विज्ञापन

छात्रों के प्रदर्शन से गरमाई बिहार की राजनीति,विधानसभा में जमकर हंगामा

अब यह मामला सिर्फ छात्र आंदोलन तक सीमित नहीं रह गया है. विपक्ष इसे विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना रहा है.

छात्रों के प्रदर्शन से गरमाई बिहार की राजनीति,विधानसभा में जमकर हंगामा
बिहार में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
ANI

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में गुरुवार को छात्रों का आंदोलन सबसे बड़ा मुद्दा बन गया. कार्यवाही शुरू होते ही राजद, कांग्रेस और वाम दल के विधायक छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वेल में पहुंच गए. उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और पुलिस कार्रवाई पर जवाब मांगा. हंगामा इतना बढ़ गया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए. कुछ देर के लिए हाथापाई जैसी स्थिति भी बन गई. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी.

विपक्ष की ओर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, "छात्रों को राम मंदिर नहीं, नौकरी चाहिए." उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर लाठियां चलाई गईं. विपक्ष का कहना था कि सरकार छात्रों की बात सुनने के बजाय उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है.

वहीं सत्ता पक्ष की ओर से भाजपा विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव ने कहा, "वे छात्र नहीं, गुंडे थे." उनका आरोप था कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायकों की गाड़ियों पर हमला किया गया. भाजपा विधायक विनय बिहारी ने भी सदन में कहा कि प्रदर्शन के दौरान उनकी गाड़ी पर हमला हुआ और "आज मेरी जान बच गई." इन बयानों के बाद सदन में हंगामा और बढ़ गया.

उधर, विधानसभा के बाहर भी दूसरे दिन छात्र संगठनों का प्रदर्शन जारी रहा. पटना के कई इलाकों में छात्रों ने मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारे लगाए. एहतियात के तौर पर विधानसभा, राजभवन और दूसरे सरकारी दफ्तरों के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.

पूरे विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई थी. विभिन्न छात्र संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर गांधी मैदान से मार्च निकाला था. छात्र लोक भवन की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया. इसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई. पुलिस का आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़े, पुलिस और मीडिया कर्मियों पर हमला किया.

अब यह मामला सिर्फ छात्र आंदोलन तक सीमित नहीं रह गया है. विपक्ष इसे विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना रहा है. सरकार का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं है, लेकिन हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा है कि "युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा" और हिंसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Paper Leak
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com