कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में 'कॉकरोच क्लब' की रूपरेखा साझा की है. उन्होंने कहा कि यह देश की युवा पीढ़ी के लिए एक फिजिकल स्पेस होगा, जहां वे एक-दूसरे से मिल सकेंगे, विचारों का आदान-प्रदान कर सकेंगे, सवाल पूछ सकेंगे, सीख सकेंगे और आगे बढ़ सकेंगे.
सौरव दास के मुताबिक, यह सिर्फ मिलने-जुलने की जगह नहीं होगी, बल्कि युवाओं के बौद्धिक और सामाजिक विकास का एक मंच भी बनेगी. यहां अलग-अलग विषयों पर संवाद और चर्चा के जरिए नई सोच को बढ़ावा दिया जाएगा.
गांधी, नेहरू और अंबेडकर के विचारों पर होगी चर्चा
उन्होंने कहा कि क्लब में युवा गांधी, नेहरू, अंबेडकर और अन्य महान विचारकों के विचारों से परिचित हो सकेंगे. इसके लिए लेक्चर और चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे. साथ ही फिल्म स्क्रीनिंग के जरिए भी युवाओं की समझ और नजरिये को व्यापक बनाने की कोशिश की जाएगी.
सौरव दास ने कहा कि क्लब में ऐसे शांत कोने भी होंगे, जहां छात्र पढ़ाई कर सकेंगे, किताबें पढ़ सकेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे. उनके अनुसार, यह जगह सीखने और आत्म-विकास के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराएगी.
सिर्फ गंभीर चर्चा नहीं, मनोरंजन भी
हालांकि सौरव दास का कहना है कि युवा पीढ़ी केवल गंभीर चर्चाओं तक सीमित नहीं है. इसी वजह से कॉकरोच क्लब में मनोरंजन को भी जगह दी जाएगी. यहां लाइव परफॉर्मेंस, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्टैंड-अप कॉमेडी जैसे आयोजन होंगे, ताकि युवा आराम कर सकें, हंस सकें और अपने दोस्तों के साथ अच्छा समय बिता सकें.
उन्होंने कहा कि यह क्लब युवाओं के लिए एक ऐसा ठिकाना बन सकता है, जहां सीखने और मनोरंजन के बीच संतुलन बनाया जा सके.
'राय नहीं थोपी जाएगी, बहस को बढ़ावा मिलेगा'
सौरव दास ने अपनी पोस्ट में कहा कि कॉकरोच क्लब की सबसे अहम पहचान यह होगी कि यहां युवाओं को खुद सोचने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह ऐसी जगह नहीं होगी जहां किसी को तैयार राय दी जाए या कोई विचारधारा थोपी जाए.
उन्होंने कहा, "यहां अलग-अलग विचारों पर खुली बहस होगी, नजरियों को चुनौती दी जाएगी और स्वतंत्र सोच को प्रोत्साहन मिलेगा. उन्होंने कहा कि युवा यहां सिर्फ दुनिया को समझने की कोशिश नहीं करेंगे, बल्कि यह भी कल्पना करेंगे कि भारत और दुनिया कैसी होनी चाहिए."
'युवा विकसित करेंगे अपना आइडिया ऑफ इंडिया'
सौरव दास ने पोस्ट के अंत में लिखा कि कॉकरोच क्लब वह जगह होगी, जहां युवा मिलकर भारत के बारे में अपना नजरिया और अपना "आइडिया ऑफ इंडिया" विकसित करेंगे. उनके मुताबिक, यह मंच नई पीढ़ी को सोचने, सवाल करने और अपने भविष्य को लेकर नई कल्पनाएं गढ़ने का अवसर देगा.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 55 लाख के गहनों से भरे बैग की हो गई अदला बदली, फिर ऐसे हुआ बरामद, फिल्मी है पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं