वो मेरे सामने बैठी थी, पुराना सा सूट पहनें, दुपट्टे से सिर को ढक कर वह देखने में आम सी महिला ही थी.
मेरे मन में सेक्स वर्कर की एक बिल्कुल अलग तस्वीर थी. मुझे लगा था कि मेरे सामने एक ऐसी महिला होगी जिसे फिल्मों और किस्सों ने मेरे दिमाग में बना रखा था. जैसे कोई डार्क रंग की लिपस्टिक लगाए, किलो भर मेकअप पोते और शायद पान चबाती हुई औरत मेरे सामने होगी... लेकिन नहीं, यह तो एकदम साधारण सी महिला थी, जिसे मेकअप तो दूर अपने कपड़ों का भी होश नहीं था. उसके बच्चों का स्कूल से आने का समय हो गया था, इसलिए अब वह पूरे दो घंटे मेरे साथ बैठने के बाद पहली बार बेचैन सी दिखने लगी थी.
वह बार-बार फोन देख रही थी. बेचैनी से. मैंने कहा, "आप इतनी चिंता न करें, बच्ची घर आ जाएगी समय से, मैं ले आऊं क्या अपनी कार से..."
उसने फोन को साइड में रखा. अपनी तर्जनी को खुरदरे होंठों पर रखा और जोर-जोर से श्श्श्श्श्... की आवाज निकालने लगी. वह घबरा सी गई. दो घंटे की हमारी बातचीत में संगीता (काल्पनिक नाम) पहली बार घबराई या डरी हुई दिखी.
उसके माथे से सारे तनाव का नमक सोखते हुए पसीने की एक लंबी धार नाक पर आकर फिसल गई... मैं हैरानी से उसे देख रही थी. नवंबर का महीना, तकरीबन ठंड यानी पंखे तक बंद हो चुके हैं. फिर भी वह पसीने से भीग रही है...
उसने बताया उसकी बेटी हास्टल में पढ़ती है. वह स्कूल से घर नहीं हास्टल लौटती है और लौट कर उसे फोन करती है. उसके फोन के बाद ही उसे चैन आता है. यहां किसी को नहीं पता कि वह कहां और किस हास्टल में है.
अब उस जगह का परिचय जरूरी है जहां यह बातचीत हो रही थी. मैं बैठी हूं दिल्ली के जीबी रोड पर. कोठा नंबर XX में. यहां तक आने के लिए मुझे चढ़नी पड़ी हैं 30 अंधेरी, संकरी और मैली सीढ़ियां...
पैसेज के दाईं ओर 4 बाई 6 का कमरा है. दरवाजा तो लगा ही नहीं है इस पर. एक पुरानी गली सी साड़ी का पर्दा टंगा है. एक चारपाई, एक पंखा, गंदी दीवारें और घुप्प अंधेरा... बस इतना भर था वह कमरा...
इसी कमरे से सटा ऐसा ही दूसरा कमरा, इसके बाद पीछे पैर रख सकने लायक बालकनी, जो किचन थी और इससे सटा एक और कमरा.
पैसेज के बाईं ओर एक बड़ा हाल है, जो शायद 8 बाई 9 का कमरा है. इसके अंदर घुसते ही सामने की दीवार पर जाली वाला बड़ा जंगला है. जंगला थोड़ा ऊंचाई पर है तो नीचे एक तख्त लगा रखा है. इसी तख्त पर वह मेरे सामने बैठी है और मुझे सम्मान के तौर पर कुर्सी दी गई है.
संगीता, बीते 20 साल से इस धंधे में है. उसे उसका पति सुरेश यहां बेच गया था. महज 15000 रुपये में. यह पहली बार नहीं था जब संगीता का दाम लगा था. इससे पहले उसे उसके पिता ने सुरेश को 3000 में बेचा था.
संगीता ने बताया -
"दीदी, जब यहां आई थी तो 15 साल की थी. कुछ समझ ही नहीं आया कि कहां आ गई. पर अब यही अपना घर लगता है. इसी से अपना पेट भरती हूं और बच्चे पालती हूं."
मैंने पूछा- "ये बताओ, क्या तुम ये काम करना चाहती थीं?"
संगीता ने कहा, "अरे दीदी, कैसी बातें करती हो, कौन औरत ऐसा काम करना चाहेगी. मैं तो यहां से भाग जाना चाहती थी. दो-चार बार भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़ी गई."
संगीता 15 साल की उम्र में यहां लाई गई. आज वह 35 की हो गई है और बहुत ही चहकती हुई, खुशी से भरपूर लग रही है. संगीता मध्य प्रदेश के एक गरीब परिवार से है. उसकी 3 बहनें और 4 भाई हैं. उसने बताया कि 10 साल बाद उसे अपने घरवालों से मिलने जाने की अनुमति दे दी गई थी. और अब वह हर साल एक महीने अपने घर जाती है.
Also Read: दिल्ली में 30 साल से सड़क पर सो रहे एक रिक्शा वाले की कहानी...
मैंने संगीता से पूछा कि वह लौटकर क्यों आई. वह अपने परिवार के साथ वहीं रह सकती थी.
संगीता ने बताया कि उनकी कमाई का सारा हिस्सा कोठे की मालकिन अपने पास रखती है. मालकिन के पास हर सेक्स वर्कर का एक खाता होता है. ग्राहक पैसे मालकिन को ही देता है, जिसमें से अपना हिस्सा रखकर बाकी वह उनके खाते में जमा कर लेती है. जब भी कोई अपने घर या कहीं भी जाता है, तो उसे वापस लौटना ही पड़ता है.
जब मैंने पूछा कि पुलिस के पास क्यों नहीं जातीं. तो संगीता बस चुप रही. उसने इस बात का जवाब नहीं दिया.
संगीता की बातें सुनते हुए मुझे लगा कि इन लड़कियों के पास भागने का कोई रास्ता नहीं. ये ऐसे घेरे में फंसी हैं कि कितना ही भागें, लौटकर उसी परिधि पर आ जाती हैं.
संगीता बोलती जा रही थी. उसने बताया -
मुझे लगा एड्स या एचआईवी. पर संगीता ने बताया कि उसका लिवर डैमेज हो गया था. उसने बताया कि कम उम्र में जब वह ग्राहक को मना कर देती थी तो मालकिन उसे जबरदस्ती शराब पिला देती थी. वह 24-24 घंटे नशे में रहती थी और नशे में ही ग्राहक लेती थी. नतीजा ये हुआ कि उसका लिवर खराब हो गया.
मैंने पूछा, "कितना कमा लेती हो?"
संगीता ने कहा, "बच्ची होने के बाद सोचा था कि अब गंदे काम से नहीं खाऊंगी. तो मालकिन को कमरे का किराया देते हुए घरों में काम शुरू किया. बच्चे का और अपना पेट ही भर पाई बस. इतना कम कमाया कि वापस इसी धंधे में लौट आई."
सबसे बुरा क्या था
मैंने संगीता से पूछा, "ये बताओ, सबसे मुश्किल दौर कौन सा था?"
मुझे लगा कि संगीता शुरुआती दौर का जिक्र करेगी, क्योंकि अब तो वह आदी हो चुकी है. लेकिन संगीता का जवाब कुछ और था.
"दीदी, मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल समय वो था जब मेरी बेटी हुई. मैं पूरे दिन धंधा करती थी और रात भर सोती थी. बेटी को दिन में कौन संभालेगा. मैं उसका पैर चेन से बांध देती थी. वह रोती, रो-रोकर सो जाती और फिर उठकर मेरे लिए रोती थी."
संगीता ने बताया
पिता द्वारा बेच दिए जाने के बाद भी आज वह पिता की आर्थिक मदद करती है, सिर्फ इसलिए कि जो उसके साथ हुआ, वह उसकी बहनों के साथ न हो.
संगीता अपनी बेटी को आईएएस बनाना चाहती है. जिस महिला को बचपन में पिता ने बेच दिया था, वही आज अपनी बेटी के लिए एक ऐसी दुनिया का सपना देख रही है, जहां उसे कभी बिकना न पड़े.
अंधेरों की भी अपनी चमक होती है, जो उन्हें निखार देती है जो इसमें जीते हैं... ये मैंने संगीता से सीखा...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं