बिहार के खगड़िया जिले में मिड-डे मील के खाने में मरा हुआ सांप मिलने से हंगामा मच गया. हाल ही में कुछ दिन पहले भी सहरसा जिले में भी खाने में मरा हुआ सांप मिलने बहुत सारे बच्चे बीमार हो गए थे. जानकारी के अनुसार, जिले के चौथम प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय भूतौली का है. यहां मध्यान भोजन यानी एमडीएम खाते ही करीब 20 से अधिक बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई. बच्चों के शरीर में बेचैनी, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
घटना के बाद गुस्से से उबलते परिजनों ने तुरंत स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और लापरवाह व्यवस्था के खिलाफ रोष जताया. आनन-फानन में सभी पीड़ित बच्चों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज किया गया.
इससे पहले 250 बच्चे हुए बीमार
यह कोई पहला मौका नहीं है जब राज्य में इस तरह की खतरनाक लापरवाही सामने आई हो. इससे कुछ समय पहले बिहार के सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में भी कुछ ऐसा ही दिल दहलाने वाला हादसा हुआ था. वहां मिड-डे मील का भोजन करने के बाद 250 से अधिक बच्चे अचानक बीमार हो गए थे. उस घटना के दौरान भी एक छात्र की खाने की थाली में सांप का मरा हुआ बच्चा मिला था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
भोजन करने के तुरंत बाद बच्चों को पेट में तेज दर्द, चक्कर और उल्टी की शिकायत हुई थी जिसके बाद महिषी स्वास्थ्य केंद्र में भारी भीड़ जमा हो गई थी. गनीमत यह रही कि समय रहते डॉक्टरों की टीम ने मोर्चा संभाला और सभी बच्चों की जान बचा ली गई जिससे वे खतरे से बाहर आ गए. इन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और स्कूलों में बांटे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल की राजनीति में अंडे की एंट्री, मिड-डे-मील से अंडा हटाने से 'एग जस्टिस' तक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं