उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को शक्ति प्रदर्शन करते हुए बड़ा रोड शो किया और जनसभा को संबोधित किया. करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ के बीच अखिलेश ने सीधे योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा 'ये तो नकली संत हैं' और सवाल उठाया कि आखिर वे इतने कम समय में गोरखनाथ मठ के उत्तराधिकारी कैसे बन गए.
उन्होंने कहा कि हजारों संतों से जुड़ी जिस परंपरा में लोग दशकों तक सेवा करते हैं, वहां किसी व्यक्ति को महज चार साल में उत्तराधिकार मिल जाना सवाल खड़े करता है.
अखिलेश ने कहा, "कई योगी-संत पूरी उम्र एक मठ पाने के लिए लगा देते हैं. कोई बताए कि इतनी जल्दी तरक्की की वजह क्या थी? जिस पीठ से हजारों संत वर्षों से जुड़े रहे, उन्हें मौका क्यों नहीं मिला? उत्तराधिकारी वही बनाए गए जो आज उसके प्रमुख हैं. 50 साल तक मठ का नेतृत्व करने वाले संतों को नजरअंदाज कर किसी दूसरे को इतनी जल्दी जिम्मेदारी क्यों दी गई? क्या यह योग्यता के आधार पर हुआ था? आखिर इसकी वजह क्या थी?"
शहीद बाबू बंधू सिंह को दी श्रद्धांजलि
सभा के दौरान अखिलेश ने गोरखपुर और चौरीचौरा के ऐतिहासिक महत्व का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि यह धरती बलिदान और आजादी की लड़ाई की गवाह रही है.
1857 की क्रांति और स्वतंत्रता आंदोलन की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के शहीदों और बाबू बंधू सिंह के बलिदान पर पूरे प्रदेश को फख्र है. उन्होंने उन सभी लोगों को भी याद किया जिन्होंने संघर्ष और आंदोलन में अपनी जान कुर्बान की.
रोड शो में उमड़ी भीड़ का हवाला देते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल तक जिस तरह का जनसमर्थन दिखाई दिया, उससे साफ है कि गोरखपुर की जनता बदलाव चाहती है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव की तारीखें भले अभी न आई हों, लेकिन जनता का जोश बता रहा है कि राजनीतिक माहौल बदल रहा है.
यह भी पढ़ें: CM योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन, चौरीचौरा से सपा का चुनावी बिगुल, क्या है गणित?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं