साइक्लोन 'अकवान' का खतरा बढ़ा, बंगाल-ओडिशा समेत 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट
19 नवंबर को देश के मौसम पर दोहरी मार देखने को मिल सकती है. एक तरफ Severe Cyclonic Storm Akvan के असर से पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में ठंड और कोहरा बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 14 राज्यों में बारिश की संभावना है और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान के कारण पूर्वी तटीय राज्यों पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है. उधर दिल्ली में तापमान में गिरावट और अगले कुछ दिनों तक कोहरे की स्थिति बने रहने के संकेत हैं.
खबर विस्तार से पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली में ठंड और कोहरा, बंगाल-बिहार समेत 14 राज्यों में बारिश, साइक्लोन अकवान को लेकर अलर्ट
नशे पर भावुक हुए पीएम मोदी, बोले- जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो ड्रग्स को भी खत्म करके रहेंगे
केंद्रीय मंत्रिपरिषद की करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नशे की समस्या को लेकर भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि जिस तरह देश नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल कर सकता है, उसी तरह नशे की समस्या को भी जड़ से खत्म किया जा सकता है. पीएम ने युवाओं को नशे से बचाने पर जोर देते हुए कहा कि नक्सलवाद की वापसी भी नहीं होनी चाहिए. बैठक में वर्ल्ड बैंक की उस रिपोर्ट पर भी प्रस्तुति दी गई, जिसमें 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी रेखा से बाहर आने की बात कही गई है. पीएम ने कहा कि गरीबों को ऊपर उठाने की उपलब्धि को कायम रखना होगा.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो ये क्यों नहीं...', नशे की समस्या का जिक्र कर जब भावुक हो गए PM मोदी
11 महीने बाद जेल से बाहर आए आजम खान, डासना जेल के बाहर समर्थकों ने किया स्वागत
आजम खान को ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा कर दिया गया. गाजियाबाद की अदालत में जमानत की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ. आजम खान की जमानत के लिए दो जमानती और निजी मुचलके की शर्त पूरी की गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें रिहा कर दिया. रिहाई के समय जेल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जबकि उनकी पत्नी तजीन फातमा ने इसे "सच और न्याय की जीत" बताया. इससे पहले आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी को अदालत में चुनौती दी थी
खबर विस्तार से पढ़ें: आजम खान जेल से हुए रिहा, डासना जेल के बाहर भारी संख्या में मौजूद समर्थकों ने किया स्वागत
कांग्रेस 100 सीटें मांगे या 181, सपा ने खींच दी अपनी 'लक्ष्मण रेखा, कहा- जीत पहले, सम्मान बाद में
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है. दोनों दलों ने बातचीत के लिए कमेटियां बनाने का फैसला किया है, जबकि अंतिम फैसला राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के स्तर पर होगा. इस बीच सपा ने साफ संकेत दिया है कि जिन सीटों पर उसके विधायक जीते हुए हैं या जहां वह पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी, उन सीटों पर समझौते की गुंजाइश नहीं है.ऐसे में कांग्रेस की सीटों की दावेदारी और सपा के चुनावी गणित के बीच संतुलन तलाशना गठबंधन की सबसे बड़ी चुनौती बन गया है.
खबर विस्तार से पढ़ें: सीटों से सम्मान को जोड़ने वाली कांग्रेस को समाजवादी पार्टी ने दिया जवाब, नंबर एक और दो नहीं छोड़ेगी पार्टी
UP चुनाव पर राहुल का दावा, 'गठबंधन मजबूत स्थिति में, लेकिन वोट चोरी सबसे बड़ा सवाल'…
राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर दावा किया कि विपक्षी गठबंधन मजबूत स्थिति में है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल "वोट चोरी" का है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से चुनावों में गड़बड़ी की जाती रही है, उसे जारी रखना अब पहले जितना आसान नहीं होगा. राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग के भीतर से भी जानकारी मिल रही है और इसलिए चुनावी प्रक्रिया में कथित हेरफेर को छिपाना मुश्किल होता जा रहा है. उनके बयान ने चुनावी पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सियासी बहस को फिर से तेज कर दिया है.
UP पंचायत चुनाव 6 महीने टले, ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने को योगी कैबिनेट की मंजूरी
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव फिलहाल छह महीने के लिए टाल दिए गए हैं. योगी सरकार की कैबिनेट ने पंचायत राज संशोधन अध्यादेश-2026 को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत मौजूदा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाएगा. सरकार का कहना है कि उत्तर प्रदेश समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने और पिछड़े वर्गों की स्थिति का आकलन होने के बाद ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. 26 नवंबर को समाप्त हो रहे ग्राम प्रधानों के कार्यकाल को देखते हुए अध्यादेश लाया गया है. यदि आयोग की रिपोर्ट में देरी होती है तो पंचायत चुनाव और आगे खिसक सकते हैं.
बिहार सरकार का बड़ा फैसला, अब अफसर नहीं करेंगे योजनाओं का उद्घाटन
बिहार सरकार ने विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास को लेकर बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सरकारी कार्यक्रमों में स्थानीय सांसद, विधायक और विधान पार्षदों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए और उन्हें सम्मानजनक स्थान दिया जाए. नए निर्देश के तहत प्रशासनिक अधिकारी अब विकास योजनाओं का उद्घाटन नहीं करेंगे और शिलापट्ट पर उनका नाम भी नहीं लिखा जाएगा. जरूरत पड़ने पर मंत्री या जनप्रतिनिधि ही शिलापट्ट का अनावरण करेंगे. पहले जारी निर्देशों की अनदेखी पर नाराजगी जताते हुए मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
सोनिया पर हमला करने निकले थे, बालासाहेब की तस्वीर पर घिर गए; शिंदे सेना पर बड़ा आरोप
सोनिया गांधी की किताब में सावरकर पर कथित टिप्पणी के विरोध में शिंदे सेना के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किताब के पन्ने फाड़े. लेकिन विवाद तब बढ़ गया जब विरोध के दौरान बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोप लग गए. उद्धव ठाकरे गुट के संजय राउत और कांग्रेस नेताओं ने इसे बालासाहेब का अपमान बताते हुए शिंदे गुट पर हमला बोला. वहीं शाइना NC ने तस्वीर फाड़ने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनके खिलाफ झूठा नैरेटिव बनाया जा रहा है और मानहानि करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शतक भी जड़ा, 8 खिलाड़ियों को भी किया आउट... लिटन दास ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास
लिटन दास ने टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो उनसे पहले कोई विकेटकीपर नहीं कर पाया था. बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज ने एक ही टेस्ट मैच में पहले शानदार शतक जड़ा और फिर विपक्षी टीम की एक पारी में 8 बल्लेबाजों को आउट कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया. विकेट के पीछे उनके कैच और स्टंपिंग ने मैच का रुख बदल दिया, जबकि बल्ले से खेली गई शतकीय पारी ने उनकी उपलब्धि को और खास बना दिया. इस प्रदर्शन के साथ लिटन दास टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग दोनों में एक साथ छाप छोड़ने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए.
किम जोंग उन जिंदा हैं! फैमिली के साथ स्की रिजॉर्ट पहुंचे, वायरल हुआ वीडियो
किम जोंग उन की मौत या गंभीर बीमारी को लेकर चल रही अटकलों के बीच उत्तर कोरिया से एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ एक स्की रिजॉर्ट में नजर आ रहे हैं. वीडियो में किम जोंग उन सार्वजनिक गतिविधियों में हिस्सा लेते दिख रहे हैं, जिससे उनकी सेहत को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लग गया है. हाल के दिनों में उनकी सार्वजनिक अनुपस्थिति के कारण कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन ताजा वीडियो ने साफ संकेत दिया है कि किम जोंग उन सक्रिय हैं और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं