- DNPA कॉन्क्लेव में डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप, जिम्मेदारियों और भविष्य की नीतियों पर व्यापक चर्चा हुई.
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को प्रकाशित कंटेंट की जिम्मेदारी लेने पर जोर दिया.
- मंत्री ने AI‑जनित कंटेंट के लिए व्यक्ति की कंसेंट होने को डिजिटल सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया.
दिल्ली में आयोजित डीएनपीए (Digital News Publishers Association) कॉन्क्लेव में डिजिटल मीडिया के बदलते परिदृश्य, उसकी जिम्मेदारियों और भविष्य की नीतियों पर व्यापक चर्चा हुई. इस दौरान केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया, टेक प्लेटफॉर्म्स और सरकार- सभी की साझा जिम्मेदारी पर जोर दिया.
कंटेंट होस्ट करने वाले प्लेटफॉर्म्स को जिम्मेदारी लेनी होगी
मंत्री वैष्णव ने स्पष्ट कहा कि प्लेटफॉर्म्स को अपने यहां प्रकाशित और होस्ट किए जाने वाले कंटेंट की जिम्मेदारी लेनी ही होगी. उन्होंने कहा कि आज डिजिटल दुनिया में डीपफेक, फेक न्यूज और गलत सूचनाओं का प्रसार समाज और लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए बड़े खतरे के रूप में उभर रहे हैं. ऐसे में भरोसा बनाए रखना मीडिया और टेक कंपनियों का मूल कर्तव्य है.
यह भी पढ़ें- भारत का 'ब्रह्मास्त्र' बनेगा आयरन डोम! सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों से घातक ड्रोन तक, इजरायल से डिफेंस डील पर सबकी नजरें
AI जेनरेटेड कंटेंट के लिए ‘कंसेंट' जरूरी
कार्यक्रम में अश्विनी वैष्णव ने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति को फीचर करते हुए तैयार किए गए AI‑जनित कंटेंट के लिए उसकी स्पष्ट सहमति लेना जरूरी होना चाहिए. उन्होंने इसे डिजिटल सुरक्षा और व्यक्तिगत अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी कदम बताया.
'समाज भरोसे पर चलता है, मीडिया की भूमिका निर्णायक'
वैष्णव ने कहा कि पूरा मानव समाज विश्वास की संस्थाओं पर आधारित है. परिवार, समाज, न्यायपालिका, विधायिका और मीडिया सभी भरोसे के स्तंभ हैं. मीडिया के लिए निष्पक्षता और जिम्मेदारी उसका बुनियादी सिद्धांत है, लेकिन आज ऑनलाइन खतरों ने इसकी विश्वसनीयता को चुनौती दी है. उन्होंने ऑनलाइन सेफ्टी, बच्चों की सुरक्षा, सिंथेटिक कंटेंट की रोकथाम और खबरों की प्रामाणिकता को भविष्य की नीति निर्धारण के मुख्य आधार बताए.
यह भी पढ़ें- पीएम कार्नी का भारत दौरा बनेगा रिश्तों का टर्निंग पॉइंट? यात्रा से पहले बदले कनाडा के सुर
इस साल की थीम- ‘The New World Order of News'
कॉन्क्लेव की थीम थी, ‘The New World Order of News: Rewriting the Playbook for a Resilient Digital Future'
इस अंतर्गत चर्चा के मुख्य बिंदु थे-
- मीडिया और टेक्नोलॉजी में तेजी से आ रहे बदलाव.
- डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के नए रेगुलेशन.
- बदलते विज्ञापन और मुद्रीकरण मॉडल.
- रणनीतिक साझेदारियां.
- न्यूज रूम में AI की बढ़ती भूमिका.
यह कॉन्क्लेव प्रकाशन जगत, टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म्स, नीति‑निर्माताओं और उद्योग जगत के वरिष्ठ नेतृत्व को एक मंच पर लाने का प्रयास था.
क्या है डीएनपीए?
Digital News Publishers Association (DNPA) देश की अग्रणी डिजिटल समाचार संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रमुख उद्योग संस्था है. इसका उद्देश्य है विश्वसनीय पत्रकारिता को मजबूत करना, नैतिक मानकों को बनाए रखना, डिजिटल समाचार पारिस्थितिकी तंत्र में सतत विकास को बढ़ावा देना.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं