बेंगलुरु में पब से शराब पीकर घर लौट रहे 10वीं क्लास के छात्र की अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई. लड़के के पिता ने इसके लिए उस पब को जिम्मेदार ठहराया है, जिन्होंने शराब पिलाई. पिता ने पुलिस में पब के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है. पिता का सवाल है कि आखिर, क्यों उनके नाबालिग बेटे को पब में शराब परोसी गई. अगर उनका बेटा शराब के नशे में न होता, तो शायद आज वो जिंदा होगा. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मौत के इस मामले में जांच शुरू कर दी है.
7वीं मंजिल से गिरने से मौत
मामला बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग का है, जहां सातवीं मंजिल से 15 वर्षीय 10वीं कक्षा का छात्र गिर गया. पुलिस के अनुसार, डॉ. विष्णुवर्धन रोड स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले इस छात्र की 31 जनवरी को रात करीब 9.40 बजे गिरने से मौत हुई. लड़के के पिता ने राजराजेश्वरी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग ने कथित तौर पर शाम को अपने दोस्तों के साथ राजराजेश्वरी नगर पुलिस क्षेत्र में स्थित एक पब में शराब पी थी.
हमने नहीं परोसी लड़के को शराब, पब की सफाई
लड़के के पिता की शिकायत के आधार पर, पब मालिकों और कर्मचारियों के खिलाफ किशोर न्याय (देखभाल और संरक्षण) अधिनियम और कर्नाटक उत्पाद शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. हालांकि, पब प्रबंधन का दावा है कि उन्होंने नाबालिग को शराब नहीं परोसी. उनके बयान के अनुसार, लड़का कथित तौर पर पब में आते समय अपने साथ शराब लेकर आया था.
पब के CCTV से सुलझेगी गुत्थी
पुलिस ने बताया है कि पब में उस रात क्या हुआ था, क्या पब मैनेजमेंट के दावे सभी हैं या नहीं? इसकी घटनाक्रम का सटीक पता लगाने और प्रबंधन के दावों की पुष्टि करने के लिए पब के सीसीटीवी फुटेज की गहन समीक्षा की जा रही है. साथ ही, पुलिस ने जांच पूरी होने तक पब का लाइसेंस रद्द करने की कार्यवाही भी शुरू कर दी है. इस बीच, अपार्टमेंट परिसर के सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि लड़का अपने दोस्तों के साथ घर लौटा था, जिन्होंने उसे सोसायटी के एंट्री गेट पर ड्रॉप किया था. फुटेज में लड़के को अपार्टमेंट परिसर में प्रवेश करते और अकेले लिफ्ट से अपनी मंजिल तक जाते हुए दिखाया गया है.
ये भी पढ़ें :- बेंगलुरु में पाइपलाइन चैंबर से मिला छात्र का शव, हादसा या लापरवाही, जांच जारी
क्या गलती से लगा दी छलांग?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लड़के के घर में जाने बजाय बालकनी में जाने का संदेह है, जहां से उसने छलांग लगा दी होगी. हालांकि, यह भी देखने को मिला कि अचानक गिरने की संभावना कम है, क्योंकि बालकनी की रेलिंग काफी ऊंची है. एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, 'लड़के के गिरने की सटीक परिस्थितियों का अभी भी पता लगाया जा रहा है. इस स्तर पर, आत्महत्या सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.' साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है, कि क्या शराब पीने के बाद परिवार का सामना करने का डर, कक्षा 10वीं की पढ़ाई से संबंधित शैक्षणिक तनाव, या कोई व्यक्तिगत समस्या तो मौत का कारण नहीं है.
ये भी पढ़ें :- मैडम ने क्लास ने बताई अपनी पसंदीदा चीज, फिर छोटे-छोटे बच्चों ने अगले दिन किया कुछ ऐसा, वीडियो ने जीत लिया लोगों का दिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं