अगर आप छोटी और कम बजट में अपने के लिए एक कार खरीदना चाहते हैं तो आपके पास एक शानदार ऑप्शन है. इस कार की खासियत है कि इसको धूप से भी चार्ज किया जा सकता है. जिससे आप काफी ज्यादा पैसों की बचत कर सकते हैं. हम बात कर रहे हैं पुणे की कंपनी Vayve Mobility की. कंपनी पिछले साल भारतीय बाजार में अपनी बिल्कुल नई और बेहद अनोखी छोटी इलेक्ट्रिक कार Eva लॉन्च की थी.
कंपनी ने इसकी शुरुआती इंट्रोडक्टरी एक्स-शोरूम कीमत मात्र 3.25 लाख रुपये रखी है. ये कार 9kWh, 12.6kWh और 18kWh के तीन अलग-अलग बैटरी पैक्स के ऑप्शन्स में उपलब्ध है. कंपनी ने उस समय इसकी प्री-बुकिंग मात्र 5 हजार रुपये से शुरू की थी. हालांकि, अभी आप इसे प्री-बुक नहीं कर सकते हैं. कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, इसकी प्री-बुकिंग अब साल 2027 में ओपन होगी. कंपनी ने कहा है कि तब तक शोरूम ऑपरेशनल हो जाएंगे, जिससे ग्राहकों इस कार को चलाकर एक्सपीरियंस कर पाएंगे. यानी इसको आप साल 2027 में ही खरीद पाएंगे.
Vayve Mobility Eva की कीमत
कीमत की बात करें तो इसके बेस वेरिएंट Nova (9kWh) की एक्स-शोरूम कीमत 3.99 लाख रुपये है, जो बैटरी सब्सक्रिप्शन (BaaS) के साथ घटकर मात्र 3.25 लाख रुपये रह जाती है. इसके मिड वेरिएंट Stella (12.6kWh) की कीमत 4.99 लाख रुपये (बैटरी सब्सक्रिप्शन के साथ 3.99 लाख रुपये) और सबसे टॉप वेरिएंट Vega (18kWh) की कीमत 5.99 लाख रुपये (बैटरी सब्सक्रिप्शन के साथ 4.49 लाख रुपये) रखी गई है.

ग्राहक इसके Nova और Stella वेरिएंट्स पर 20 हजार रुपये अतिरिक्त देकर और Vega वेरिएंट पर 25 हजार रुपये एक्स्ट्रा देकर एक खास सोलर रूफ पैनल (छत पर धूप से चार्ज होने वाला पैनल) भी लगवा सकते हैं. अगर आप इस गाड़ी को बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) रेंटल स्कीम के तहत खरीदते हैं, तो आपको प्रति किलोमीटर चलने के हिसाब से मात्र 2 रुपये का बैटरी चार्ज देना होगा. इसके लिए कंपनी ने वेरिएंट के हिसाब से मिनिमम मंथली रनिंग लिमिट तय की है, जो Nova के लिए 600 किमी, Stella के लिए 800 किमी और Vega के लिए 1200 किमी है.
Vayve Mobility Eva के फीचर्स
साइज और डिजाइन की बात करें तो Eva केवल 3,060 mm लंबी, 1,150 mm चौड़ी, 1,590 mm ऊंची है और इसका व्हीलबेस 2,200 mm का है. साइज के मामले में ये कार मशहूर MG Comet से थोड़ी सी ज्यादा लंबी है. शहर की तंग गलियों और भारी ट्रैफिक के बीच से आसानी से निकलने के लिए इसे बेहद पतली बॉडी, दो दरवाजों वाले डिजाइन और छोटे 12-इंच के पहियों के साथ तैयार किया गया है. ये एक 3-सीटर गाड़ी है जिसमें ड्राइवर की सीट बीच में (सेंटर में) दी गई है और पीछे दो पैसेंजर्स के बैठने के लिए एक बेंच सीट मिलती है.
इसके छोटे से केबिन को फीचर्स के मामले में काफी हाई-टेक बनाया गया है. इसमें डुअल-स्क्रीन सेटअप मिलता है, जिसमें एक बड़ा टचस्क्रीन और एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल है. इसके साथ ही इसमें Android Auto और Apple CarPlay, छह तरह से एडजस्ट होने वाली ड्राइवर सीट, क्लाइमेट कंट्रोल एसी, रिवर्स पार्किंग कैमरा, हिल-एच होल्ड असिस्ट, गाड़ी की खराबी बताने वाला डायग्नोस्टिक्स सिस्टम और ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट्स जैसे कमाल के फीचर्स दिए गए हैं. ग्राहक इसे मूनस्टोन व्हाइट, लाइट प्लैटिनम, रोज कोरल, स्काई ब्लू, शैंपेन गोल्ड और चेरी रेड जैसे छह बेहद खूबसूरत कलर्स में खरीद सकते हैं.

माइलेज और रेंज के मामले में ये कार बेहद खास है. इसके 18kWh वाले टॉप वेरिएंट में सिंगल चार्ज पर पूरे 250 किमी की रेंज मिलती है, जबकि 9kWh और 12.6kWh वाले वेरिएंट्स 125 किमी और 175 किमी की रेंज देते हैं. अगर आप इसमें सोलर रूफ पैनल लगवाते हैं, तो धूप से चार्ज होकर ये आपकी रेंज को 10 किमी तक और बढ़ा देता है. कंपनी का दावा है कि केवल सोलर एनर्जी की मदद से ये कार साल भर में 3,000 किमी तक का सफर आसानी से तय कर सकती है. सबसे बड़ी बात ये है कि इस कार को चलाने का खर्च मात्र 50 पैसे प्रति किलोमीटर (0.5 रुपये/किमी) आता है, जो कि किसी भी सामान्य पेट्रोल हैचबैक कार के मुकाबले पूरे 10 गुना सस्ता है.
परफॉर्मेंस के लिए इसमें 40Nm का रियर-व्हील ड्राइव (RWD) मोटर लगा है, जो इस कार को महज 5 सेकंड में 0 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दे देता है. इसकी टॉप स्पीड 70 किमी प्रति घंटा है. इसकी बैटरी को कार के फर्श (फ्लोर) के नीचे लगाया गया है जो पानी से सुरक्षा के लिए IP67 रेटिंग के साथ आती है. सुरक्षा के लिए इसमें ड्राइवर एयरबैग और सभी यात्रियों के लिए सीटबेल्ट दी गई है. चार्जिंग की बात करें तो एक डीसी (DC) फास्ट चार्जर की मदद से ये कार मात्र 15 मिनट में 10 से 70 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है, जबकि घर के सामान्य 15A वाले प्लग सॉकेट से इसे फुल चार्ज होने में लगभग 5 घंटे का समय लगता है.
यह भी पढ़ें | 27km तक का माइलेज, ऑटोमैटिक गियर, कीमत 5.99 लाख से शुरू, Hyundai की बेस्ट कारें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं