विज्ञापन

एयर इंडिया, इंडिगो से अकासा, स्‍पाइसजेट तक... दिसंबर में 1800 फ्लाइट्स कम चलाएंगी! उड़ानों में कटौती की ये वजह सामने आई| EXCLUSIVE

दिसंबर 2026 में इंडिगो, एयर इंडिया, अकासा एयर और स्पाइसजेट की कुल उड़ान क्षमता 1.68% घटी है. जानिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शेड्यूल में किस एयरलाइन ने कितनी कटौती की.

एयर इंडिया, इंडिगो से अकासा, स्‍पाइसजेट तक... दिसंबर में 1800 फ्लाइट्स कम चलाएंगी! उड़ानों में कटौती की ये वजह सामने आई| EXCLUSIVE
दिसंबर में कम उड़ानें चलाएंगी एयरलाइंस, कुल क्षमता में 1.68% की गिरावट
Source: NDTV Graphics/Canva

Indian Airlines December 2026 Schedule: देश की लगभग सभी एयरलाइंस दिसंबर 2026 में पिछले साल के मुकाबले 1800 उड़ानें कम ऑपरेट करने जा रही हैं. इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्पाइसजेट की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मिलाकर कुल क्षमता में सालाना आधार पर 1.68% की गिरावट आई है. दिसंबर में इन पांच एयरलाइंस की कुल 1,05,553 उड़ानें शेड्यूल हैं, जबकि दिसंबर 2025 में ये संख्या 1,07,356 थी.

NDTV प्रॉफिट को ग्लोबल ट्रैवल डेटा और एविएशन एनालिटिक्स कंपनी ऑफिशियल एयरलाइन गाइड (OAG) से मिले एक्सक्लूसिव डेटा के मुताबिक, एयरलाइंस ने घरेलू उड़ानों में ज्यादा कटौती की है. दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल रही है.

घरेलू उड़ानों में करीब 2% की कटौती, क्‍या है वजह?

दिसंबर 2026 में पांचों एयरलाइंस की घरेलू उड़ानें 1.93% घटकर 95,785 रह गई हैं. दिसंबर 2025 में इनकी संख्या 97,675 थी. घरेलू उड़ानों के मामले में केवल इंडिगो और अकासा एयर ने अपनी क्षमता बढ़ाई है. एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्पाइसजेट ने उड़ानों की संख्या घटाई है.

इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, घरेलू उड़ानों में कटौती की एक वजह जून से सितंबर के बीच हवाई यात्रा की मांग में आई कमी है. इस दौरान एटीएफ यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल की ऊंची और अस्थिर कीमतों के साथ रुपये-डॉलर की विनिमय दर के उतार-चढ़ाव के चलते एयरलाइंस ने फ्यूल सरचार्ज लगाया था. इससे यात्रियों की हवाई यात्रा की लागत बढ़ी और मांग पर असर पड़ा.

Indigo image

इंडिगो, एयर इंडिया, अकासा, स्‍पाइसजेट... 

एयरलाइन के हिसाब से देखें तो घरेलू उड़ानों में अकासा एयर सबसे तेजी से विस्तार कर रही है. दिसंबर 2026 में कंपनी 5,630 उड़ानें संचालित करेगी, जबकि पिछले साल इसी महीने में ये संख्या 4,127 थी. यानी सालाना आधार पर 36.42% की बढ़ोतरी.

  • इंडिगो की घरेलू उड़ानों में भी मामूली इजाफा हुआ है. कंपनी दिसंबर में 61,466 उड़ानें चलाएगी, जो पिछले साल की 61,124 उड़ानों से 0.56% ज्यादा है.
  • इसके उलट, एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों में 15.18% की कटौती हुई है. कंपनी दिसंबर में 13,915 उड़ानें संचालित करेगी, जबकि पिछले साल ये संख्या 16,406 थी.
  • एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 2.57% घटकर 11,534 रह गई हैं. दिसंबर 2025 में कंपनी ने 11,837 उड़ानें शेड्यूल की थीं.
  • स्पाइसजेट के शेड्यूल में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. कंपनी दिसंबर 2026 में 3,240 घरेलू उड़ानें चलाएगी, जबकि पिछले साल इनकी संख्या 4,181 थी. यानी 22.51% की कमी.

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में मामूली बढ़ोतरी, क्‍या बोले एक्‍सपर्ट? 

घरेलू उड़ानों के उलट, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या में हल्का इजाफा हुआ है. दिसंबर 2026 में पांचों एयरलाइंस की कुल 9,768 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शेड्यूल हैं. दिसंबर 2025 में ये संख्या 9,681 थी. इस तरह सालाना आधार पर 0.90% की बढ़ोतरी हुई है.

OAG के एपीएसी कमर्शियल एंड इंडस्ट्री अफेयर्स लीडर मयूर पटेल के मुताबिक, दिसंबर के अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल से संकेत मिलता है कि भारत का आउटबाउंड हवाई यात्रा बाजार तेजी से उछाल के बजाय धीरे-धीरे बढ़ रहा है.

पटेल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कुल बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा दिल्ली से आ रहा है. उनके मुताबिक, एयरलाइंस केवल नई क्षमता नहीं जोड़ रहीं, बल्कि मौजूदा क्षमता को अलग-अलग रूट पर दोबारा तैनात कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि खाड़ी देश अब भी भारत के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की रीढ़ बने हुए हैं और कुल सीटों में इनकी हिस्सेदारी करीब आधी है. हालांकि, उत्तर अमेरिका और यूरोप के कुछ हिस्सों के लिए लंबी दूरी की उड़ानों में कमजोरी दिख रही है.

यह भी पढ़ें | Air India Express ने लॉन्‍च किया नया ऐप, बुकिंग आसान, फ्लाइट टिकट पर 10% की छूट भी, लगाना होगा ये वाला कोड

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस आगे

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की है. दिसंबर 2026 में कंपनी 2,135 उड़ानें संचालित करेगी, जो पिछले साल की 1,808 उड़ानों से 18.09% ज्यादा हैं.

अकासा एयर की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी 6.16% बढ़कर 310 हो गई हैं. पिछले साल दिसंबर में कंपनी ने 292 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शेड्यूल की थीं.

वहीं, एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 4.52% घटकर 2,364 रह गई हैं. दिसंबर 2025 में इनकी संख्या 2,476 थी. इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी 1.47% घटकर 4,631 रह गई हैं, जो पिछले साल 4,700 थीं.

स्पाइसजेट की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सबसे तेज गिरावट आई है. कंपनी दिसंबर में सिर्फ 328 उड़ानें संचालित करेगी, जबकि पिछले साल ये संख्या 405 थी. यानी 19.01% की कमी.

अंतरराष्ट्रीय रूट और कोडशेयर पर रहेगा एयरलाइंस का फोकस

मार्टिन कंसल्टिंग के सीईओ मार्क डी मार्टिन के मुताबिक, अब एयरलाइंस का फोकस अंतरराष्ट्रीय रूट, बाजार में अपनी मौजूदगी और प्रतिस्पर्धी स्थिति मजबूत करने पर है.

उन्होंने NDTV प्रॉफिट से कहा कि जिन एयरलाइंस के द्विपक्षीय साझेदारों या गठबंधनों के साथ पहले से मजबूत कोडशेयर समझौते हैं और जिनके पास प्रभावी फ्लाइट राइट्स हैं, उन्हें राजस्व कमाने में बढ़त मिल सकती है.

यह भी पढ़ें | मुंबई से बढ़ेंगी यूरोप-अमेरिका की फ्लाइट्स, बनेगा खास ट्रैवल पैकेज, Air India के सीईओ ने बताया प्लान

मार्टिन के मुताबिक, मध्य पूर्व में जारी संकट को देखते हुए एयरलाइंस के लिए रुपये के बजाय डॉलर में कमाई बढ़ाने पर ध्यान देना भी जरूरी हो सकता है.

उनका मानना है कि विंटर शेड्यूल 2026 के दौरान होने वाली कमाई का असर आगे वसंत और गर्मियों के सीजन में भी दिख सकता है. रणनीतिक गठबंधनों, कोडशेयर साझेदारियों और यूरोप-अमेरिका के साथ पूर्वी देशों की ओर रूट विस्तार से एयरलाइंस को फायदा मिलने की उम्मीद है.

मार्टिन ने एयर इंडिया के साथ लुफ्थांसा, एयर चाइना, केएलएम, जापान एयरलाइंस और एएनए को इस बदलाव से फायदा उठाने वाली संभावित कंपनियों में शामिल बताया है.

यह भी पढ़ें | फ्लाइट का किराया बढ़ा तो बदला भारतीयों का मूड, यूरोप नहीं अब ये देश बने घूमने के लिए फेवरेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Air India Express Flight Cancellations, IndiGo Flight Cancellation, SpiceJet Flight Cancellation, Akasa Air Flight Booking, Air India Flight Cancellation Refund Policy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com