बीते तीन-चार दिनों से सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” की चर्चा जोरों पर है. एक हफ़्ते के भीतर इंस्टग्राम पर इसके एक करोड़ से ज्यादा फ़ॉलोवर बन चुके हैं जो किसी भी मेन स्ट्रीम राजनीतिक दल के हैंडल से ज़्यादा है. सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी की व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया में शुरू किए गए इस अभियान का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि पार्टी की चर्चा राजनीतिक गलियारों में भी हो रही है.लेकिन साथ ही, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ये भी दावा कर रहे हैं कि कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स इंस्टाग्राम पर तो बढ़ रहे हैं लेकिन उसी तादाद में एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर नहीं। इसलिए ये शंका भी जाहिर की जा रही है कि कहीं इस बूस्ट के पीछे देश में बाहर बैठे बॉट्स का हाथ है.
महज चार-पांच दिन पुरानी इस वेबसाइट के संस्थापक अध्यक्ष हैं अभिजीत दीपके जो अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं. मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले अभिजीत कुछ सालों तक आम आदमी पार्टी और केजरीवाल सरकार के अंतर्गत काम कर चुके हैं. दरअसल, बीते शुक्रवार 15 मई को भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता को फटकार लगाते हुए “कॉकरोच” वाली टिप्पणी की थी.
बहरहाल चीफ जस्टिस की सफाई सामने आने से पहले ही हर तरफ “कॉकरोच पर चर्चा” शुरू हो चुकी थी. इन्हीं सब के बीच अभिजीत दीपके ने बॉस्टन (अमेरिका) से 16 मई को X पर “कॉकरोच जनता पार्टी” की एक इमेज के साथ एक गूगल फॉर्म का लिंक पोस्ट करते हुए कहा - सभी "कॉकरोच" के लिए एक नया मंच बना रहा हूँ, जो शामिल होना चाहते हैं वो लिंक पर क्लिक करें.
हज़ारों लोगों ने गूगल फॉर्म भरे. एक्स और इंस्ट्सग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर “कॉकरोच जनता पार्टी” को अपने समर्थन जाहिर करने लगे. टीएमसी के कुछ सांसदों ने ख़ुद को “कॉकरोच जनता पार्टी”का सदस्य बता दिया. बुधवार को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया “बीजेपी बनाम सीजेपी.”ज़ाहिर है कि एक हफ़्ते के भीतर इस प्रयोग पर ज्यादातर लोगों की नज़र पड़ चुकी थी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद वो कुछ साल तक आम आदमी पार्टी के ऑनलाइन प्रचार का काम देखते थे. आम आदमी पार्टी से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक बॉस्टन जाने से पहले तक अभिजीत मनीष सिसोदिया के साथ दिल्ली सरकार में काम कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिजीत दीपके बोस्टन में पब्लिक रिलेशन्स का कोर्स कर रहे है. अभिजीत दीपके का दावा है कि एक लाख से ज़्यादा लोग "कॉकरोच जनता पार्टी" से पंजीकृत हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर वायरल हुई 'Cockroach Janta Party', 3 दिनों में जुड़े हजारों लोग, जानें क्या है पूरा मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं