केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास के खिलाफ एक 'लुकआउट सर्कुलर' (LOC) जारी किया गया है. कोर्ट में सौरव दास की उस याचिका पर सुनवाई हो रही थी, जिसमें उन्होंने विदेश जाने से रोके जाने को चुनौती दी है. 'लुकआउट सर्कुलर' (LOC) एक तरह का अलर्ट होता है, जिसे ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन द्वारा देश भर के हवाई अड्डों और अन्य प्रवेश-निकास बिंदुओं पर जारी किया जाता है. इसका मकसद उन लोगों को भारत छोड़ने से रोकना है, जिन पर आपराधिक गतिविधियों का आरोप है या जिनके नाम किसी कानूनी मामले में शामिल हैं.
केंद्र सरकार ने कोर्ट को यह भी बताया कि सौरव दास के पासपोर्ट में कुछ कमियां हैं, जिनका असर उनकी भारतीय नागरिकता पर पड़ सकता है. हालांकि, सौरव दास के वकील ने कहा कि उन्हें किसी भी LOC के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी.
दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे सौरव...
कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास ने विदेश जाने से रोके जाने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. याचिका दायर करते हुए उन्होंने विदेश जाने से रोके जाने के अधिकारियों के फैसले को चुनौती दी है. सौरव दास की याचिका के बाद हाई कोर्ट ने नोटिस जारी करते हुए सरकार से जवाब मांगा है. केंद्र ने कोर्ट को बताया है कि सौरव दास के खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' (LOC) जारी किया गया है.
क्या है पासपोर्ट का मामला?
बुधवार को विदेश मंत्रालय की एक ब्रीफिंग के मुताबिक, चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने सोमवार को दास को एक नोटिस जारी किया. इसमें उनसे कहा गया है कि वे एक हफ्ते के अंदर अपने पासपोर्ट पर जन्मस्थान से जुड़ी गलतियों पर जवाब दें. यह नोटिस संबंधित अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर जारी किया गया है.
इसके बाद, सौरव दास ने इस मामले में राहत पाने के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
इससे पहले, सौरव दास ने बताया था कि 27 नवंबर को होने वाले एक कार्यक्रम के लिए लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से ठीक पहले, उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया.
सोमवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सौरव ने कहा कि सरकार ने उन्हें विदेश जाने से इसलिए रोका, जिससे वे विदेशी विश्वविद्यालयों में छात्रों को संबोधित न कर सकें.
यह भी पढ़ें | पासपोर्ट में जन्मस्थान की जानकारी पर घिरे सौरव दास, MEA का नोटिस; 7 दिन में मांगा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं