बेंगलुरु साइबर क्राइम पुलिस ने तीन इंस्टाग्राम अकाउंट्स होल्डर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. इन पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए अश्लील और अपमानजनक वीडियो पोस्ट किए और साथ ही अभद्र टिप्पणियां भी कीं.
शिकायत के मुताबिक, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के लीगल सेल के एक मेंबर को 25 जुलाई को इंस्टाग्राम पर यह वीडियो मिला. 'ground.reality_india' नाम के अकाउंट से 16 जुलाई को अपलोड किए गए इस वीडियो में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ-साथ अश्लील, यौन रूप से भद्दी और अपमानजनक बातें कही गई थीं, जिनका मकसद उनकी छवि खराब करना था.
राहुल गांधी की इमेज खराब करने का आरोप
बेंगलुरु में दर्ज की गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि 'विपक्ष की पार्टी इतनी खामोश क्यों है' कैप्शन वाले वीडियो का मकसद कांग्रेस नेता का अपमान करना और उनकी छवि खराब करना था.
इसमें यह भी कहा गया कि कई यूजर्स ने वीडियो के नीचे अभद्र और अश्लील कमेंट्स किए. शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुछ कमेंट्स में यौन रूप से भद्दी बातें, अपमानजनक भाषा और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली बातें थीं. आरोप है कि उसी पोस्ट पर कई यूजर्स ने इसी तरह के भड़काऊ कमेंट्स किए थे.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी से घायल पुलिस वालों पर पूछा सवाल, जवाब मिला- BJP से हो क्या?
शिकायतकर्ता ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए वीडियो अपलोड करने वाले शख्स और आपत्तिजनक कमेंट करने वाले यूजर्स, दोनों की पहचान करने की मांग की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं