चक्रवात 'अकवान' के संभावित असर को देखते हुए रेलवे ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है. पूर्वी तट के प्रभावित इलाकों से गुजरने वाली कई ट्रेनों के आने और जाने के समय में बदलाव किया जाएगा ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और खराब मौसम के दौरान रेल संचालन पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सके.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, चक्रवात के संभावित लैंडफॉल को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की आवाजाही की लगातार समीक्षा की जा रही है. मौसम की स्थिति और चक्रवात की दिशा के आधार पर प्रभावित मार्गों पर चलने वाली ट्रेनों का समय बदला जा सकता है.
रेलवे के अनुसार, जिस समय चक्रवात के तट से टकराने की संभावना होगी, उसके तीन घंटे पहले और तीन घंटे बाद तक संबंधित ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव किया जा सकता है. यानी कुल छह घंटे की अवधि के दौरान कई ट्रेनों का शेड्यूल संशोधित किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाने, निर्धारित समय से पहले रोकने या बाद में रवाना करने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं.
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें और रेलवे द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखें. रेलवे का कहना है कि हालात के मुताबिक आगे भी जरूरी फैसले लिए जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: गुजरात में महिला हेड कांस्टेबल ने की प्रेमी ASI की हत्या, सबूत मिटाने के लिए कार में जला दी लाश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं