विज्ञापन

लखपति बिटिया योजना में दिल्ली सरकार ने जोड़ी नई शर्त, दस्तावेज के नियम में बदलाव

दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया योजना में नई शर्त जोड़ी गई है. महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से इसके लिए अधिसूचना जारी की गई है. जिसमें कहा गया है कि आधार नंबर का प्रमाण देना होगा.

लखपति बिटिया योजना में दिल्ली सरकार ने जोड़ी नई शर्त, दस्तावेज के नियम में बदलाव
Lakhpati Bitiya Yojana New Condition
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • दिल्ली में लखपति बिटिया योजना में बड़ा बदलाव किया गया है.
  • योजना का लाभ लेने के लिए अब आधार अनिवार्य कर दिया है.
  • आधार नंबर नहीं होने पर वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है.

दिल्ली सरकार की ‘लखपति बिटिया योजना' में बड़ा बदलाव किया गया है. इस योजना में एक नई शर्त जोड़ी गई है. इसके तहत योजना का लाभ लेने के लिए अब आधार अनिवार्य कर दिया गया है. महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पात्र लड़कियों को योजना के लिए आधार नंबर का प्रमाण देना होगा या आधार ऑथेंटिकेशन कराना होगा.

आधार न होने पर क्या है व्यवस्था

जिन लड़कियों के पास आधार नहीं है और उन्होंने नामांकन भी नहीं कराया है, उन्हें योजना में पंजीकरण से पहले आधार के लिए आवेदन करना होगा. हालांकि, आधार बनने में लगने वाले समय के दौरान किसी पात्र लाभार्थी को सहायता से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी रखी गई है. इसके तहत जिन लाभार्थियों ने आधार के लिए आवेदन कर दिया है, वे आधार नामांकन पर्ची के साथ फोटोयुक्त बैंक या डाकघर की पासबुक, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या राजपत्रित अधिकारी अथवा तहसीलदार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र में से कोई एक दस्तावेज जमा कर सकती हैं.

विभाग के जिला कार्यालयों को उन लाभार्थियों के आधार नामांकन में मदद करने की जिम्मेदारी दी गई है जिन्होंने अभी तक आधार नहीं बनवाया है, और जरूरत पड़ने पर यूआईडीएआई (UIDAI) के साथ समन्वय कर नामांकन की व्यवस्था की जाएगी. खराब फिंगरप्रिंट या अन्य कारणों से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण न हो पाने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई जाएगी.

जन्म से पढ़ाई तक मिलने वाली आर्थिक सहायता

लड़कियों की सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने और उनकी पढ़ाई जारी रखने के उद्देश्य से चलाई जा रही इस योजना के तहत जन्म और शिक्षा के विभिन्न चरणों पर निवेश किया जाता है, जिसकी मैच्युरिटी राशि और लाभ लॉक-इन अवधि पूरी होने पर मिलता है.

इसमें जन्म के समय 11000 रुपये दिए जाते हैं. वहीं पहली, छठी, नौवीं, 11वीं और 12वीं कक्षा में प्रवेश पर 5,000-5,000 रुपये, जबकि तीन वर्षीय स्नातक कोर्स के लिए 20,000 रुपये और चार वर्षीय कोर्स के लिए 25,000 रुपये, जो पाठ्यक्रम की अवधि के दौरान किस्तों में जारी किए जाते हैं. इसके अलावा व्यावसायिक डिप्लोमा व स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए भी आर्थिक मदद का प्रावधान है.

यह भी पढ़ें | दिल्ली में 15 लाख रुपये में सस्ता फ्लैट खरीदने का मौका, DDA की 1487 एलआईजी फ्लैट, जानें बुकिंग डेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lakhpati Bitiya Scheme, Lakhpati Bitiya Yojana, Lakhpati Bitiya Yojana Kya Hai, Delhi News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com