर्ट रघुवीर नगर स्थित वाघरी समुदाय के कुछ सदस्यों और महिलाओं से हुई बातचीत पर आधारित है. NDTV इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता. समुदाय के प्रतिनिधियों का पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर प्रकाशित होने तक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी. प्रतिक्रिया मिलने पर स्टोरी अपडेट की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ground Report, Delhi, Women Rights, Delhi News, Women Rights News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com