विज्ञापन

दिल्ली के रोहिणी में डबल मर्डर: दोस्त की हत्या का बदला लेने आए 2 नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या

Rohini Double Murder: दिल्ली के रोहिणी में दो नाबालिग लड़कों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य नाबालिग घायल हो गया. वहीं दोहरे मर्डर के बाद इलाके में सनसनी फैल गया.

दिल्ली के रोहिणी में डबल मर्डर: दोस्त की हत्या का बदला लेने आए 2 नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या
(फाइल फोटो)

Delhi Crime News: दिल्ली के रोहिणी के अमन विहार में बुधवार शाम दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई. यहां दोस्त की हत्या का बदला लेने आए दो नाबालिगों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गईं, जबकि एक अन्य नाबालिग घायल हो गया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है. साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है. 

तीन नाबालिगों पर चाकू से हमला

पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुरी के तीन नाबालिग अपने दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए सेक्टर-20 रोहिणी पहुंचे थे. हालांकि जब वो लड़का नहीं मिला तो उसकी मां और छोटे भाई से मारपीट की, जिसमें दोनों घायल हो गए. जब तीनों लड़के कथित तौर पर भागने लगे, तो घायल महिला के बेटे और इलाके के कुछ अन्य लोगों ने उनका पीछा किया. इसी दौरान भाग रहे लड़कों में से एक के हाथ से चाकू गिर गया. जिसे घायल 14 वर्षीय नबालिग ने उठा लिया और दोनों नाबालिगों पर हमला कर दिया.

दो की मौत, तीसरा घायल

उसने एक की गर्दन पर और दूसरे के पेट व सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इनका तीसरा साथी मौके से भाग निकला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पास के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लिया

मृतकों के परिजनों का कहना है कि ये दोनों कैसे और कब रोहिणी सेक्टर 20 पहुंचे, इन्हें कुछ नहीं पता... वारदात के बाद किसी ने जानकारी दी कि इनके बच्चे पर अमन विहार में किसी ने चाकू से हमला कर दिया है. जब अस्पताल पहुंचे, तो पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी हैं. 

घटना के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी. इस दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए और इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया. साथ ही हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है.

एक मृतक के भाई ने बताया कि हमें नहीं पता ये लोग कैसे अमन विहार पहुंचे? हमें तो एक महिला ने घर पर आकर बताया कि भाई को किसी ने चाकू मार दिया है. इसके बाद जब हम अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है.

दूसरे मृतक के चाचा ने बताया कि दोपहर 3:00 बजे तक तो हमारा बच्चा घर पर ही था... पता नहीं कब वो वहां चला गया, हमें तो अस्पताल जाकर पता चला कि उसे पर किसी ने चाकू से हमला किया है और उसकी मौत हो गई है. हम नहीं जानते कि आखिर किस बात को लेकर इनमें झगड़ा हुआ है या फिर उसकी हत्या क्यों की गई है? 

ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा मौत मामले में महिला आयोग का एक्शन, MP मुख्य सचिव और DGP से सात दिन में मांगी डिटेल्स रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Crime News, Delhi News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com