यह ख़बर 21 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

ठंड एवं कोहरे के साए में उत्तर भारत

खास बातें

  • दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब एवं हरियाणा में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू एवं तापमान लगातार शून्य से नीचे चल रहा है।
नई दिल्ली:

न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होने के बावजूद उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब एवं हरियाणा में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू एवं तापमान लगातार शून्य से नीचे चल रहा है।

दिल्ली में शनिवार सुबह करीब एक हफ्ते तक चले घने कोहरे के दौर के बाद आसमान साफ रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम होने के बावजूद धूप निकलने से लोगों को राहत मिली।

शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस था। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने बताया कि राजधानी में ठंडी हवाओं का दौर फिलहाल जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में लगातार दूसरे दिन शनिवार को तेज धूप खिलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। मौसम
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं का असर कुछ कम हुआ है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित ज्यादतर इलाकों में सर्द हवाओं का दौर जारी है लेकिन तेज धूप निकलने से दिन के समय उनका असर उतना नहीं महसूस हो रहा है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह लखनऊ का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो सामान्य से दो डिग्री कम था।

कश्मीर घाटी व लद्दाख क्षेत्र में शनिवार को सर्द हवाओं का असर बढ़ गया है। मौसम कार्यालय ने अगले सप्ताह और हिमपात होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

स्थानीय मौसम कार्यालय के निदेशक सोनम लोटस ने यहां बताया, "घाटी व लद्दाख क्षेत्र में रात को आकाश साफ रहने से सर्द हवाएं तेज हो गई हैं। लेह में शनिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान शून्य से 21.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। करगिल में शून्य से 21 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे व पहलगाम में शून्य से 16.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"

लोटस ने बताया कि 23 से 26 जनवरी के बीच घाटी में और हिमपात होने की सम्भावना है।

हिमाचल प्रदेश के अधिकतर भागों में शनिवार को भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने एक बयान में बताया कि शिमला को छोड़कर समूचे राज्य में पारे में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान कहीं भी बड़े स्तर पर हिमपात या बारिश नहीं हुई है।

बादल छाए रहने के कारण शिमला के रात के तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज गई। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य 1.2 डिग्री सेल्सियस था और 2.4 सेमी हिमपात भी नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया, "इन दिनों का शिमला का अधिकतम तापमान औसतन चार से पांच डिग्री के मध्य है।"

लाहौल एवं स्पीति का केलांग कस्बा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। रात में यहां का तापमान शून्य से 14.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

पंजाब एवं हरियाणा न्यूनतम तापमान बढ़ने के बावजूद कोहरे की चादर से लिपटा रहे, जिसकी वजह से यातायात प्रभावित रहा।
उत्तराखण्ड में ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल के मुक्तेश्वर में शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राजस्थान में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। माउंट आबू राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का रात में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस था।