विज्ञापन

12 साल पूरे... PM मोदी ने उपलब्धियां ही नहीं गिनाईं, आगे का रोडमैप भी बता दिया

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बुधवार को एनडीए की बैठक हुई. इस बैठक में पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, साथ ही आगे का रोडमैप भी बताया.

12 साल पूरे... PM मोदी ने उपलब्धियां ही नहीं गिनाईं, आगे का रोडमैप भी बता दिया
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 के लक्ष्य को देखते हुए स्पीड बढ़ानी होगी.
IANS
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं. उनकी सरकार को 12 साल भी पूरे हो गए हैं. इस मौके पर बुधवार को एनडीए नेताओं की बैठक हुई. इस बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दल से बड़ा देश है. उन्होंने कहा कि जब नेशन फर्स्ट की भावना से काम होता है तो कोई भी निर्णय कठिन नहीं होता. 

उन्होंने कहा कि 'ऐसे फैसले, जिन्हें पहले असंभव समझा जाता था, हमने बहुत ही सधे हुए तरीके से उन फैसलों को भी लिया. पहले सरकारें 370 के बारे में बात करने से डरती थी, हमने उसे खत्म करके पूरे देश में एक संविधान लागू किया. पहले नॉर्थ ईस्ट से बम-बंदूक और रॉकेट जाने का नाम नहीं लेते थे, हमने नॉर्थ ईस्ट में शांति भी लौटाई और स्थिरता भी. पहले भारत आतंकवाद के दर्द चुपचाप सहता रहता था, हमने आतंकवादियों पर सर्जिकल स्ट्राइक की, एयरस्ट्राइक की, ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत का सामर्थ्य देखा.'

उन्होंने कहा कि 'पहले मान लिया गया था कि नक्सलवाद-माओवाद कभी खत्म नहीं हो सकते. हमने देश को इस जहर से मुक्त करके दिखाया है. महिलाओं को आरक्षण, तीन तलाक के खिलाफ कानून, सीएए, भारतीय न्याय संहिता, सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन... एनडीए सरकार राष्ट्रहित में काम करने से पीछे नहीं रही. मैं देश को आस्वस्त करूंगा देशहित के बड़े फैसलों का सिलसिला और भी तेज होगा, तेज गति से आगे बढ़ेगा.'

अब हमें क्या करना है? PM मोदी ने बताया

एनडीए नेताओं से पीएम मोदी ने कहा कि 'बीते 12 साल में देश ने जो कुछ हासिल किया, वो दुनिया देख रही है. लेकिन अब हमें अपनी दृष्टिआगे की ओर रखनी है. हमें 2047 के लक्ष्य को देखते हुए उस लक्ष्य को पूरा करने के लिए अपनी स्पीड को और बढ़ानी होगी.'

उन्होंने कहा, 'हमारा बेंचमार्क अब ये होना चाहिए कि 12 सालों में स्केल और स्पीड रही है, उसको हम और अधिक बड़ा और व्यापक कैसे बना सकें. आज ग्लोबल ग्रोथ में भारत की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है. इसलिए भारत को अब ग्लोबल पैरामीटर्स, ग्लोबल कंपीटिशन और ग्लोबल परस्पेक्टिव देखना है. दुनिया भारत से सॉल्यूशन चाहती है, दुनिया वैश्विक सप्लाई चेन का भरोसेमंद पार्टनर देख रही है और हमें इस पर खरे उतरकर दिखाना है.'

'यही समय है, सही समय है'

पीएम मोदी ने कहा, 'हमें समय गंवाना नहीं है. यही समय है. सही समय है. हमें फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी में खुद को श्रेष्ठ रखना है. हमें दुनिया जैसा नहीं करना, हमें दुनिया से एक कदम आगे रहना है. जैसे एनर्जी सिक्योरिटी है. बीते 12 साल में हमने ऊर्जा में आत्मनिर्भरता में काम किया. मैंने लाल किले से समुद्र मंथन मिशन की घोषणा की थी. बीते दिनों में ऑयल और गैस के एक्सप्लोरेशन को लेकर काफी पॉजिटिव खबरें आ रही हैं. यानी आने वाला समय अनेक संभावनाओं से भरा हुआ है. और हमें हर संभावना का पूरा फायदा उठाना है.'

उन्होंने कहा कि 'अब हमें 500 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी के टारगेट को जल्द से जल्द पूरा करना है. सोलर एनर्जी को लेकर काम तेजी से चल रहा है. लेकिन अब हमें न्यूक्लियर एनर्जी के लक्ष्यों को भी तेजी से हासिल करना है. हमने इस दुनिया को दिखाया है कि भारत फास्ट ब्रीडर रिएक्टर टेक्नोलॉजी में कितना आगे पहुंच गया है. ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया के मामले में भारत बहुत तेजी से काम कर रहा है. भारत को ग्लोबल ग्रीन एनर्जी में सबसे प्रमुख बना पाएगी.'

यह भी पढ़ेंः 'हिंदू ग्रोथ रेट' का नाम असल में 'कांग्रेस ग्रोथ रेट' होना चाहिए था... NDA मीटिंग में बोले PM मोदी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, PM Modi Speech, Pm Modi 12 Years, NDA Meeting, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com