विज्ञापन

NDA सम्मेलन में अमित शाह-राजनाथ सिंह ने की PM मोदी की तारीफ, 12 साल के कार्यकाल को बताया 'ऐतिहासिक'

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल ने लोकतांत्रिक स्वीकृति का नया रिकॉर्ड स्थापित किया है. उन्होंने बताया कि आज की ‘परफॉर्मेंस आधारित राजनीति’ में जनता का लगातार समर्थन मोदी के नेतृत्व की मजबूती को दर्शाता है.

NDA सम्मेलन में अमित शाह-राजनाथ सिंह ने की PM मोदी की तारीफ, 12 साल के कार्यकाल को बताया 'ऐतिहासिक'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल के 12 साल पूरे हो गए हैं. इसी के साथ पीएम मोदी ने सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड भी बना लिया है. इस अवसर पर बुधवार को दिल्ली में एनडीए की बैठक बुलाई गई. भारत मंडपम में आयोजित बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने PM मोदी के कार्यकाल की तारीफ की है.

NDA सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने PM मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मोदी जी ने 62 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए लोकतांत्रिक स्वीकृति का नया मानक स्थापित किया है. उन्होंने कहा कि पहले आजादी के शुरुआती वर्षों में कांग्रेस को बिना प्रतिस्पर्धा के जनसमर्थन मिला था. लेकिन आज के ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस' के दौर में जनता का बार-बार आशीर्वाद मिलना मोदी जी के नेतृत्व की स्वीकार्यता को दर्शाता है.

'लंबे समय से चले आ रहे हीनभावना को खत्म किया'

उन्होंने कहा कि स्थिरता, निरंतरता और निर्णायक नेतृत्व प्रधानमंत्री की पहचान बन चुके हैं. 2047 तक ‘विकसित भारत' का लक्ष्य देकर उन्होंने देश के आत्मविश्वास को नई दिशा दी है और लंबे समय से चले आ रहे हीनभावना को खत्म किया है. शाह ने यह भी कहा कि मोदी के नेतृत्व में जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की जगह कामकाज आधारित राजनीति को बढ़ावा मिला है. एनडीए को उन्होंने गरीबों और देशहित के लिए काम करने वाले संवेदनशील नेताओं के समूह के रूप में स्थापित किया है.

उनका यह योगदान अतुलनीय है : अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में कई नैतिक मानदंड स्थापित किए हैं और देश को हर वैश्विक चुनौती के बीच विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है. उन्होंने कनेक्टिविटी, वैश्विक सम्मान, व्यापार समझौतों, स्टार्टअप और युवा व महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुई प्रगति को भी मोदी के नेतृत्व का परिणाम बताया. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, लगातार कड़ी मेहनत और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान अतुलनीय है.

हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की नीति स्पष्ट है कि देश न तो किसी के सामने झुकेगा और न ही बेवजह आक्रामक रुख अपनाएगा, बल्कि बराबरी के साथ आंख मिलाकर संवाद करेगा. उन्होंने दो टूक कहा कि भारत किसी को उकसाएगा नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ा भी नहीं जाएगा. राजनाथ सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ने लाल किले से देश की सुरक्षा के लिए ‘सुदर्शन चक्र' की तैनाती का जिक्र किया था, जिस पर तेजी से काम जारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोदी सरकार में देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा और हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें : 'ये वाला चाहिए...', बंगाल के CM शुभेंदु ने PM मोदी को खिलाई झालमुड़ी- Video

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com