विज्ञापन

पहले पिटाई की, फिर 2 बार कार से कुचला... दिल्ली के पीरागढ़ी में बुर्जुग चौकीदार की हत्या, बेटा बोला- साजिश

Delhi Peeragarhi watchman Murder: दिल्ली के पीरागढ़ी गांव में एक बुर्जुग चौकीदार को कार से कुचलने का दिल दहला देने वाला सामने आया है. चौकीदार की मौत को परिवार सुनियोजित साजिश बताया है और मामले की निष्‍पक्ष जांच की मांग की है. दिल्‍ली पुलिस जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश कर रही है.

पहले पिटाई की, फिर 2 बार कार से कुचला... दिल्ली के पीरागढ़ी में बुर्जुग चौकीदार की हत्या, बेटा बोला- साजिश
दिल्ली के पीरागढ़ी में दिल दहला देने वाला मामला, बुर्जुग चौकीदार की हत्या
  • दिल्ली के पीरागढ़ी में 60 वर्षीय चौकीदार बिजेंद्र भारद्वाज को कार सवार ने जानबूझकर दो बार कुचलकर हत्या कर दी
  • घटना से पहले आरोपी ने चौकीदार पर डंडे से हमला किया और फिर कार से कुचलने की कोशिश की थी
  • पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज पाया है जिसमें आरोपी कार और हमला करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है
नई दिल्‍ली:

Delhi Peeragarhi Murder: दिल्ली के पीरागढ़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. टैंपो स्‍टैंड में चौकीदारी करने वाले 60 साल के बुर्जुग को कार सवार ने जानबूझकर एक बार नहीं दो बार कुचला, जिससे उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कार से कुचलने से पहले चौकीदार की पिटाई भी की गई थी. इस घटना का दिल दहला देने वाला एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कार बुर्जुग चौकीदार को कुचलती हुई नजर आ रही है. बुर्जुग के पिता ने इस हत्‍या को सुनियोजित साजिश बताया है और मामले की निष्‍पक्ष जांच की मांग की है.   

कार से कुचलने से पहले पिटाई 

मामले की जांच कर रही दिल्‍ली पुलिस ने बताया पीरागढ़ी गांव में रविवार को एसयूवी ड्राइवर ने एक चौकीदार की पहले कथित तौर पर पिटाई की और फिर मौके से भागने की कोशिश के दौरान चौकीदार को दो बार कार से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. मृतक की पहचान गांव निवासी बिजेंद्र भारद्वाज (60) के रूप में हुई है, जो घटना स्थल स्थित टेम्पो स्टैंड पर चौकीदार के रूप में काम करते थे.

डंडे से बिना किसी उकसावे के चौकीदार पर हमला

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच से संकेत मिलता है कि चौकीदार को संभवतः जानबूझकर निशाना बनाया गया था. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि एसयूवी कुछ देर तक एक जगह पर खड़ी थी और उसकी हेडलाइट ऑन थी. वहीं, चौकीदार दूसरी दिशा में कुर्सी पर बैठा था. इसके बाद एक व्यक्ति एसयूवी से उतरा और डंडे से बिना किसी उकसावे के चौकीदार पर हमला करने लगा. फुटेज में चौकीदार इस दौरान खुद को बचाने की कोशिश भी करता नजर आया. इसके बाद आरोपी वापस एसयूवी में बैठा और उसने कार से चौकीदार को टक्कर मार दी.

 कार के टायरों के घिसटने के निशान मिले

पुलिस के अनुसार, जब चौकीदार ने वहां से भागने की कोशिश की, तब आरोपी ने दोबारा कार उसकी ओर मोड़ी और उसे कुचलते हुए तेजी से मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर जांच के दौरान कार के टायरों के घिसटने के निशान भी मिले हैं, जिससे संकेत मिलता है कि घटना से पहले या घटना के दौरान वाहन में ब्रेक लगाए गए थे. पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 4.03 बजे घटना के संबंध में पीसीआर कॉल की गयी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मौके पर पहुंची पुलिस को बिजेंद्र सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े मिले और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में पश्चिम विहार वेस्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (समान आशय) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, कार का रजिस्‍ट्रेशन नंबर और मालिक के बारे में पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारी ने कहा, "इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि बिजेंद्र को एक चारपहिया वाहन ने दो बार कुचला. वाहन की पहचान करने और घटनाक्रम को समझने के लिए फुटेज की गहन जांच की जा रही है."

क्‍या कोई रंजिश या दुश्‍मनी थी?

पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक और वाहन का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. फॉरेंसिक और अन्य विशेषज्ञ टीमों ने मौके का निरीक्षण कर तकनीकी एवं अन्य सबूत जुटाए हैं. इस बीच, मृतक के एक रिश्तेदार ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था. मृतक के भतीजे सुनील भारद्वाज ने कहा, "हमें घटना की जानकारी दोपहर करीब 3.30 बजे मिली. मेरे चाचा पिछले एक साल से यहां सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे. वह बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था. यहां कोई भी बता सकता है कि उन्होंने कभी किसी से झगड़ा नहीं किया."

ये भी पढ़ें :- दिल्ली के गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मुठभेड़ के बाद चचेरा भाई गिरफ्तार

हत्‍या  एक "सुनियोजित साजिश"

बिजेंद्र के बेटे रवि ने आरोप लगाया है कि उनके पिता की हत्‍या एक "सुनियोजित साजिश" है. रवि ने बताया कि उनके पिता पिछले डेढ़ से दो साल से सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे. शनिवार तड़के की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे परिवार को सूचना मिली कि बिजेंद्र का एक्सीडेंट हो गया है. उन्होंने कहा, "जब हम मौके पर पहुंचे तो हमने पिता को सड़क पर मृत पाया." रवि ने यह भी बताया कि उनके पिता की कुछ समय पहले ही पैर की सर्जरी हुई थी. पिता के लिए न्याय की मांग करते हुए रवि ने आरोप लगाया कि यह एक "सुनियोजित साजिश" थी और दावा किया कि कुछ लोगों के कार से बाहर निकलने के बाद उनके पिता पर पहले लाठियों से हमला किया गया और फिर उसी एसयूपी से टक्कर मारकर उन्हें कुचल दिया गया. रवि ने आरोप लगाया, "यह एक सुनियोजित साजिश है," और निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की.

ये भी पढ़ें :-दिल्ली के रोहिणी में डबल मर्डर: दोस्त की हत्या का बदला लेने आए 2 नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या

लेखक के बारे में
img
तिलकराज
Deputy News Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Delhi Crime News, Delhi Peeragarhi Murder, Vehicle Runs Over Watchman In Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com