- दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II के किनारे 121.57 करोड़ रुपये की लागत से दो-लेन सेकेंडरी सर्विस रोड बनेगा
- यह सर्विस रोड जाम में राहत देगा और हाईवे तक पहुंच को आसान बनाएगा जिससे यातायात सुगम होगा
- इस प्रोजेक्ट के लिए बिड प्रक्रिया 19 नवंबर से शुरू कर 17 दिसंबर तक चलेगी
दिल्ली के तीसरे रिंग रोड यानी कि अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) से सफर करने वाले लोगों को जल्द ही दो-लेन वाला सेकेंडरी सर्विस रोड मिलने जा रहा है. इसके बनने से हाईवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा. NHAI, 121.57 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 12 महीने में यह रोड बनाएगी. इसका रखरखाव 10 सालों तक किया जाएगा. हालांकि इस लागत में GST और यूटिलिटी, जैसे बिजली, पानी, पाइपलाइन वगैहर के खर्च शामिल नहीं हैं.
सर्विस लेन बनने से जाम से मिलेगी राहत
अर्बन एक्सटेंशन रोड-II NH-344M को दिल्ली का तीसरा रिंग रोड कहा जाता है. यह दिल्ली-एनसीआर में करीब 75–76 किमी. लंबा 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे कॉरिडोर है, जो कि अलीपुर (NH-44) से शुरू होकर उत्तर, पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के प्रमुख इलाकों से होते हुए महिपालपुर के पास NH-48 (दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे) को जोड़ता है. NHAI सर्विस रोड दिल्ली में अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) के किनारे मौजूद राइट ऑफ वे के भीतर बनाने जा रहा है.
121 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा सर्विस रोड
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय NHAI की मदद से दिल्ली में दो लेन वाला एक सेकेंडरी सर्विस रोड बनाने जा रहा है. यह प्रोजेक्ट 'इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन' (EPC) मॉडल के तहत पूरा किया जाएगा.
कब शुरू होगा सर्विस रोड निर्माण कार्य?
इस प्रोजेक्ट के लिए योग्य कॉन्ट्रेक्टर्स से बिड मांगी गई है. इसकी बोली 19 नवंबर से शुरू हो चुकी है, जो कि 17 दिसंबर सुबह 11 बजे तक जारी रहेगी.इच्छुक ठेकेदार 'सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट पोर्टल' के जरिए अपनी बिड जमा कर सकते हैं. ये बिड 18 दिसंबर 2026 को सुबह 11.30 बजे ओपन होंगी. सर्विस रोड बनाने का काम कब से शुरू होगा, इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हालांकि NHAI ने इसे 12 महीने में पूरा करने की बात कही है.
नए सर्विस रोड से दिल्ली के किन इलाकों को फायदा?
UER-II के किनारे सेकेंडरी सर्विस रोड बनने से आस-पास के गांवों और रिहायशी इलाकों की कनेक्टिविटी बहुत अच्छी हो जाएगी. लोगों को आने-जाने के लिए बढ़िया सड़क मिलेगी, जिस पर वाहन कम समय में फर्राटा भर सकेंगे. इसके बनेन से उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अलीपुर, नरेला, बवाना और रोहिणी के आसपास के इलाकों तक पहुंच आसान हो जाएगी. वहीं पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के मुंडका, नजफगढ़, दिचाओन कलां और द्वारका के आसपास के इलाकों को भी बढ़िया कनेक्टिविटी मिलेगी.इससे बवाना, मुंडका और नजफगढ़ जैसे क्षेत्रों के आसपास काम करने वाले लोगों को भी फायदा पहुंचेगा.
5,580 करोड़ रुपये का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
पीएम मोदी ने अगस्त 2025 में UER-II के अलीपुर-दिचाऊं कलां खंड का उद्घाटन किया था. इसमें बहादुरगढ़ और सोनीपत को जोड़ने वाली सड़कें भी शामिल हैं. PIB के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का मकसद दिल्ली की इनर और आउटर रिंग रोड, धौला कुआं, मुकरबा चौक और NH-9 के आसपास के बिजी इलाकों में भीड़भाड़ कम करना है. इसे करीब 5,580 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है. इससे कनेक्टिविटी पहले से भी ज्यादा बेहतर हो जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं