विज्ञापन

तीन बाइक, 8 लुटेरे और 30-40 करोड़ का माल पार, बेतिया में ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े लूट से मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही बेतिया पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसएसपी कुमार गौतम, चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय और डीएसपी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे.

तीन बाइक, 8 लुटेरे और 30-40 करोड़ का माल पार, बेतिया में ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े लूट से मचा हड़कंप
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में बहुत बड़ी लूट हुई है.
  • करीब आठ बदमाश बाइक से आए और ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल होकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया
  • अपराधियों ने मोबाइल फोन छीन कर पुलिस को सूचना न देने का प्रयास किया और गहने समेटकर फरार हो गए
  • पुलिस के DIG, SSP सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया शहर में शुक्रवार को बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दे दी. शहर के व्यस्त सुप्रिया रोड स्थित Senco Gold & Diamonds शोरूम में घुसे हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों रुपये के सोने और हीरे के आभूषण लूट लिए. शुरुआती जानकारी के अनुसार लूटे गए जेवरों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

ग्राहक बनकर पहुंचे और फिर तान दी बंदूक

जानकारी के मुताबिक तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे करीब आठ अपराधी पहले ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुए. कुछ देर तक उन्होंने अंदर की स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद अचानक हथियार निकालकर कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने विरोध करने वाले कर्मचारियों के साथ मारपीट की और गाली-गलौज भी की. शोरूम में मौजूद ग्राहकों को एक जगह बैठा दिया गया जबकि कुछ लोगों के हाथ भी बांध दिए गए. अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए ताकि कोई पुलिस को सूचना न दे सके.

सोने और हीरे के गहने समेटकर हुए फरार

हथियारों के डर से पूरा शोरूम सहम गया. इसका फायदा उठाकर बदमाशों ने शोकेस और स्टोरेज में रखे कीमती सोने तथा हीरे के गहने समेटे और फरार हो गए. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों में दहशत फैल गई.

मौके पर पहुंचे DIG और SSP

घटना की सूचना मिलते ही बेतिया पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसएसपी कुमार गौतम, चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय और डीएसपी अजीत कुमार मौके पर पहुंचे. जिले के कई थानों की पुलिस को भी तत्काल अलर्ट कर दिया गया.

पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है. जांच टीम शोरूम के सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ बदमाशों के भागने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं.

यह भी पढ़ें | दरवाजा खटखटाया और सिर में मार दी गोली! दानापुर के इरफान मर्डर केस में पत्नी और आशिक सलाखों के पीछे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Robbery, Bihar Crime News, West Champaran
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com