विज्ञापन

लिटन दास ने रचा इतिहास, एक पारी में 8 शिकार कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 148 साल में पहली बार हुआ ऐसा

लिटन दास ने जैसे ही कगिसो रबाडा को स्टंप किया, वैसे ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के 148 सालों के इतिहास को बदल दिया.

लिटन दास ने रचा इतिहास, एक पारी में 8 शिकार कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 148 साल में पहली बार हुआ ऐसा
एक पारी में 8 शिकार कर लिटन दास ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच हो रहे सीरीज के पहले टेस्ट के चौथे दिन लिटन दास ने जैसे ही कगिसो रबाडा को स्टंप किया, वैसे ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के 148 सालों के इतिहास को बदल दिया. लिटन दास बतौर विकेटकीपर एक टेस्ट पारी में विकेट के पीछे सबसे अधिक शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गए. लिटन दास ने विकेट के पीछे 6 कैच लपके, जबकि दो स्टंप किए. इससे पहले यह रिकॉर्ड वसीम बारी, बॉब टेलर, इयान स्मिथ, रिडली जैकब्स और जोशुआ डा सिल्वा के नाम था. इनमें से सबसे हालिया रिकॉर्ड - डा सिल्वा का - 2023 में बना था. इन सभी ने सात-सात कैच लपके थे.

इसके अलावा लिटन दास ने एक और खास उपलब्धि हासिल की है. लिटन टेस्ट की एक पारी में शतक लगाने के बाद 8 शिकार करने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. उनसे पहले, डेनिस लिंडसे (1966) और एबी डिविलियर्स (2013) ने एक पारी में शतक लगाने के साथ-साथ छह खिलाड़ियों को आउट किया था. दिलचस्प बात यह है कि यह दोनों टेस्ट भी जोहान्सबर्ग में ही खेले गए थे.

तीसरे दिन के खेल के अंत तक लिटन ने छह कैच लपके थे. उन्होंने एडेन मार्करम, जुबैर हमजा, माइकल ब्रेट्ज़के, वियान मुल्डर, मार्को जानसेन और साइमन हार्मर के कैच पकड़े. चौथे दिन उन्होंने रयान रिकेल्टन और रबाडा को स्टंप आउट करके अपनी संख्या में इजाफा किया. इससे पहले, उन्होंने 179 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 120 रन बनाए. उन्होंने तौहीद हृदय के साथ छठे विकेट के लिए 206 रन जोड़े, जिससे बांग्लादेश का कुल स्कोर 400 तक पहुंच गया- जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.

पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच में, लिटन ने एक शतक और एक अर्धशतक लगाने के साथ-साथ नौ खिलाड़ियों को आउट किया था. ऐसा करने वाले वह पहले विकेटकीपर बने थे. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था. बांग्लादेश की वनडे और टी20 टीम के कप्तान लिटन दास, अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा खिलाड़ियों को आउट करने वाले बांग्लादेशी विकेटकीपरों की सूची में 154 आउट के साथ सबसे ऊपर हैं. इस तरह वह मुशफिकुर रहीम से आगे निकल गए हैं, जिनके नाम 113 आउट दर्ज हैं. 

बात अगर मैच की करें तो, बुधवार को वांडरर्स में बांग्लादेश के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन, रयान रिकेलटन के शतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 157 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली. रिकेलटन की 102 रनों की पारी, और साथ ही कगिसो रबाडा और कप्तान टेम्बा बावुमा के अर्धशतकों की बदौलत, दक्षिण अफ्रीका की टीम बांग्लादेश के 400 रनों के जवाब में लंच के समय 557 रनों पर ऑलआउट हो गई.

रबाडा ने 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 72 रन बनाए और आठवें विकेट के लिए रिकेलटन के साथ 117 रनों की साझेदारी की. यह उनका दूसरा टेस्ट अर्धशतक था. बावुमा, जिन्हें पिछले दिन चोट के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा था, वापस लौटे और नाबाद 68 रन बनाए. चलने-फिरने में दिक्कत होने के बावजूद, उन्होंने 10वें विकेट के लिए डेन पैटरसन (29 रन) के साथ 45 रनों की साझेदारी की.

रिकेलटन ने 159 गेंदों में अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया. कुल मिलाकर, उन्होंने 165 गेंदों का सामना किया और 13 चौके लगाए, जिसके बाद मेहदी हसन मिराज की गेंद पर वे स्टंप आउट हो गए. इस बीच, मिराज ने रबाडा को भी स्टंप आउट कराया. लंच के ठीक समय पर हसन महमूद ने पैटरसन को बोल्ड कर दिया, लेकिन वह एक 'नो बॉल' थी. आखिरी विकेट बचा होने के कारण खेल के इस सत्र को 30 मिनट के लिए बढ़ा दिया गया. अंत में इबादत हुसैन ने पैटरसन को आउट करके पारी का समापन किया. मेजबान टीम ने सुबह के सत्र में 171 रन बनाए. वहीं दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 5 विकेट के नुकसान पर 100 रन बना लिए थे. हालांकि, बांग्लादेश अभी भी 57 रन पीछे है.

यह भी पढ़ें: विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के नाम अनचाहा रिकॉर्ड, इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में 97 रनों से धोया

यह भी पढ़ें: शुभमन गिल नंबर-4, पंत नंबर-5, चार तेज गेंदबाजों पर दांव, पहले टेस्ट में कैसी होगी भारत की प्लेइंग XI?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Litton Kumer Das, Bangladesh, South Africa, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com