दिल्ली से सटे फरीदाबाद में धर्म छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने और फिर बंधक बनाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है. युवती का आरोप है कि युवक ने खुद को वीर बताकर उससे संबंध बनाए और शादी की. शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची, तो पता चला कि उसका असली नाम आरिफ है. इतना ही नहीं, वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है. युवती ने बताया कि इस मामले में पहले पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है. लड़की का आरोप है कि ससुराल छोड़ने के बाद भी आरिफ उसके घर आता रहा और डरा-धमकाकर जबरन संबंध बनाता रहा. इस दौरान उसका दो बार अबॉर्शन भी कराया गया.
युवती का आरोप है कि 18 जून को आरिफ उसकी कार लेकर चला गया. जब वह अपनी कार वापस लेने पहुंची, तो उसके साथ मारपीट की गई. इसके बाद उसने आदर्श नगर थाने में शिकायत दी. मामले में आदर्श नगर थाना के सब-इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत मिली है. पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ऐसे लड़की को प्रेमजाल में फंसाया
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अब व्हीकल इंश्योरेंस का काम करती है. उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां गांव में रहती है. साल 2018 में वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थी. उसी दौरान उसकी मुलाकात स्कूल के पास स्थित कॉलोनी में रहने वाले एक युवक से हुई. युवक ने अपना नाम वीर बताया था. युवती का आरोप है कि करीब एक साल की जान-पहचान के दौरान युवक ने कभी अपना असली नाम नहीं बताया. साल 2019 में युवक उसे दिल्ली की साकेत कोर्ट ले गया, जहां वकील के माध्यम से शादी कर ली. इसके बाद वह उसे अपने घर ले गया. वहां पहुंचने पर पता चला कि उसका नाम वीर नहीं, बल्कि आरिफ है. साथ ही वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है.
बंधकर बनाकर रखा, जबरन संबंधन बनाए
युवती ने आरोप लगाया कि आरिफ ने उसे घर में जबरन बंधक बनाकर रखा और उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए. वह करीब चार साल तक आरिफ के साथ रही, लेकिन साल 2022 में उससे अलग हो गई. इसके बाद साल 2023 में उसने आरिफ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया, जिसकी सुनवाई फिलहाल कोर्ट में चल रही है.
पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज कराया केस
युवती के अनुसार, आरिफ के घर से निकलने के बाद उसने साल 2023 में बल्लभगढ़ महिला थाने में शिकायत दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर शादी की और जबरन संबंध बनाए. इस पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था. फिलहाल यह मामला कोर्ट में है और अगली सुनवाई 10 अगस्त को है.
ये भी पढ़ें :- फरीदाबाद में फ्रूटी पीने से बिगड़ी युवक की तबीयत, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
जमानत पर आने के बाद फिर जबरन बनाए संबंध
युवती का कहना है कि उक्त मामले में आरिफ जेल गया था. करीब आठ महीने बाद जमानत पर रिहा होने के बाद वह फिर उसके घर आने लगा. विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देता था. उसने आरोप लगाया कि इस दौरान आरिफ ने जबरन संबंध बनाए और गर्भवती होने पर दो बार दवा देकर उसका गर्भपात भी करवा दिया. युवती ने शिकायत में बताया कि 18 जून को वह अपने घर पर मौजूद थी. इसी दौरान वह ड्राइविंग सीखने के लिए किसी परिचित की स्विफ्ट कार घर लेकर आई थी. आरोप है कि तभी आरिफ उसके घर पहुंचा और जबरन कार लेकर चला गया. जब वह कार वापस लेने के लिए आरिफ के घर पहुंची, तो वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की. आरिफ के साथ उसके भाई इमरान और फरहान खान ने भी उसके साथ मारपीट की. किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रही. बाद में वह कार छोड़कर भाग गया.
ये भी पढ़ें :- फरीदाबाद में IB सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, उद्योगपतियों को गैंगस्टरों से दिलवाई धमकी; रंगदारी सिंडिकेट पर एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं