- कर्नाटक के बेंगलुरु में केजी हल्ली थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत
- हादसा वेंकटेश्वर मेट्रो स्टेशन के पास हुआ, जहां दोनों बाइकें तेज रफ्तार में टकराई और सड़क से दूर जा गिरीं
- चारों युवक रमजान की सुबह की नमाज अदा करने मस्जिद जा रहे थे, जिनमें से दो की मौत और दो घायल
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. केजी हल्ली थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह दो बाइकों की भीषण टक्कर में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. बाइक सवार चारों युवक रमजान की नमाज अदा करने के लिए जा रहे थे. इस भयंकर हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
आमने-सामने की भीषण टक्कर
हादसा वेंकटेश्वर मेट्रो स्टेशन के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं और उनकी आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें सड़क से दूर जा गिरीं. यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
नमाज के लिए जा रहे थे युवक
पुलिस ने बताया कि रमजान का महीना चल रहा है और चारों युवक तड़के सुबह की नमाज़ अदा करने के लिए मस्जिद जा रहे थे. हादसे में 23 साल के सैयद आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक अन्य युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बाइक पर पीछे बैठे दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसा कितना भयानक था इसका अंदाजा सीसीटीवी फुटेज से लगाया जा सकता है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. केजी हल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: महिला का गला रेत 65 लाख के गहने लूटे, बगल में लेटे पति को भनक नहीं लगी, ऐसे पकड़ा गया हत्यारा पड़ोसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं