विज्ञापन
4 months ago
येरूशलम:

PM Modi Israel Visit LIVE: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इजरायल के याद वाशेम स्मारक का दौरा किया और ‘होलोकॉस्ट' के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की. उनके साथ उनके समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद थे. विदेश मंत्रालय के कहा, “होलोकॉस्ट के पीड़ितों की स्मृति को नमन करते हुए और शांति तथा मानव गरिमा की रक्षा के हमारे साझा संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व होलोकॉस्ट स्मरण केंद्र याद वाशेम का दौरा किया. यह स्मारक अतीत की क्रूरता की गंभीर याद दिलाता है और अन्याय के खिलाफ खड़े होने तथा बेहतर विश्व के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है.”

प्रधानमंत्री ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने ‘बुक ऑफ नेम्स हॉल' का भी दौरा किया, जहां होलोकॉस्ट में मारे गए लाखों लोगों की स्मृति को संरक्षित रखने का प्रयास किया गया है. होलोकॉस्ट द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाज़ी जर्मनी द्वारा किया गया नरसंहार था, जिसमें लगभग 60 लाख यहूदियों को मार डाला गया था.

PM Modi Israel Visit LIVE Updates

इजराइल में आतंकवाद पर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम जल्द ही मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देंगे. उन्होंने कहा कि किसी भी रूप में आतंकवाद स्वीकार नहीं है. हर हाल में इसका विरोध करेंगे.

गाजा पीस प्लान (शांति योजना) ने क्षेत्र में स्थिरता और शांति की स्थापना हुई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गाजा पीस प्लान (शांति योजना) ने क्षेत्र में स्थिरता और शांति की स्थापना हुई है. उन्होंने भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि भारत इस दिशा में सभी संबंधित देशों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग की प्रक्रिया को जारी रखेगा. अपनी यात्रा के समापन पर पीएम मोदी ने इजराइल में मिले अभूतपूर्व सम्मान और स्नेह के लिए वहां की जनता और सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया.

यह दोनों देशों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब : प्रधानमंत्री मोदी

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमने अपने सदियों पुराने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है. यह दोनों देशों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है.

इजरायल से PM मोदी का संबोधन LIVE

इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बयान

इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह एक अद्भुत यात्रा थी, एक अद्भुत यात्रा का अद्भुत समापन. यह संक्षिप्त थी लेकिन बेहद फलदायी और साथ ही बेहद भावुक कर देने वाली भी. मुझे लगता है कि कल नेसेट में आपके भावपूर्ण बयान के बाद इज़राइल में शायद ही किसी की आंखें नम न हुई हों. मैं आपको बता सकता हूं कि तब से हमें न केवल अपने दिलों में झांकने का अवसर मिला है, बल्कि अपने दोनों देशों में मौजूद असाधारण बुद्धिजीवियों को समझने का भी मौका मिला है.

'स्पीकर ऑफ द नेसेट' द्वारा मुझे जो सम्मान दिया : PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि नौ साल पहले मुझे इजराइल की यात्रा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था और आज एक बार फिर इस पवित्र भूमि पर आना मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है. इजराइल की संसद (नेसेट) में 'स्पीकर ऑफ द नेसेट' द्वारा मुझे जो सम्मान दिया गया है, उसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. मैं इस गौरवशाली सम्मान को भारत के 140 करोड़ देशवासियों की ओर से स्वीकार करता हूं और उन्हीं को समर्पित करता हूं.

द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर केंद्रित व्यापक वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भारत-इजराइल रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और कृषि क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर केंद्रित व्यापक वार्ता की. दोनों पक्षों द्वारा मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति पर भी विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है. भारत और इजराइल द्वारा भारत-मध्य पूर्व यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) के कार्यान्वयन और I2U2 (भारत-इजराइल-यूएई-अमेरिका) ढांचे के तहत सहयोग पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है.

पीएम मोदी और नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने यरुशलम में प्रतिनिधिमंडल स्तर पर बातचीत की.

पीएम मोदी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

'याद वाशेम' पहुंचे पीएम मोदी और नेतन्याहू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने यरूशलम स्थित याद वाशेम का दौरा किया. 

पीएम मोदी ने इजरायली कंपनियों को भारत में निवेश और मैन्युफैक्चरिंग के लिए किया आमंत्रित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायली कंपनियों को भारत में निवेश करने, मैन्युफैक्चरिंग स्थापित करने और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने के अवसर तलाशने का निमंत्रण दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ यहां विभिन्न क्षेत्रों में इजरायल की अग्रणी तकनीकों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का दौरा किया. इस प्रदर्शनी में एग्री-टेक, वॉटर-टेक, क्लाइमेट-टेक, हेल्थ-बायोटेक, स्मार्ट मोबिलिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा और क्वांटम तकनीक जैसे क्षेत्रों की नवीन खोजें शामिल थीं.

'हेक्सागन' क्या है? जिसमें भारत को शामिल करना चाहते हैं बेंजामिन नेतन्याहू

इजरायल के तेल अवीव एयरपोर्ट पर वो तस्वीर हम सबने देखी. बाहें फैलाई गईं और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी को गले लगा लिया. ये दोस्ती पुरानी है, केमिस्ट्री भी जबरदस्त है. लेकिन इस बार की ये गर्मजोशी सिर्फ दोस्ती तक सीमित नहीं है. इसके पीछे एक बहुत बड़ा जियो-पॉलिटिकल प्लान है. एक ऐसा प्लान जिसे नेतन्याहू ने नाम दिया है- 'हेक्सागन'. जी हां, छह कोनों वाला एक ऐसा सुरक्षा घेरा, जिसके केंद्र में नेतन्याहू भारत को देख रहे हैं. आखिर क्या है ये हेक्सागन और क्यों इजरायल को अपनी सुरक्षा के लिए अब भारत की इतनी सख्त जरूरत पड़ गई है? यहां पढ़ें पूरी खबर

जब नेतन्याहू ने कहा- 'इजरायल को बॉलीवुड पसंद'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया. स्वागत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर भारत-इजरायल भाईचारे पर कोई बॉलीवुड फिल्म बने तो वह जबरदस्त हिट साबित होगी.यह टिप्पणी दोनों देशों के मजबूत संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को दिखाती है. इजरायल को बॉलीवुड बेहद पसंद है और दोनों देशों के बीच सिनेमा के क्षेत्र में गहरा जुड़ाव भी है. यह बात खुद बेंजामिन नेतन्याहू ने साल 2018 में भारत दौरे के दौरान कही थी. 

भारत-इजरायल संबंधों में नई तेजी, उन्नत और संवेदनशील तकनीकों पर बढ़ेगा सहयोग : रूवेन अजार

भारत में इजरायली राजदूत रूवेन अजार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा और भारत-इजरायल संबंधों पर अहम बयान दिया. उन्होंने कहा कि इस यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और प्रधानमंत्री के भाषण ने सभी को गहराई से प्रभावित किया.

अजार ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आतंकवाद के खिलाफ बिना किसी समझौते के सख्त लड़ाई की बात कही और स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद के लिए किसी भी प्रकार का बहाना स्वीकार्य नहीं है. राजदूत अजार ने दोनों देशों के रिश्तों के भविष्य पर भी विस्तार से बात की. उन्होंने बताया कि भारत और इजरायल अब अपने सहयोग को अधिक व्यापक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, खासकर संवेदनशील और उन्नत तकनीकों के क्षेत्र में.

मिडिल ईस्ट में भारत की अहम जरूरत: शैरेन हास्केल

इजरायल की उप विदेश मंत्री शैरेन हास्केल ने कहा कि मध्य पूर्व में स्थिरता लाने में भारत की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने इजरायल‑भारत‑अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को शांति के लिए जरूरी बताया. हास्केल के अनुसार, भारत उन ताकतों में शामिल है जो क्षेत्र में सुरक्षा, खुशहाली और संतुलन ला सकती हैं. 

आप केवल मित्र नहीं हैं, आप भाई हैं: नेतन्याहू ने पीएम मोदी से कहा

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘एक मित्र से कहीं अधिक’ बताते हुए उनकी सराहना की और सात अक्टूबर 2023 के भीषण हमले के बाद इजराइल के साथ खड़े रहने के लिए उनका आभार व्यक्त किया.

बेंजामिन नेतन्याहू अपने संबोधन की शुरुआत में भावुक दिखे. उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और राष्ट्राध्यक्ष नेसेट आते हैं और यह हम सभी के लिए हमेशा उत्साह का क्षण होता है, लेकिन मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र, आपकी यात्रा से मैं विशेष रूप से भावुक हूं. आप इज़राइल के महान मित्र हैं और विश्व मंच पर एक महान नेता हैं.... नरेन्द्र, आप केवल मित्र नहीं हैं. आप भाई हैं.’’

बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पोशाक पहनकर पीएम मोदी को दिया सरप्राइज

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिंदी में ट्वीट किया, "हमारे साथ डिनर से पहले, मैंने अपने दोस्त प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनकर सरप्राइज दिया."

भारत गाजा शांति योजना का समर्थन करता है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को इजराइल की संसद ‘नेसेट’ में अपने ऐतिहासिक संबोधन में गाजा शांति पहल को पूरे क्षेत्र के लिए 'न्यायपूर्ण और स्थायी शांति' का मार्ग बताया, साथ ही उन्होंने इजराइल के प्रति एकजुटता का सशक्त संदेश देते हुए कहा कि ‘‘आतंकवाद चाहे कहीं हो, यह हर जगह की शांति के लिए खतरा है’’.

मोदी ‘मित्र से बढ़कर’ हैं : नेतन्याहू

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘एक मित्र से कहीं अधिक’ बताते हुए उनकी सराहना की और सात अक्टूबर 2023 के भीषण हमले के बाद इजरायल के साथ खड़े रहने के लिए उनका आभार व्यक्त किया.

इजरायल में भी कार डिप्लोमेसी

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एकसाथ एक कार में यरुशलम में आयोजित इनोवेशन कार्यक्रम में पहुंचे.इस तरह पीएम मोदी की कार डिप्लोमेसी इजरायल में भी नजर आई.

इजरायल में पीएम मोदी ने बनाया दुर्लभ रिकॉर्ड

पीएम मोदी को 2018 में फिलिस्तीन का विदेशी नेताओं को सर्वोच सम्मान 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ पेलेस्टाइन' प्रदान किया गया था. अब उन्हें इजरायल की संसद के सर्वोच्च सम्मान 'स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल' से सम्मानित किया गया है. इस तरह ये दोनों खिताब पाने वाले दुर्लभ नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी का नाम शामिल हो गया है. 

इजरायल में पीएम मोदी ने बनाया दुर्लभ रिकॉर्ड

पीएम मोदी को 2018 में फिलिस्तीन का विदेशी नेताओं को सर्वोच सम्मान 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ पेलेस्टाइन' प्रदान किया गया था. अब उन्हें इजरायल की संसद के सर्वोच्च सम्मान 'स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल' से सम्मानित किया गया है. इस तरह ये दोनों खिताब पाने वाले दुर्लभ नेताओं में प्रधानमंत्री मोदी का नाम शामिल हो गया है. 

पीएम मोदी को 'स्पीकर ऑफ द नेसेट' मेडल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधन खत्म करने के बाद स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल से सम्मानित किया गया. वह ऐसे पहले शख्स हैं, जिन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया है. यह इजरायली संसद नेसेट का सबसे बड़ा सम्मान है. 

जय हिंद के साथ पीएम मोदी का संबोधन संपन्न

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी पार्टनरशिप न सिर्फ राष्ट्रीय हितों के लिहाज से बल्कि विश्व की समृद्धि के लिए भी अहम है. प्रधानमंत्री ने मोदी-मोदी के नारों के बीच जय हिंद के साथ अपने संबोधन का समापन किया.  

'भारत और इजरायल के त्योहारों में भी समानता'

भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजरायल के त्योहारों में भी समानता है. इजरायल में हनुक्का मनाया जाता है, तो भारत में दिवाली की धूम होती है. भारत में जल्द ही होली का त्योहार आने वाला है. इसी वक्त इजरायल में पुरिम का पर्व मनाया जाएगा.   

भारत-इजरायल में 'वसुधैव कुटुम्बकम' का संबंध

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजरायल दोनों ही प्राचीन सभ्यताएं हैं. दोनों की परंपराएं, रिवाज दिखाते हैं कि दोनों में ज्यादा अंतर नहीं है. भारत में वसुधैव कुटुम्बकम है तो इजरायल में भी इसी भावना से काम होता है. दोनों के ही समाज करुणा, एम्पैथी से काम करते हैं. 

इजरायल में रहने वाले भारतीयों पर हमें गर्वः प्रधानमंत्री

पीएम मोदी ने इजरायली सांसदों को भारत आने का न्योता दिया. इजरायल में भारतीय स्वास्थ्यकर्मियों और देखभाल कर्मियों की तारीफ करते हुए कहा कि हमास के हमले के बाद लोगों के इलाज में उन्होंने बेहतरीन योगदान दिया था, हमें उन पर गर्व है. 

PM Modi LIVE: अनिश्चित विश्व में हमारी दोस्ती बहुत महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच व्यापारिक, रणनीतिक ही नहीं, रक्षा के भी संबंध हैं.  

नवंबर 2025 में हमने डिफेंस में सहयोग के लिए समझौता किया था. इस अनिश्चित विश्व में हमारी दोस्ती बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने गाजा में शांति के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि गाजा पीस इनिशिएटिव को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मंजूरी दी है. यह एक रास्ता दिखाता है. भारत इस पहल के लिए अपना समर्थन जताता है.

3 साल में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा भारतः पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और आने वाले तीन वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी इकोनमी बन जाएगा. वहीं इजरायल पावरहाउस है. ये हमारे बीच भविष्य की साझेदारी की नींव को मजबूत बनाता है. उन्होंने कहा कि  पिछले कुछ वर्षों में भारत ने कई देशों से इंपोर्ट के समझौते किए हैं,  

2006 में पहली बार इजरायल आया था, पीएम मोदी ने बताया

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आजादी के बाद बहुत से भारतीय इजरायल के साथ गहरा संबंध महसूस करते थे. 1950 में मरुस्थल को आबाद करने में इजरायल के योगदान को याद किया गया था. प्रधानमंत्री ने बताया कि मैं 2006 में गुजरात के सीएम के रूप में पहली बार इजरायल आया था. उसके बाद मेरा आना लगा रहा और हमारे संबंधों ने नई ऊंचाइयां छुईं.  

इजरायल फादर लैंड, इंडिया मदरलैंडः पीएम मोदी

पीएम मोदी ने इजरायल को फादर लैंड और  इंडिया को मदरलैंड बताया और कहा कि हमें इस पर गर्व है. उन्होंने कहा कि विश्व युद्ध के दौरान हजारों भारतीयों ने इस इलाके में अपनी जान कुर्बान की थी. उन्होंने मेजर ठाकुर दलपत सिंह को हीरो ऑफ हाइफा बताया. पीएम ने कहा कि पिछले महीने दुनिया ने इंटरनेशनल होलोकॉस्ट रिमेंबरेंस डे मनाया था. यह मानवता के लिए काला अध्याय है. उन्होंने कहा कि शांति का मार्ग हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन भारत इस क्षेत्र में संवाद, शांति और स्थिरता के लिए इजरायल और विश्व के साथ खड़ा है.

PM Modi Israel Visit LIVE: पीएम ने बताया, इजरायल उनके लिए कितना अहम

PM Modi Israel Visit LIVE: पीएम मोदी ने अपनी इजरायल यात्रा की महत्ता भी बताई.  

'हमास के हमले के बाद इजरायल का दर्द महसूस कर सकता हूं'

प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद का जिक्र करते हुए कहा कि हम ना तो मुंबई हमले को भूले पाए हैं और ना ही 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमास के हमले को. हमास के हमले के बाद इजरायल के दर्द को मैं महसूस कर सकता हूं. 

भारत इजरायल के साथ मजबूती से खड़ा हैः पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत इजरायल के साथ मजबूती से खड़ा है.  उन्होंने कहा कि कोई भी चीज आतंकवाद को जस्टिफाई नहीं कर सकती. भारत भी आतंकवाद का लंबे समय से पीड़ित रहा है. मुंबई हमलों को याद करते हुए कहा कि इस हमले में इजरायली नागरिक समेत बहुत से लोग मारे गए थे.  इसी के बाद हमने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है.

  

इजरायल की मान्यता और मेरे जन्मदिन का अनोखा नाताः पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान एक अनोखी बात भी बताई. उन्होंने बताया कि मेरा जन्म उसी दिन हुआ, जिस दिन भारत ने इजरायल को मान्यता दी थी.  ये तारीख है- 17 सितंबर, 1950. उन्होंने कहा कि इजरायली संसद नेसेट को भारतीय रंगों में रंगा गया है, ये हमारे बीच गहरे संबंधों का प्रतीक है. पिछली बार जब मैं आया था, तब ऐसा करने वाला भारत का पहला प्रधानमंत्री बना था. अब मैं दूसरी बार आया हूं. 

इजरायली संसद में आना मेरे लिए सम्मान की बातः पीएम मोदी

पीएम मोदी ने नमस्ते से शुरूआत करते हुए कहा कि यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मैं इस प्रतिष्ठित सदन में खड़ा हूं. भारत के प्रधानमंत्री के रूप में, दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यता के प्रतिनिधि के रूप में, मैं 1.4 अरब लोगों की शुभकामनाएं और संदेश लेकर यहां आया हूं.

मोदी-मोदी के नारों के बीच पीएम मोदी का संबोधन शुरू

इजरायली संसद को मोदी-मोदी के नारों के बीच पीएम मोदी ने अपना संबोधन शुरू किया. 

पीएम मोदी और मैंने कई चमत्कार किए हैं, बोले नेतन्याहू

इजरायली पीएम नेतन्याहू ने भूमध्यसागर के तट पर पीएम मोदी के साथ पिछली यात्रा को याद करते हुए कहा कि भारत और इजरायल ने मिलकर कई चमत्कार जरूर किए हैं. 

नेतन्याहू ने पीएम मोदी को बताया- एशिया का शेर

संसद को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने नरेंद्र मोदी को एशिया के शेर बताया और कहा कि भारत इजरायल का और इजरायल भारत का समर्थन करता है. दोनों देशों के हित समान हैं. भारत के सामने बहुत बड़ी चुनौतियां हैं, जिनका मोदी आसानी से समाधान कर लेते हैं.  नेतन्याहू ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने इजरायल के लिए अपनी जान दी है. इसे हम कभी नहीं भूलेंगे.  

नेतन्याहू ने कहा, मोदी का गले लगाना दुनिया में मशहूर

नेतन्याहू ने कहा कि पीएम मोदी के गले लगाने की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि 'मोदी हग' की वजह ने भारत और इजरायल के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है. नेतन्याहू ने कहा कि हम दोनों के बीच व्यक्तिगत दोस्ती है. दोनों देशों और हमारे लोगों के बीच भी शानदार दोस्ती रही है. आज सुबह मेरी पत्नी सारा और मैंने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. जैसे ही आप सीढ़ियों से नीचे आए, हमने एक-दूसरे को गले लगा लिया. प्रधानमंत्री मोदी का गले लगना कुछ खास है. इसे मोदी हग कहा जाता है. यह दुनिया भर में मशहूर है, और जब आप किसी को करीब से सच में गले लगाते हैं, तो आप जानते हैं कि यह कोई दिखावा नहीं है, यह असल है.

नेतन्याहू ने पीएम मोदी को बताया अपना भाई

नेतन्याहू ने पीएम मोदी के लिए कहा कि वह मेरे लिए मित्र से बढ़कर हैं, मेरे भाई की तरह हैं. 

नेतन्याहू ने पीएम मोदी को कहा- माई डियर फ्रेंड

इजरायली पीएम नेतन्याहू ने अपने संबोधन में पीएम मोदी को माई डियर फ्रेंड कहकर संबोधित किया.  उन्होंने पीएम को ग्रेट लीडर कहकर संबोधित किया.

पीएम मोदी को इजरायली संसद में मिला स्टैंडिंग ओवेशन

इजरायली संसद में पीएम मोदी का सभी ने खड़े होकर स्वागत किया. मोदी-मोदी के नारों के बीच जय हिंद भी गूंजा. 

मोदी-मोदी के नारों के बीच इजरायली संसद में गूंजा- जय हिंद

इजरायल की संसद में मोदी-मोदी के नारों के बीच प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया. इजरायली स्पीकर ने कहा कि पीएम मोदी लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने डिजिटल इनोवेशन की नींव रखी और लाखों लोगों की जिंदगी की नई दिशा. जय हिंद और भारत जिंदाबाद के नारों के बीच कहा कि पीएम मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं, जो इजरायली संसद नेसेट को संबोधन करने वाले हैं. 

तेल अवीव के होटल में प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत

पीएम मोदी का तेल अवीव के होटल पहुंचने पर रंगारंग स्वागत किया गया. इजरायली और भारतवंशी कलाकारों ने देसी अंदाज में नृत्य-संगीत से समां बांध दिया. भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने उनका जोरदार स्वागत किया. 

पीएम मोदी की नेतन्याहू संग अहम बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

इजरायल पहुंचे पीएम मोदी के एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद उनकी प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बैठक हुई. इसकी जानकारी देते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ मेरी बेहद शानदार बैठक हुई. इस दौरान मैंने उनके द्वारा किए गए भव्य स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया. 9 वर्षों के बाद फिर से इजरायल आना वाकई सुखद है. इस मुलाकात के दौरान हमने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के मकसद से कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की. खासतौर से टेक्नोलोजी, जल प्रबंधन, कृषि और टैलेंट पार्टनरशिप जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग की अपार संभावनाएं हैं. हमने प्रमुख क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया.

पीएम मोदी के दौरे को लेकर प्रवासियों में जबरदस्त उत्साह

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर यरुशलम में भारतीय प्रवासी समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. प्रवासियों ने इसे भारत और इजरायल के रिश्तों के लिए एक खास और ऐतिहासिक क्षण बताया. एक प्रवासी भारतीय ने कहा कि पीएम मोदी की यह यात्रा न सिर्फ इजरायल में रहने वाले भारतीयों के लिए बल्कि भारत के अरबों लोगों के लिए भी अहम है. उन्हें पूरी उम्मीद है कि इससे दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती मिलेगी. 12 वर्षों से इजरायल में रह रहे एक अन्य प्रवासी ने कहा कि 2017 में जब पीएम मोदी इजरायल आए थे, तब उन्हें संसद में उनसे मिलने का अवसर मिला था. इस बार भी वह काफी उत्साहित हैं। 

विदेश मंत्रालय ने इजरायल को बताया महत्वपूर्ण सहयोगी

पीएम मोदी के इजरायल पहुंचने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इजरायल को भारत का महत्वपूर्ण पार्टनर बताया. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक और तकनीकी क्षेत्रों में बेहद महत्वपूर्ण साझेदारी है, जिसमें विज्ञान, नवाचार, रक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में गहरा सहयोग शामिल है. यह द्विपक्षीय संबंध आपसी भरोसे, साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की  टेक्नोलोजी के क्षेत्र में बढ़ती एकरूपता पर टिके हैं.

पीएम मोदी के स्वागत के लिए लगी लंबी कतारें

यरुशलम में पीएम मोदी के स्वागत के लिए भारतीय मूल के लोगों में बहुत उत्साह नजर आ रहा है. लोग लाइन लगाकर किंग डेविड होटल के बाहर खड़े हैं और उनका इंतजार कर रहे हैं. पीएम मोदी इसी होटल में ठहरने वाले हैं. 

इजरायल में कदम रखते ही PM मोदी का नेतन्याहू ने किया गर्मजोशी से स्वागत, देखें तस्वीरें

इजरायल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल पहुंच गए हैं. करीब नौ साल के बाद पीएम मोदी की यह दो दिनी यात्रा हो रही है. 2017 की ऐतिहासिक यात्रा के बाद यह उनकी दूसरी यात्रा है और उनके तीसरे कार्यकाल की पहली इजरायल यात्रा है. ये यात्रा कई मायनों में अहम है. दोनों देश रणनीतिक साझेदारी की बात कर रहे हैं. इस बार प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा को केवल एक द्विपक्षीय कार्यक्रम के रूप में नहीं देखा जा सकता, बल्कि यह भारत-इजरायल संबंधों की उस लंबी ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा है जो वैचारिक दूरी से रणनीतिक साझेदारी तक पहुंची है. 

PM Modi Israel Visit LIVE: आयरन डोम का प्रस्ताव

इजरायल ने भारत को आयरन डोम एयर डिफेंस सिस्टम की तकनीक ट्रांसफर करने का बड़ा प्रस्ताव दिया है. मिसाइल रक्षा प्रणाली आयरन डोम एक मोबाइल एयर डिफेंस सिस्टम है. इसे इजरायल की कंपनी राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम और इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने मिलकर बनाया है. यह कम दूरी के रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन को रोकने के लिए बनाया गया है ताकि आबादी वाले इलाकों को बचाया जा सके. यह सिस्टम रडार की मदद से दुश्मन की पहचान करता है. खतरा सही पाए जाने पर यह तमीर इंटरसेप्टर मिसाइल दागता है और हमले को हवा में ही नष्ट कर देता है. आयरन डोम की एक बैटरी में एक रडार, एक कंट्रोल सेंटर और एक लॉन्चर होता है. एक लॉन्चर में कम से कम 20 तमीर इंटरसेप्टर मिसाइलें होती हैं.

PM Modi Israel Visit LIVE: हेरोन ड्रोन खरीदने की योजना

 रिपोर्ट के मुताबिक, भारत इजरायल से अतिरिक्त मात्रा में हेरोन एमके-2 मीडिम एल्टीट्यूड लॉन्ग एन्ड्यूरेंस ड्रोन खरीदने की योजना बना रहा है. एयरफोर्स टेक्नॉलॉजी डॉट कॉम के मुताबिक़ ये ड्रोन हवा में एक बार में लगातार 45 घंटे तक उड़ान भर सकता है. ये करीब 470 किलोग्राम का भार ढो सकता है. ये करीब 35 हज़ार फीट की ऊंचाई तक पहुंच सकता है ये सभी तरह के मौसम में उड़ान भरने में सक्षम है.

PM Modi Israel Visit LIVE: पीएम मोदी दौरे में कई रक्षा समझौते

पीएम मोदी के इस दौरे में भारत और इजरायल के बीच एक बड़े सुरक्षा समझौते का नया MoU साइन हो सकते हैं. संवेदनशील टेक्नोलॉजी शेयरिंग और संयुक्त उत्पादन पर जोर दिया जा सकता है. इससे भारत की सैन्य ताकत कई गुना बढ़ जाएगी. फोर्ब्स इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल 2026 में भारत के साथ $8.6 बिलियन के हथियारों के सौदे पर सहमत हो गया है, जिससे वह फ्रांस के बाद भारत का सबसे बड़ा हथियार आपूर्तिकर्ता बन जाएगा. इन सौदों में SPICE 1000 प्रिसिजन गाइडेड बम, रैम्पेज एयर-टू-सरफेस मिसाइल (250 km रेंज), एयर लोरा एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइल और आइसब्रेकर मिसाइल सिस्टम (300km रेंज) शामिल हैं।

PM Modi Israel Visit LIVE: होलोकॉस्ट मेमोरियल का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री

PM मोदी 26 फरवरी को इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से मुलाकात करेंगे. होलोकॉस्ट मेमोरियल 'याद वाशेम' (Yad Vashem) का दौरा करेंगे.  भारत-इजरायल प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता (Delegation-level talks) और कई अहम रक्षा और तकनीकी समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे. भारत और इजरायल 'मिशन सुदर्शन' (एयर डिफेंस सिस्टम) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं.

PM Modi Israel Visit LIVE: पीएम मोदी का 9 साल में दूसरा इजरायल दौरा

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर पीएम मोदी दो दिनी दौरे पर इजराइल पहुंचेंगे. मध्य एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की आशंकाओं के बीच पीएम मोदी का ये दौरान सामरिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पिछले नौ साल में यह प्रधानमंत्री मोदी की इजराइल की दूसरी राजकीय यात्रा होगी। पिछली बार पीएम मोदी ने 04-06 जुलाई, 2017 को इजराइल की यात्रा की थी.  

PM Modi Israel Visit LIVE: इजरायली मीडिया में छाए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा को लेकर दोनों देशों के बीच रिश्तों की गर्मजोशी साफ झलक रही है. इजरायल के अखबारों में पीएम मोदी की तस्वीर के साथ दोनों देशों के मजबूत संबंधों का बखान किया गया है. 


पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
PM Modi Israel Visit LIVE Updates, PM Modi Israel Visit, Benjamin Netanyahu, India Israel History, PM Modi Israel Visit LIVE
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com